पैटन ने 2028 के विधानसभा चुनावों में नगालैंड में भाजपा सरकार बनाने का आह्वान किया
खारी नरेश
- 05 Sep 2025, 07:12 PM
- Updated: 07:12 PM
दीमापुर (नगालैंड), पांच सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता वाई. पैटन ने शुक्रवार को कहा कि 2028 के चुनावों में भाजपा को नगालैंड की सभी 60 विधानसभा सीट पर अपने उम्मीदवार उतारने चाहिए और राज्य में अपनी सरकार बनानी चाहिए।
दीमापुर में भाजपा की नगालैंड इकाई की कार्यकारिणी की बैठक और संगठनात्मक कार्यशाला को संबोधित करते हुए, उपमुख्यमंत्री पैटन ने पार्टी के विधायकों और कार्यकर्ताओं से राज्य में पार्टी की सरकार बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में पूरी निष्ठा से काम करने का आह्वान किया।
भाजपा विधायक दल के नेता पैटन ने कहा, “हम नगालैंड में भाजपा की सरकार देखना चाहते हैं।”
सत्तारूढ़ ‘नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी’ (एनडीपीपी) के साथ मौजूदा सीट बंटवारे का जिक्र करते हुए उन्होंने सवाल किया, “हम कब तक दूसरों के साथ सीट साझा करते रहेंगे?”
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से बड़े लक्ष्य के साथ काम करने का आह्वान किया।
भाजपा ने 2018 और 2023 के विधानसभा चुनावों में सत्तारूढ़ एनडीपीपी के साथ सहमति के तहत केवल 20 सीट पर चुनाव लड़ा था।
पैटन ने सवाल किया कि पार्टी को खुद को सीमित क्यों रखना चाहिए?
उन्होंने कहा, “क्या कहीं लिखा है कि भाजपा 20 से अधिक सीट पर चुनाव नहीं लड़ सकती या 12 से अधिक सीट नहीं जीत सकती?”
उन्होंने जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को सशक्त बनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा, “कार्यकर्ताओं की बदौलत ही हम आज यहां हैं।”
पैटन ने निर्वाचित सदस्यों से कहा कि वे सिर्फ अपने निर्वाचन क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि पूरे नगालैंड की सभी 60 सीट पर काम करें। उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत और पहुंच सबके साथ मिलकर काम करने पर निर्भर करेगी।
एकजुटता का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार बनाने के साझा लक्ष्य को हासिल करने के लिए आंतरिक कलह को छोड़ना होगा।
भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष बेंजामिन येप्थोमी ने अपने भाषण में कहा, “हमारी सबसे बड़ी संपत्ति हमारे कार्यकर्ता हैं – वे आम पुरुष और महिलाएं जो पार्टी और राष्ट्र के लिए दिन-रात काम करते हैं।”
येप्थोमी ने कहा, “जब हम अपने संकल्पों, रणनीतियों और संगठनात्मक योजनाओं पर चर्चा करते हैं, तो हमें सभी मतभेदों से ऊपर उठकर एक ही उद्देश्य के साथ काम करना चाहिए।”
भाषा खारी