भाजपा का इरादा संविधान बदलने, आरक्षण खत्म करने का है : कांग्रेस
रवि कांत संतोष
- 07 May 2024, 10:47 PM
- Updated: 10:47 PM
नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) कांग्रेस ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वास्तविक मंशा संविधान को बदलना तथा आरक्षण खत्म करना है, यही कारण है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी पार्टी के नेता लोकसभा चुनाव में जनता से उन्हें '400 से अधिक' सीट जिताने के लिए कह रहे हैं।
कांग्रेस पार्टी ने प्रधानमंत्री की इस टिप्पणी को लेकर भी उन पर निशाना साधा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो उच्चतम न्यायालय के राम मंदिर से संबंधित फैसले को पलट दिया जाएगा।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, ‘‘ घबराए हुए प्रधानमंत्री ने आज कहा कि अगर कांग्रेस सरकार बनी तो राम मंदिर पर उच्चतम न्यायालय का फैसला पलट दिया जाएगा। वह यह भूल गये कि कांग्रेस अपनी बात पर अड़ी रही कि यदि यह विवाद आपसी सुलह से नहीं सुलझा तो न्यायालय का फैसला अंतिम होगा। भाजपा हर तीन-चार साल में अपना रुख बदलती रही। ’’
खेड़ा ने यह भी दावा किया कि भाजपा विपक्षी और निर्दलीय नेताओं को चुनाव लड़ने के खिलाफ धमकी दे रही है जैसा कि सूरत और इंदौर में देखा गया था।
कांग्रेस नेता ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्वाचन क्षेत्र गांधीनगर में भी जिन उम्मीदवारों के जीतने की दूर-दूर तक संभावना नहीं है, उन्हें अपना नामांकन वापस लेने की धमकियां मिल रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि अनंत कुमार हेगड़े, ज्योति मिर्धा, दीया कुमारी और अरुण गोविल समेत भाजपा के कई नेताओं ने कहा है कि वे संविधान बदलना चाहते हैं। खेड़ा ने कहा कि कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर दीया कुमारी का एक वीडियो भी साझा किया है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यही कारण है कि वे 400 से अधिक सीट चाहते हैं... जब किसी को सरकार बनाने के लिए केवल 272 सीट की आवश्यकता होती है, तो प्रधानमंत्री 400 से अधिक सीट क्यों मांग रहे हैं। जिसे 400 पार का भरोसा है, वह प्रत्याशियों को डरा-धमका कर चुनाव नहीं लड़ने दे रहा है। इसीलिए हम कह रहे हैं कि संविधान खतरे में है।’’
खेड़ा ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन के नेताओं को एक पत्र लिखा है क्योंकि लोकसभा चुनाव के दो चरणों के मतदान के आंकड़े काफी देर से आए और उसमें कुछ 'विसंगतियां ' देखी गईं।
उन्होंने कहा, ‘‘तीसरे चरण से पहले आपने वो भी देखा। प्रधानमंत्री मोदी का साक्षात्कार लिया जा रहा था, जिसमें उनसे कोई सवाल नहीं पूछा गया। उन्हें महान बताने की कोशिश की जा रही है। पत्रकारों की ये हालत देखकर बहुत दुख होता है।’’
खेड़ा ने कहा कि लोग कांग्रेस नेता राहुल गांधी की बातों पर भरोसा कर रहे हैं और उन्होंने यह भरोसा अपनी 'भारत जोड़ो यात्रा' और 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के कारण अर्जित किया है।
भाषा रवि कांत