रुपया एक पैसे की बढ़त के साथ 83.51 प्रति डॉलर पर
राजेश राजेश अजय
- 07 May 2024, 09:25 PM
- Updated: 09:25 PM
मुंबई, सात मई (भाषा) अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने के बीच अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में मंगलवार को डॉलर के मुकाबले रुपया मात्र एक पैसे की तेजी के साथ 83.51 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि घरेलू शेयर बाजारों में नकारात्मक रुख और विदेशी पूंजी की भारी निकासी के कारण रुपये पर दबाव रहा।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.48 प्रति डॉलर पर खुला। दिन में यह 83.47 के उच्चस्तर और 83.52 प्रति डॉलर के निचले स्तर को छूने के बाद कारोबार के अंत में 83.51 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। यह पिछले बंद भाव से महज एक पैसे की बढ़त है।
रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सात पैसे की गिरावट के साथ 83.52 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
शेयरखान बाय बीएनपी परिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि कमजोर घरेलू बाजारों और सकारात्मक डॉलर के कारण भारतीय रुपया लगभग स्थिर रहा। एफआईआई की निकासी ने भी रुपये पर दबाव डाला।
हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में नरम रुख ने गिरावट को कम किया। रिजर्व बैंक ऑफ ऑस्ट्रेलिया (आरबीए) द्वारा उम्मीद से कम आक्रामक रुख अपनाये जाने के बीच ऑस्ट्रेलियाई डॉलर के कमजोर होने के बाद कमजोर एशियाई मुद्राओं के कारण अमेरिकी डॉलर में तेजी आई।
चौधरी ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि कमजोर घरेलू बाजारों और पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव के बीच सकारात्मक डॉलर के कारण रुपया थोड़ा नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और सकारात्मक यूरोपीय और एशियाई बाजारों से रुपये को निचले स्तरों पर समर्थन मिल सकता है। भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा किसी भी तरह के हस्तक्षेप से रुपये को समर्थन मिल सकता है।’’
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को परखने वाला डॉलर सूचकांक 0.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ 105.02 पर रहा।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.94 प्रतिशत घटकर 82.55 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 383.69 अंक की गिरावट के साथ 73,511.85 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने मंगलवार को शुद्ध रूप से 3,668.84 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भाषा राजेश राजेश