ऑस्ट्रेलिया के बॉन्डी बीच पर गोलीबारी के संदिग्ध ने 2022 में सिडनी से भारतीय पासपोर्ट का नवीनीकरण कराया था
पारुल देवेंद्र
- 17 Dec 2025, 10:55 PM
- Updated: 10:55 PM
हैदराबाद, 17 दिसंबर (भाषा) ऑस्ट्रेलिया के बॉन्डी बीच पर पिछले सप्ताहांत हुई गोलीबारी में शामिल संदिग्धों में से एक साजिद अकरम मूल रूप से तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद का रहने वाला था और उसने 2022 में सिडनी से अपने भारतीय पासपोर्ट का नवीनीकरण कराया था। तेलंगाना के खुफिया विभाग के सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
साजिद (50) बॉन्डी बीच पर पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान मारा गया था।
सूत्रों के मुताबिक, साजिद यूरोपीय मूल की अपनी पत्नी को 2001 में निकाह के लिए हैदराबाद लेकर आया था। उन्होंने बताया कि वह बाद में अपने बेटे नवीद को लेकर हैदराबाद आया था, ताकि उसे अपने माता-पिता से मिलवा सके।
नवीद (24) बॉन्डी बीच पर गोलीबारी में शामिल दूसरा संदिग्ध है। वह घटनास्थल पर पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, हैदराबाद ने दो बार हैदराबाद की यात्रा की थी, पहली बार 2004 में और फिर 2016 में।
सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “साजिद 1998 में ऑस्ट्रेलिया चला गया था और उसका हैदराबाद में रहने वाले अपने परिवार से सीमित संपर्क था।”
उन्होंने बताया, “साजिद के पास एक भारतीय पासपोर्ट था, जिसका उसने 2022 में सिडनी से नवीनीकरण कराया था।”
सूत्रों के मुताबिक, साजिद ने ऑस्ट्रेलियाई नागरिकता के लिए आवेदन कर रखा था, लेकिन उस पर फैसला किसी न किसी कारण से टलता जा रहा था।
उन्होंने बताया, “साजिद शुरू से ही ऑस्ट्रेलियाई नागरिकता हासिल करके वहां बसना चाहता था। लेकिन किसी कारणवश नागरिकता संबंधी उसके आवेदन को मंजूरी नहीं मिल पा रही थी।”
तेलंगाना पुलिस ने कहा कि साजिद ऑस्ट्रेलिया जाने के बाद 2001 से 2022 के बीच छह मौकों पर भारत आया था, मुख्यत: पारिवारिक कारणों से, जिनमें संपत्ति संबंधी मामले और बुजुर्ग माता-पिता से मुलाकात शामिल है, लेकिन बताया जाता है कि वह अपने पिता की मौत के समय भारत नहीं आया था।
सूत्रों ने बताया, “साजिद ने ऑस्ट्रेलिया में यूरोपीय मूल की एक महिला से शादी कर ली थी। वह 2001 में अपनी पत्नी को माता-पिता से मिलवाने के लिए हैदराबाद लेकर आया था और शहर में दोनों का निकाह हुआ था।”
उन्होंने कहा कि हैदराबाद में रहने वाले साजिद के रिश्तेदारों और परिवार के सदस्यों ने पूछताछ के दौरान तेलंगाना पुलिस और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के जांचकर्ताओं के साथ सहयोग किया और उन्हें साजिद की हैदराबाद यात्राओं के बारे में बताया।
सूत्रों के अनुसार, “साजिद के परिजनों और रिश्तेदारों ने बताया कि वह उसके कृत्यों के बारे में सुनकर स्तब्ध हैं और उनका इससे कोई लेना-देना नहीं है।”
सिडनी के बॉन्डी बीच पर पिछले सप्ताहांत यहूदी पर्व हनुक्का का जश्न मना रही भीड़ पर हुई गोलीबारी में 15 लोग मारे गए थे।
ऑस्ट्रेलिया की संघीय पुलिस आयुक्त क्रिसी बैरेट ने मंगलवार को कहा कि यह गोलीबारी “इस्लामिक स्टेट से प्रेरित एक आतंकवादी हमला” थी।
ऑस्ट्रेलियाई प्राधिकारियों के मुताबिक, गोलीबारी की घटना को अंजाम देने का संदेह एक पिता-पुत्र पर है, जिनकी उम्र क्रमशः 50 साल और 24 साल है।
उन्होंने बताया कि पिता-पुत्र की पहचान साजिद अकरम और नवीद अकरम के रूप में हुई है।
प्राधिकारियों के अनुसार, साजिद घटनास्थल पर पुलिस की कार्रवाई में मारा गया था, जबकि नवीद गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
भाषा पारुल