बिकवाली दबाव में बाजार ने बढ़त गंवाई, निफ्टी रिकॉर्ड स्तर से फिसला
प्रेम रमण
- 30 Apr 2024, 06:01 PM
- Updated: 06:01 PM
मुंबई, 30 अप्रैल (भाषा) वैश्विक बाजारों में मिले-जुले रुख के बीच मंगलवार को सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और बिजली क्षेत्र के शेयरों में अंतिम दौर की बिकवाली होने से बाजार ने अपनी शुरुआती बढ़त गंवा दी और दोनों मानक सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए।
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स दो दिनों से तेजी का सिलसिला जारी नहीं रख पाया और 188.50 अंक यानी 0.25 प्रतिशत गिरकर 74,482.78 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 440.11 अंक उछलकर 75,111.39 अंक पर पहुंच गया था लेकिन कारोबार के अंतिम घंटे में बिकवाली के दबाव में आ गया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी भी 38.55 अंक यानी 0.17 प्रतिशत गिरकर 22,604.85 अंक पर बंद हुआ। दोपहर में निफ्टी 139.95 अंक की बढ़त के साथ 22,783.35 अंक के अपने रिकॉर्ड उच्चतम स्तर पर भी पहुंच गया था।
सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से टेक महिंद्रा, टाटा स्टील, जेएसडब्ल्यू स्टील, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, लार्सन एंड टुब्रो और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई।
इसके उलट महिंद्रा एंड महिंद्रा, पावर ग्रिड, बजाज फाइनेंस, इंडसइंड बैंक और मारुति में तेजी का रुख रहा।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के खुदरा शोध प्रमुख दीपक जसानी ने कहा, "निफ्टी ने पूरे दिन में हासिल बढ़त कारोबार के आखिरी घंटे में गंवा दी। बेहद उतार-चढ़ाव भरे सत्र में बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ।"
बीएसई मिडकैप सूचकांक 0.49 प्रतिशत चढ़ गया जबकि स्मालकैप सूचकांक में 0.10 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।
क्षेत्रवार सूचकांकों में प्रौद्योगिकी खंड में 0.98 प्रतिशत और आईटी खंड में 0.98 प्रतिशत की तेजी रही जबकि धातु खंड में 0.85 प्रतिशत की बढ़त रही।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक से पहले वैश्विक बाजारों में मिला-जुला रुख रहा। ऐसा लगता है कि बाजार ने पहले से ही निकट अवधि में ब्याज दर में कटौती की संभावना को कम मान लिया है। पिछले कुछ दिनों में आई तेजी के बाद मुनाफावसूली का जोर रहा।"
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट नुकसान में रहा।
यूरोप के अधिकांश बाजार गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.21 प्रतिशत चढ़कर 88.59 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को खरीदार बने रहे। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों ने 1,9071.93 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की खरीदारी की।
सेंसेक्स सोमवार को 941.12 अंक उछलकर 74,671.28 अंक पर पहुंच गया था जबकि निफ्टी 223.45 अंक बढ़कर 22,643.40 अंक पर बंद हुआ था।
बुधवार को महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर घरेलू शेयर बाजारों में कारोबार बंद रहेगा।
भाषा प्रेम
प्रेम