भाजपा ने बिहार में राहुल की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा के प्रयोग का आरोप लगाया
गोला पवनेश
- 28 Aug 2025, 03:40 PM
- Updated: 03:40 PM
नयी दिल्ली/पटना, 28 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि बिहार में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई में ‘‘वोटर अधिकार यात्रा’’ अपमान, घृणा और स्तरहीनता की सारी हदें पार कर चुकी है और उसने दावा किया कि इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की स्वर्गीय माताजी के लिए बेहद अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया।
भाजपा ने ‘एक्स’ पर अपने हैंडल से इस घटना का वीडियो पोस्ट नहीं किया, लेकिन कुछ हैंडल द्वारा ऑनलाइन साझा की गयी क्लिप में कुछ अज्ञात लोगों को यात्रा के दौरान मंच से मोदी के लिए हिंदी में अपशब्द का इस्तेमाल करते हुए दिखाया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो कथित तौर पर दरभंगा जिले का है, जहां से बुधवार सुबह यात्रा शुरू हुई थी, जब राहुल गांधी, उनकी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाद्रा और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव मोटरसाइकिल पर मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हुए थे।
‘पीटीआई-भाषा’ इस वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता।
स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए मार्ग में कई मंच बनाए गए थे, जो इस वर्ष के अंत में प्रस्तावित विधानसभा चुनावों से पहले ‘इंडिया’ गठबंधन के पक्ष में जनता की भावनाओं को संगठित करने का प्रयास कर रहे थे।
भाजपा ने कहा, ‘‘तेजस्वी यादव और राहुल ने अपने मंच से इतनी गंदी भाषा का प्रयोग कराया है कि उसे सार्वजनिक मंच पर दोहराना भी संभव नहीं...राजनीति में ऐसी नीचता पहले कभी नहीं देखी गयी। यह यात्रा अपमान, घृणा और स्तरहीनता की सारी हदें पार कर चुकी है।’’
सत्तारूढ़ पार्टी ने दावा किया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की स्वर्गीय माताजी के खिलाफ बेहद अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
उसने दावा किया कि प्रधानमंत्री की मां के लिए ऐसी अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना विपक्ष की हताशा को दिखाता है। उसने कहा कि तेजस्वी और राहुल ने पहले बिहार के लोगों का अपमान करने वाले तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी जैसे नेताओं को अपनी यात्रा में बुलाया।
भाजपा ने कहा कि यह ऐसी गलती है कि राहुल और तेजस्वी अगर हजार बार कान पकड़कर उठक-बैठक करके भी माफी मांगें, तब भी बिहार की जनता उन्हें माफ नहीं करेगी।
भाजपा की दरभंगा जिला इकाई के प्रमुख आदित्य नारायण झा 'मन्ना' ने कहा, ‘‘हम इस अपमान को बर्दाश्त नहीं करेंगे। हमने राहुल और तेजस्वी के पुतले जलाए हैं और पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग करेंगे।’’
कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने नाम न उजागर करने की शर्त पर कहा, ‘‘हम यह नहीं बता सकते कि वीडियो में किन लोगों की आवाज है। इस यात्रा में कम से कम छह पार्टियों के कार्यकर्ता हिस्सा ले रहे हैं।’’
बिहार में महागठबंधन के नाम से मशहूर ‘इंडिया’ गठबंधन में तीन वामपंथी दल और राज्य के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी शामिल है।
भाषा गोला