नडाल इटैलियन ओपन में हुर्काज से हारे, फ्रेंच ओपन में खेलने पर संशय
आनन्द नमिता
- 11 May 2024, 08:48 PM
- Updated: 08:48 PM
रोम, 11 मई (एपी) दिग्गज राफेल नडाल अपने आखिरी फ्रेंच ओपन में खेलने से पंद्रह दिन पहले अपने टेनिस के स्तर से इतने असंतुष्ट हैं कि वह अब रोलां गैरां में चुनौती पेश करने के बारे में गंभीरता से विचार कर रहे है।
नडाल पहले ही संकेत दे चुके हैं कि यह टूर पर उनका अंतिम सत्र होगा।
नडाल कूल्हे की सर्जरी के बाद खेलों में वापसी कर रहे है। इस 37 साल के खिलाड़ी को शनिवार को इटैलियन ओपन के तीसरे दौर में नौवीं रैंकिंग के हुबर्ट हुर्काज से 1-6, 3-6 की करारी शिकस्त मिली।
बाईस बार के ग्रैंडस्लैम चैम्पियन नडाल डेढ़ साल में पहली बार शीर्ष 10 के खिलाड़ी के सामने थे लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
अब हुर्काजा का सामना 25वीं वरीय टॉमस एचेवेरी से होगा जिन्होंने थियागो सेबोथ को 6-3, 7-5 से मात दी।
कूल्हे की चोट के कारण नडाल 2023 में लगभग पूरे सत्र से बाहर रहे थे और अब भी फिटनेस हासिल करने में जुटे हैं।
अगर नडाल फ्रेंच ओपन में अंतिम बार प्रतिस्पर्धी होना चाहते हैं तो उन्हें 26 मई से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट से पहले कोर्ट पर कड़ा अभ्यास करना होगा।
रोलां गैरां में रिकॉर्ड 14 बार चैम्पियन बनने वाले नडाल ने कहा, ‘‘ मेरे लिए यह हर तरह से कठिन दिन था क्योंकि मैंने जैसा प्रदर्शन किया उससे कहीं अधिक तैयार महसूस कर रहा था। मैं आज थोड़ा अधिक अप्रत्याशित हूं, पिछले दो वर्षों से खेलने का पर्याप्त मौका नहीं मिला। बहुत सारे संदेह हैं।’’
नडाल ने 2022 एटीपी फाइनल्स में चौथे नंबर को कैस्पर रूड को हराने के बाद शीर्ष 10 के खिलाड़ी का सामना नहीं किया है।
नडाल के लिए क्ले कोर्ट पर यह पिछले 21 साल की सबसे करारी शिकस्त है।
नडाल ने कहा कि उनके पास पेरिस के लिए दो विकल्प हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘ एक विकल्प यह है कि मैं यह मान लूं कि खेलने के लिए तैयार नहीं हूं । मैं अच्छा नहीं खेल पा रहा हूं। सरा यह है कि मैं आज जैसा हूं उसे स्वीकार कर अगले दो सप्ताह में एक अलग तरीके तैयारी करूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ अभी मेरे दिमाग में कोई स्पष्ठ निर्णय नहीं है लेकिन मेरा मन रोलां गैरां जा कर सर्वश्रेष्ठ प्रयास करने का है।’’
वहीं शीर्ष रैंकिंग के खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने कहा कि वह शुक्रवार को प्रशसंक की पानी की बोतल सिर पर लगने के बाद ठीक हैं। टूर्नामेंट में शुरूआती जीत के बाद ऑटोग्राफ देते हुए प्रशंसक की पानी की बोतल उनके सिर पर गिर गयी थी।
दूसरी रैंकिंग के यानिक सिनर और तीसरी रैंकिंग के कार्लोस अल्काराज दोनों ने चोटों के कारण टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया था।
महिलाओं के वर्ग में शीर्ष रैंकिंग की खिलाड़ी इगा स्वियातेक ने यूलिया पुतिनतसेवा को 6-3, 6-4 से हराकर लगातार आठवीं जीत दर्ज की।
पाउला बडोसा ने डायना श्नाइडर पर 5-7, 6-4, 6-4 से जीत दर्ज कर चौथे दौर में प्रवेश किया।
एपी
आनन्द