सेंसेक्स स्थिर, निफ्टी में मामूली गिरावट
रमण अजय
- 06 May 2024, 05:54 PM
- Updated: 05:54 PM
मुंबई, छह मई (भाषा) स्थानीय शेयर बाजारों में सोमवार को सीमित दायरे में कारोबार हुआ और बीएसई सेंसेक्स लगभग स्थिर रुख के साथ बंद हुआ। ऊंचे मूल्यांकन को लेकर चिंता के बीच निवेशकों की सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाली कंपनियों के शेयरों में बिकवाली से बाजार एक दायरे में रहा।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 17.39 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 73,895.54 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 74,359.69 अंक तक गया जबकि नीचे में 73,786.29 अंक तक आया।
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 33.15 अंक यानी 0.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,442.70 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में कोटक महिंद्रा बैंक पांच प्रतिशत चढ़ गया। बैंक का लाभ मार्च तिमाही में 25 प्रतिशत बढ़कर 5,302 करोड़ रुपये रहने की सूचना के बाद इसका शेयर चढ़ा।
इसके अलावा टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, हिंदुस्तान यूनिलीवर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, सन फार्मा, टेक महिंद्रा और इंडसइंड बैंक में भी प्रमुख रूप से बढ़त रही।
दूसरी तरफ टाइटन सात प्रतिशत लुढ़क गया। कंपनी का मार्च तिमाही का वित्तीय परिणाम निवेशकों को उत्साहित करने में विफल रहा।
भारतीय स्टेट बैंक, एनटीपीसी, पावर ग्रिड, बजाज फाइनेंस और लार्सन एंड टुब्रो के शेयर भी नुकसान में रहे।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि घरेलू सूचकांक सीमित दायरे में रहे।
उन्होंने कहा, ‘‘ऊंचे मूल्यांकन और मुनाफावसूली से अधिक शेयरों का प्रतिनिधित्व करने वाले सूचकांकों (लार्जकैप, स्मॉलकैप और मिडकैप सूचकांक) में भी बिकवाली दबाव देखने को मिला।’’
कोटक सिक्योरिटीज में इक्विटी शोध प्रमुख श्रीकांत चौहान ने कहा, ‘‘आज मानक सूचकांकों में नरमी का रुख रहा। निफ्टी 33 अंक के नुकसान में रहा, जबकि सेंसेक्स में 17 अंक की मामूली बढ़त रही।’’
अधिक शेयरों का प्रतिनिधित्व करने वाले बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 1.06 प्रतिशत नुकसान में रहा। मिडकैप 0.95 प्रतिशत नीचे आया।
प्रोग्रेसिव शेयर्स के निदेशक आदित्य गग्गर ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में गिरावट से सूचकांक नीचे रहा। मझोली और छोटी कंपनियों के शेयरों में गिरावट से बाजार धारणा और प्रभावित हुई। हालांकि, दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली चुनिंदा कंपनियों, आईटी तथा औषधि कंपनियों ने बाजार को समर्थन दिया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.80 प्रतिशत की बढ़त के साथ 83.62 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 2,391.98 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
एशिया के अन्य बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग सकारात्मक दायरे में रहे। जापान और दक्षिण कोरिया के बाजारों में अवकाश था।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी का रुख रहा। अमेरिकी बाजार वॉल स्ट्रीट शुक्रवार को बढ़त में रहा था।
जाने-माने निवेशक वॉरेन बफे ने कहा है कि भारतीय बाजार में व्यापक संभावनाएं हैं, जिन्हें उनके समूह की होल्डिंग कंपनी बर्कशायर हैथवे भविष्य में तलाशना चाहेगी।
बफे की यह टिप्पणी शुक्रवार को बर्कशायर की वार्षिक बैठक के दौरान आई। भारतीय शेयरों में निवेश करने वाले अमेरिका स्थित हेज फंड दूरदर्शी एडवाइजर्स के राजीव अग्रवाल ने उनसे दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था भारत में बर्कशायर की संभावनाओं के बारे में पूछा था।
बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 732.96 अंक के नुकसान में रहा था और एनएसई निफ्टी 172.35 अंक टूटा था।
भाषा रमण