मैं नवीन पटनायक के महान मूल्यों का स्वाभाविक उत्तराधिकारी हूं : बीजद नेता पांडियन
अविनाश नेत्रपाल
- 02 May 2024, 07:53 PM
- Updated: 07:53 PM
(बरुण झा)
भुवनेश्वर, दो मई (भाषा) विरोधियों द्वारा 'बाहरी' कहे जाने से अप्रभावित बीजू जनता दल के नेता वी. के. पांडियन ने कहा है कि वह ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के सभी महान मूल्यों के "स्वाभाविक उत्तराधिकारी" हैं और अपने "गुरु" की मदद के लिए वह हरसंभव काम करेंगे।
पटनायक के सबसे करीबी सहयोगी माने जाने वाले पांडियन ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उसने मुख्यमंत्री द्वारा बार-बार अनुरोध किए जाने के बावजूद 'उड़िया अस्मिता' या राज्य की भाषा, कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए कुछ नहीं किया है।
यहां पटनायक के आवास पर ‘पीटीआई’ के साथ एक वीडियो साक्षात्कार में पांडियन (49) ने कहा, ‘‘मैं नवीन बाबू को अपना गुरु कहता हूं और मैं उनका शिष्य हूं।''
पांडियन ने कहा कि वह सिर्फ एक पैदल सैनिक हैं और बीजू जनता दल (बीजद) के कोई पदाधिकारी भी नहीं हैं, लेकिन वह पटनायक के बहुत बड़े प्रशंसक हैं।
भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के पूर्व अधिकारी ने पिछले साल पार्टी में शामिल होने के लिए नौकरी छोड़ दी थी। उससे पहले वह मुख्यमंत्री के निजी सचिव के रूप में काम कर रहे थे।
यह पूछे जाने पर कि उन्हें पटनायक (77) के स्वाभाविक उत्तराधिकारी के तौर पर देखा जा रहा है, पांडियन ने कहा, "मैं नवीन पटनायक के सभी महान मूल्यों का स्वाभाविक उत्तराधिकारी हूं, चाहे यह उनकी बेदाग ईमानदारी हो, ओडिशा के लोगों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हो, उनकी कड़ी मेहनत, समय की पाबंदी, ईमानदारी, हर चीज।”
ओडिशा में ‘बाहरी’ होने के भाजपा के आरोप पर पांडियन ने कहा, ‘‘भाजपा अपने राजनीतिक कारणों से मुझे बाहरी कहती है, ओडिशा के लोग ऐसा नहीं कहते हैं।’’
पांडियन का जन्म तमिलनाडु में हुआ और उन्होंने दिल्ली में पढ़ाई की तथा पंजाब कैडर के आईएएस अधिकारी के रूप में अपना करियर शुरू किया। बाद में एक उड़िया महिला से शादी करने के बाद वह ओडिशा कैडर में स्थानांतरित हो गए।
उन्होंने कहा, "मैंने 25 साल तक ओडिशा में काम किया है। ओडिशा के लोग मुझे अपनों में से एक के रूप में देखते हैं। अन्यथा वे इस चिलचिलाती धूप में इतनी बड़ी संख्या में बाहर क्यों आते, मेरे करीब आने की कोशिश क्यों करते।" उन्होंने अपनी रैलियों और सार्वजनिक बैठकों में जुटने वाली भारी भीड़ के संदर्भ में यह टिप्पणी की।
पांडियन रैली स्थल की स्थानीय बोली के साथ धाराप्रवाह उड़िया बोलते हैं और
हमेशा अपनी सार्वजनिक सभाओं की शुरुआत लोगों से बातचीत करते हुए करते हैं। वह लोगों के लिए अपने फोन पर सेल्फी लेते हैं, हाथ मिलाते हैं और उनकी शिकायतें एकत्र करते हैं।
वह अपना भाषण 'जय जग्गनाथ' के साथ शुरू और खत्म करते हैं। मंच पर जाने से पहले हमेशा अपनी चप्पल उतारने वाले पांडियन ने कहा, "मैं कोई सुपरस्टार या महान क्रिकेटर या किसी क्षेत्र का प्रसिद्ध व्यक्ति नहीं हूं। मैं सिर्फ एक कार्यकर्ता हूं, लेकिन इसके बाद भी लोगों से बहुत प्यार और स्नेह मिलता है।"
उन्होंने कहा, "इसका साफ अर्थ है कि कुछ जुड़ाव है और यह नवीन बाबू द्वारा किए गए महान कार्यों के कारण है। मैं सिर्फ उनकी टीम का हिस्सा हूं।"
हाल ही में लुंगी में दिख रहे मुख्यमंत्री पटनायक ने मतदान की अपील करते हुए एक वीडियो जारी किया था। उस वीडियो और भाजपा के हमलों पर पांडियन ने कहा, "मैं हमेशा निशाने पर रहता हूं। जब किसी पेड़ पर बहुत सारे फल होते हैं, तो हर कोई उस पर पत्थर फेंकने की कोशिश करता है क्योंकि कुछ गिरेगा...।’’
पांडियन ने कहा, "भाजपा को पता है कि नवीन पटनायक की लोगों पर जबरदस्त पकड़ है और मैं उनकी मदद करने की कोशिश कर रहा हूं, इसलिए वे मुझे शारीरिक, मानसिक, जिस भी तरीके से संभव हो, कमजोर करने के लिए हमेशा मुझ पर हमला करने की कोशिश करते हैं। लेकिन नवीन बाबू, उनके काम और लोगों के प्यार का संरक्षण इतना मजबूत है, मुझे कुछ नहीं होगा। ये सभी हमले मुझे एक इंच या एक डिग्री तक प्रभावित नहीं कर सकते। ये सभी हमले वास्तव में मुझे और ताकत देते हैं।"
भाषा अविनाश