पंजाब विस का विशेष सत्र: कांग्रेस विधायक को सुरक्षा कर्मियों ने सदन से बाहर निकाला
नोमान संतोष
- 30 Dec 2026, 10:59 PM
- Updated: 10:59 PM
चंडीगढ़, 30 दिसंबर (भाषा) वीबी-जी राम जी अधिनियम का विरोध करने के लिए मंगलवार को बुलाए गए पंजाब विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र में उस समय काफी नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला जब कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा को मुख्यमंत्री भगवंत मान के भाषण में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए सुरक्षाकर्मियों से सदन से बाहर निकलवा दिया गया।
इस सत्र में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा और मान के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली, जब मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता द्वारा उनसे यह पूछे जाने पर आपत्ति जताई कि "आप कौन हैं?"
आम आदमी पार्टी सरकार ने संसद के हाल में समाप्त हुए संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान पारित ‘विकसित भारत-रोजगार गारंटी एवं आजीविका मिशन-ग्रामीण’ (वीबी-जी राम जी) अधिनियम का विरोध करने के लिए एक विशेष सत्र बुलाया था। यह कानून संप्रग सरकार के महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) का स्थान लेना।
वीबी-जी राम जी अधिनियम के विरुद्ध लाए गए प्रस्ताव पर चर्चा हुई।
जब मुख्यमंत्री ने बोलना शुरू किया, तो कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा अपनी सीट से उठे और आसन के सामने जाकर अध्यक्ष से चर्चा में भाग लेने की अनुमति देने की मांग करने लगे।
अपने भाषण में बाधा आने पर, मान ने अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवान से सदन में व्यवस्था बनाए रखने का अनुरोध किया।
अध्यक्ष ने खैरा को याद दिलाया कि वह सत्र के दौरान सदन में बोलने वाले पहले व्यक्ति थे और कहा कि यह जरूरी नहीं है कि हर मुद्दे पर केवल एक ही व्यक्ति बोले।
खैरा का विरोध जारी रहने पर, मान ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, "उनकी पार्टी उन्हें बोलने का समय नहीं देती।"
इसी बीच, कुछ और कांग्रेसी विधायक आसन के सामने आकर खैरा का साथ देने लगे और इस बात पर जोर देने लगे कि उन्हें भी चर्चा में भाग लेने की अनुमति दी जाए।
बार बार की चेतावनी पर खैरा ने ध्यान नहीं दिया तो अध्यक्ष ने सुरक्षा कर्मचारियों को कांग्रेस विधायक को सदन से बाहर ले जाने का निर्देश दिया।
खैरा पर जमकर हमला बोलते हुए मान ने कहा कि वह "सत्ता के भूखे" हैं जो लोगों का ध्यान आकर्षित करने के लिए उत्सुक है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस विधायकों द्वारा हंगामा करने की आलोचना करते हुए उनसे सदन छोड़ने या चुपचाप बैठने को कहा।
इस पर विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने पलटवार करते हुए कहा, "आप कौन हैं?"
मान से बाजवा से पूछा "आप मुझसे पूछ रहे हैं कि मैं कौन हूं? क्या आपको 2022 के विधानसभा चुनावों में यह पता नहीं चला?"
भाषा नोमान