लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के बाद चिंतित हैं प्रधानमंत्री : कांग्रेस अध्यक्ष
नेत्रपाल रंजन
- 10 May 2024, 06:44 PM
- Updated: 06:44 PM
हैदराबाद, 10 मई (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लोकसभा चुनाव के तीन चरणों के चुनाव संपन्न हो जाने के बाद चिंतित हैं और इसीलिए वे गैर-चुनावी मुद्दों पर बात कर रहे हैं तथा कांग्रेस को गालियां दे रहे हैं।
खरगे ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भाजपा नेता "विकास" पर वोट मांगने के बजाय उनके (कांग्रेस) नेताओं के भाषणों को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे हैं और राहुल गांधी को 'शहजादा' कहते घूम रहे हैं।
खरगे ने कहा, ‘‘तीन चरण के मतदान के बाद मोदी और शाह चिंतित हो गए हैं। उन्होंने अपने घोषणापत्र के बारे में बात करना बंद कर दिया है और केवल कांग्रेस को गाली दे रहे हैं।’’
प्रधानमंत्री की उस टिप्पणी का जिक्र करते हुए कि कांग्रेस ने चुनाव की घोषणा के बाद 'अडानी-अंबानी' के बारे में बात करना बंद कर दिया है, खरगे ने कहा, ‘‘(अगर) पैसा टेम्पो में जा रहा है, तो आप बस देख रहे हैं । पैसा किसके घर से जा रहा है, आपकी सीबीआई कहां है, आपका आयकर विभाग कहां है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यदि आप जानते हैं, तो क्या आप सो रहे हैं। अडानी-अंबानी, जहां पैसा जा रहा है, उनका घर जब्त करो। ईडी, आईटी का प्रयोग करें। ऐसे बचकाने तरीके से बोलना किसी प्रधानमंत्री को शोभा नहीं देता।’’
खरगे ने कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को ‘एम’ अक्षर से शुरू होने वाले शब्दों- मंगलसूत्र, मटन और मुगलों से बहुत प्यार है।
उन्होंने कहा कि ने प्रधानमंत्री का कहना है कि कांग्रेस लोगों की संपत्ति छीन लेगी और उसका एक हिस्सा मुसलमानों को दे देगी। खरगे ने कहा कि लोगों को भड़काने के लिए इस तरह से बोलना ठीक नहीं है।
खरगे ने एक बार फिर मोदी को ‘‘झूठों का सरदार’’ कहा।
सैम पित्रोदा और मणि शंकर अय्यर की टिप्पणियों के बारे में पूछे जाने पर खरगे ने कहा कि पित्रोदा ने अपना पार्टी पद छोड़ दिया है और इसे स्वीकार कर लिया गया है।
मणिशंकर अय्यर की इस कथित टिप्पणी कि पाकिस्तान एक सम्मानित राष्ट्र है और भारत को पड़ोसी देश के साथ बातचीत करनी चाहिए, खरगे ने कहा कि भारत पाकिस्तान से 100 गुना अधिक ताकतवर है।
उन्होंने कहा कि वह इंदिरा गांधी ही थीं जिन्होंने बांग्लादेश को मुक्त कराया था और पोखरण में पहला परमाणु परीक्षण भी उन्हीं के नेतृत्व में किया गया था।
यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस हरियाणा में अविश्वास प्रस्ताव लाने के बारे में सोच रही है, उन्होंने कहा कि निर्दलीय विधायकों ने (भाजपा) सरकार से समर्थन वापस ले लिया है और पार्टी ने कार्रवाई का फैसला अपने विधायकों पर छोड़ दिया है।
अपने दामाद पर लगे 800 करोड़ रुपये के घोटाले के आरोप पर कांग्रेस प्रमुख ने कहा, ‘‘ठीक है...जेल में डाल दो, फांसी (दे) दो।’’
खरगे ने कहा कि तेलंगाना में कांग्रेस सरकार ने अब तक छह में से पांच गारंटी पूरी कर ली हैं और शेष एक मौजूदा आदर्श आचार संहिता के कारण लंबित है।
भाषा नेत्रपाल