ओडिशा के भद्रक में बच्ची की बलात्कार के बाद हत्या, भीड़ ने आरोपी का मकान ध्वस्त किया
जोहेब पारुल
- 24 Dec 2025, 11:06 PM
- Updated: 11:06 PM
भुवनेश्वर/भद्रक, 24 दिसंबर (भाषा) ओडिशा के भद्रक जिले में 10 वर्षीय बच्ची से कथित रूप से बलात्कार कर उसकी हत्या किए जाने का मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
भद्रक के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनोज कुमार राउत ने बताया कि इस मामले में जगतसिंहपुर जिले से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पीड़िता के परिजनों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की और अधिकारियों को कानून के अनुसार मामले की उचित जांच सुनिश्चित करने तथा आरोपियों को “कठोरतम सजा” दिलाने का निर्देश दिया।
राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इसने सभ्य समाज को अंदर तक झकझोर कर रख दिया है।
घटना के विरोध में विपक्षी पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) और कांग्रेस ने बुधवार सुबह छह बजे से अलग-अलग रूप से छह घंटे के लिए चांदबाली ब्लॉक बंद का आह्वान किया।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि घटना का खुलासा उस वक्त हुआ, जब मंगलवार शाम को चांदबाली थाना क्षेत्र के बालिगांव में झाड़ियों के पास कुछ लोगों को नाबालिग का खून से लथपथ शव मिला।
पीड़िता मंगलवार सुबह स्कूल गई थी, लेकिन दोपहर में घर नहीं लौटी। इसके बाद उसके परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। गुमशुदगी का मामला दर्ज होने के कुछ घंटों बाद ही स्थानीय लोगों को उसका शव मिला।
चांदबाली से बीजद विधायक व्योमकेश राय ने घटना की निंदा की। गुस्साए स्थानीय लोगों ने चांदबाली क्षेत्र में विरोध-प्रदर्शन किया, जबकि बीजद कार्यकर्ताओं ने भुवनेश्वर में मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास के बाहर नारेबाजी की।
विपक्षी दल ने भाजपा सरकार पर राज्य में महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ यौन उत्पीड़न की घटनाओं पर लगाम लगाने में विफल रहने का आरोप लगाया।
घटना की खबर फैलते ही मंगलवार रात स्थानीय निवासी सड़कों पर उतर आए। बुधवार सुबह विरोध-प्रदर्शन और तेज हो गया, जब प्रदर्शनकारियों ने चांदबाली में कम से कम तीन स्थानों पर सड़कें जाम कर दीं। उन्होंने स्थानीय पुलिस थाने का भी घेराव किया।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान होने के बाद गुस्साए लोग रामपाली गांव में उसके घर पहुंचे और उसे ध्वस्त कर दिया।
एसपी ने कहा, “पुलिस ने घटना के 24 घंटे के अंदर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।”
उन्होंने बताया कि वह खुद इस मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
एसपी ने कहा कि इलाके में बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। उन्होंने लोगों से कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भद्रक जिले के चांदबाली में हुई घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और दिवंगत आत्मा की शाश्वत शांति के लिए प्रार्थना की है।”
पोस्ट में कहा गया है, “माननीय मुख्यमंत्री ने घटना की उचित जांच और कानून के अनुसार दोषियों को सबसे कठोर सजा दिलाने का निर्देश दिया है। साथ ही पीड़िता के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 10 लाख रुपये की सहायता की घोषणा की है।”
उपमुख्यमंत्री और महिला एवं बाल विकास मंत्री प्रावती परिदा ने कहा कि सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा, “चांदबाली मामले में शामिल आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है। सरकार ऐसे जघन्य अपराधों को रोकने के लिए काम कर रही है। सामाजिक जागरूकता भी जरूरी है।”
कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध से जुड़े मामलों में पुलिस को कड़ी कार्रवाई के लिए पूरी छूट दी गई है।
उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार में ऐसे मामलों में आरोपियों को 48 से 72 घंटे के अंदर गिरफ्तार किया जाता है। कोई भी आरोपी गिरफ्तारी से बच नहीं पाता। हमें पूरा विश्वास है कि चांदबाली मामले में भी पुलिस न्याय करेगी।”
पूर्वी रेंज के डीआईजी पिनाक मिश्रा ने कहा कि चिकित्सकों की एक टीम पोस्टमार्टम कर रही है और एक वैज्ञानिक टीम सबूत एकत्र कर रही है।
उन्होंने कहा, “हम इस मामले को उसके तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाएंगे।”
बीजद प्रमुख नवीन पटनायक ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “यह बेहद घृणित कृत्य है। इसने सभ्य समाज को झकझोर कर रख दिया है। ओडिशा में इस तरह के अपराधों की बढ़ती घटनाएं और सरकार की पूर्ण निष्क्रियता ने सभी को सदमे और खौफ में डाल दिया है।”
उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और मजबूत कानून-व्यवस्था के लिए पहचाने जाने वाले ओडिशा की अब पूरी दुनिया में छवि खराब हो रही है।
पटनायक ने कहा, “राज्य में महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और भाजपा सरकार की उदासीनता सभी को हैरान कर रही है। सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने में सरकार क्यों देर कर रही है? सरकार कब जागेगी? ओडिशा की माताएं और बहनें सुरक्षा चाहती हैं, न कि ‘डबल इंजन’ सरकार के झूठे वादों की खोखली आतिशबाजी।”
उन्होंने कहा कि स्थिति और बिगड़ने से पहले सरकार को सक्रिय रूप से आगे आकर सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करना चाहिए।
इस बीच, कांग्रेस की ओडिशा इकाई के नेताओं ने संवाददाता सम्मेलन में महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर भाजपा सरकार की कड़ी आलोचना की और सत्तारूढ़ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल से चांदबली घटना पर बयान देने की मांग की।
मनमोहन सामल 2024 के विधानसभा चुनाव में चांदबली सीट से भाजपा के उम्मीदवार थे।
बच्ची के परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और आरोप लगाया कि उससे बलात्कार किया गया तथा उसकी हत्या की गई।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि अतिक्रमित भूमि पर सड़क किनारे बनी दुकानों में शराब और अन्य नशीले पदार्थ बेचे जा रहे हैं, जिससे इलाके में अपराध बढ़ रहे हैं।
एसपी ने कहा कि पुलिस ने क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
तहसीलदार भावतोष मलिक ने बताया कि अतिक्रमित जमीन पर बनी अनधिकृत दुकानों को हटाया जा रहा है।
भाषा जोहेब