गुना में बाढ़ प्रभावित किसानों को उचित बीमा दावे मिलने चाहिए: सिंधिया
सं दिमो नोमान
- 24 Aug 2025, 06:52 PM
- Updated: 06:52 PM
गुना (मध्यप्रदेश), 24 अगस्त (भाषा) केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को कहा कि उनके लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र गुना के किसानों से प्रीमियम प्राप्त करने वाली बीमा कंपनियों को बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान के दावों का निपटारा करना चाहिए।
सिंधिया ने कहा कि जिले के किसानों से प्रीमियम प्राप्त करने वाली बीमा कंपनियों को अब उनकी मदद के लिए आगे आना चाहिए क्योंकि अत्यधिक वर्षा के कारण उनकी फसलें नष्ट हो गई हैं।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, “हम यह सुनिश्चित करेंगे कि किसानों को इन कंपनियों से उनका उचित हक मिले। मैंने कलेक्टर से इन बीमा कंपनियों के साथ एक बैठक बुलाने को कहा है ताकि किसानों को बिना किसी देरी के राहत मिल सके।
सिंधिया ने शहर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का भी निरीक्षण किया और भारी बारिश से उत्पन्न स्थिति का जायजा लेने के लिए कई कॉलोनियों का दौरा किया।
सिंधिया ने कहा कि वह प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए पिछले तीन दिनों से अपने निर्वाचन क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। आसमान और नदियों, दोनों तरफ से पानी गांवों और शहरों में घुस आया है, जिससे गंभीर स्थिति पैदा हो गई है।
उन्होंने कहा कि अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
उनके अनुसार, गुना के लगभग सात हजार निवासियों को मुआवज़ा मिल गया है, हालांकि यह नुकसान की पूरी भरपाई नहीं कर सकता। उन्होंने बाढ़ के कारण जान गंवाने वाले चार लोगों के परिवारों से भी मुलाकात की।
केंद्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री, सिंधिया ने कहा कि भविष्य में बाढ़ को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे तथा नदियों और नालों पर से अतिक्रमण हटाया जाएगा और जलमार्गों की मूल चौड़ाई बहाल की जाएगी।
उन्होंने कहा, “मैंने प्रशासन से अपने अगले दौरे के दौरान एक स्वैच्छिक श्रमदान अभियान चलाने को कहा है, जिसमें मैं भी भाग लूंगा।”
मंत्री गुना जिले के दो दिवसीय दौरे पर हैं। शनिवार को, उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय में राष्ट्रीय बास्केटबॉल चैंपियनशिप के समापन समारोह में भाग लिया और विजेताओं को ट्रॉफी प्रदान की।
रविवार सुबह, सिंधिया ने सर्किट हाउस में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों से मुलाकात की, जहां उन्होंने लोगों की शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद, वह जिले के बमोरी क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने के लिए रवाना हुए।
भाषा सं दिमो