मैं पांच साल का अपना कार्यकाल पूरा करूंगा : सिद्धरमैया
तान्या रंजन
- 19 Dec 2025, 06:00 PM
- Updated: 06:00 PM
बेलगावी, 19 दिसंबर (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने शुक्रवार को दोहराया कि वह पांच साल का अपना कार्यकाल पूरा करते हुये पद पर बने रहेंगे और इसके साथ ही कांग्रेस आला कमान के समर्थन पर विश्वास जताया ।
उत्तर कर्नाटक के विकास से जुड़े मुद्दों पर विधानसभा में चर्चा के दौरान सिद्धरमैया ने कहा कि उन्होंने कभी यह नहीं कहा कि वह केवल ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री के पद पर हैं।
विपक्षी भाजपा विधायकों के इस सवाल के जवाब में कि क्या उनके कार्यकाल के दौरान उत्तरी कर्नाटक के लिए सरकार द्वारा किए गए वादे पूरे होंगे, उन्होंने कहा, "मुझे विश्वास है कि (कांग्रेस) आला कमान मुझे पांच साल का कार्यकाल पूरा करने देगी।"
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि आला कमान मेरे साथ है, मैं आला कमान के फैसले का पालन करूंगा।"
भारतीय जनता पार्टी के वी सुनील कुमार ने उनके भविष्य पर सवाल उठाया, तो मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं मुख्यमंत्री हूं। अगर आला कमान फैसला करता है, तो मैं भविष्य में भी मुख्यमंत्री रहूंगा।”
जब विपक्षी सदस्यों ने सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार के बीच बारी-बारी से मुख्यमंत्री पद संभालने के "सत्ता-साझेदारी’’ पर सवाल उठाया, तो उन्होंने कहा, "मैंने कभी नहीं कहा कि मैं ढाई साल तक के लिये मुख्यमंत्री रहूंगा।"
सुनील कुमार ने कहा, "हम चाहते हैं कि आप उत्तर कर्नाटक क्षेत्र के लिए किए गए सभी वादे पूरे करें। आपको यह स्पष्ट करना होगा कि क्या आप भविष्य में भी मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे।"
इस पर सिद्धरमैया ने जवाब दिया, "मैं भविष्य में भी मुख्यमंत्री बना रहूंगा।" उन्होंने भाजपा के नेताओं को यह भी याद दिलाया कि उनके दिग्गज नेता बी एस येदियुरप्पा ने पूरे कार्यकाल का वादा किया था, लेकिन उन्हें पद छोड़ना पड़ा।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “हमारे पास कोई निर्देशक नहीं है। हम निर्माता, निर्देशक और अभिनेता हैं, जबकि आपके पास एक निर्देशक है।”
सिद्धरमैया के ये बयान राज्य में मुख्यमंत्री परिवर्तन की अटकलों के बीच आए हैं, क्योंकि कांग्रेस सरकार ने 20 नवंबर को अपने पांच वर्षीय कार्यकाल का आधा समय पूरा कर लिया है। यह बातचीत पार्टी के भीतर स्थिरता का माहौल बनाने और अपनी स्थिति मजबूत करने के सिद्धरमैया के प्रयासों को उजागर करती है।
भाषा तान्या