शाह के फर्जी वीडियो को लेकर भाजपा ने की आयोग में शिकायत, कांग्रेस के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
माधव अविनाश
- 29 Apr 2024, 09:56 PM
- Updated: 09:56 PM
नयी दिल्ली, 29 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को कांग्रेस के खिलाफ निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उसने चुनाव प्रक्रिया को पटरी से उतारने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का एक ‘बेहद फर्जी और विरूपित’ वीडियो प्रसारित किया। केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी ने कांग्रेस के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी मांग की।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया विभाग के प्रभारी अनिल बलूनी के नेतृत्व में भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के खिलाफ भी शिकायत की और आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी हिंसा को हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है।
भाजपा ने पश्चिम बंगाल में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग भी की।
आयोग के अधिकारियों से मुलाकात के बाद वैष्णव ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘कांग्रेस एक बेहद फर्जी और विरूपित वीडियो (अमित शाह के) के जरिए पूरी चुनाव प्रक्रिया को पटरी से उतारना चाहती है। हमने आज इसके खिलाफ निर्वाचन आयोग से शिकायत की। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक हैंडल से एक फर्जी वीडियो पोस्ट कर लोगों के बीच भ्रम पैदा करने की कोशिश की है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमने निर्वाचन आयोग से सख्त कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।’’
दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने रविवार को एक प्राथमिकी दर्ज की थी जब गृह मंत्रालय के अधीन आने वाले भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) ने शाह के छेड़छाड़ किए गए वीडियो के बारे में शिकायत दर्ज की थी। इस वीडियो में तेलंगाना में धार्मिक आधार पर मुसलमानों के लिए आरक्षण खत्म करने की प्रतिबद्धता का संकेत देने वाले उनके बयान को बदला गया था ताकि ऐसा लगे कि वह सभी आरक्षण खत्म करने की वकालत कर रहे थे।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के संबंध में दिल्ली पुलिस ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को एक मई को जांच में शामिल होने के लिए कहा है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने तेलंगाना कांग्रेस के प्रमुख रेड्डी सहित उसके पांच सदस्यों को नोटिस जारी किया है, जिन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर वीडियो पोस्ट किया था।
बलूनी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार आदर्श आचार संहिता और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का उल्लंघन कर रही है और बच्चों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर डालकर चुनाव प्रचार में उनका इस्तेमाल कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह उनके (कांग्रेस के) आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए किया जा रहा है। हमने आयोग से इसे रोकने और सख्त कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।’’
निर्वाचन आयोग को दिए ज्ञापन में भाजपा ने उल्लेख किया कि मौजूदा चुनावों में सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से बेहद फर्जी (डीप फेंक) और सूचनाओं के विकृत उपयोग में खतरनाक वृद्धि देखी गई है।
पार्टी ने इस क्रम में बालीवुड अभिनेताों रणवीर सिंह और आमिर खान सहित कुछ अन्य के वीडियो का उल्लेख करते हुए 'डीपफेक' के कुछ हालिया उदाहरण' पेश किए।
भाजपा ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के महासचिव लालजी वर्मा ने हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर बार-बार छेड़छाड़ की गई सामग्री पोस्ट की है।
उसने कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने भी भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ का एक 'छेड़छाड़' किया गया वीडियो पोस्ट किया है जिसमें उन्हें कुछ अपमानजनक टिप्पणी करते सुना जा सकता है।
भाजपा ने आयोग से 'एक्स', फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया मंचों को चुनावी प्रक्रिया से संबंधित बेहद फर्जी सामग्री का पता लगाने और तुरंत हटाने के लिए अपनी निगरानी तंत्र बढ़ाने का निर्देश देने का आग्रह किया।
पार्टी ने कहा, "सोशल मीडिया मंचों के लिए कड़े दिशा-निर्देश अनिवार्य है ताकि उन खातों को ब्लॉक किया जा सके जो गलत सूचना, हेरफेर की गई सामग्री और डीप फेक बनाने में संलग्न हैं।"
उसने कहा, "सोशल मीडिया मंचों को उन व्यक्तियों के खातों को ब्लॉक करने के लिए कहा जाना चाहिए जो बेहद फर्जी और नकली सामग्री पोस्ट करते हैं।"
इस मुद्दे पर आयोग को सौंपे एक अलग ज्ञापन में भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग की प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत मतदाताओं को गुमराह करने एवं अपनी पार्टी के दुष्प्रचार को आगे बढ़ाने की खातिर वीडियो बनाने और उन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के लिए जानबूझकर बच्चों का इस्तेमाल कर रही हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता द्वारा 'हैलो मोदी अंकल' शीर्षक वाले ताजा वीडियो का लिंक देते हुए भाजपा ने आरोप लगाया, ''यह पहली बार नहीं है कि कांग्रेस और सुप्रिया श्रीनेत ने आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया है और चुनाव प्रचार के दौरान राजनीतिक उद्देश्य के लिए मासूम बच्चों का इस्तेमाल किया है।"
भाजपा ने कांग्रेस पर आरोप लगाया, "वह इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उपहास उड़ाते हुए एक राजनीतिक बैनर लहरा रही निर्दोष नाबालिग लड़की की आपत्तिजनक तस्वीरों का इस्तेमाल कर चुकी हैं।"
पार्टी ने साथ ही निर्वाचन आयोग से आग्रह किया कि वह श्रीनेत द्वारा पोस्ट की गई आपत्तिजनक सामग्री को हटाने का आदेश दे और चुनाव खत्म होने तक उनके सोशल मीडिया हैंडल को निलंबित कर दे।
भाजपा ने मांग की, "आदर्श आचार संहिता और देश के अन्य लागू कानूनों के उल्लंघन के लिए सुप्रिया श्रीनेत और कांग्रेस के खिलाफ अनुकरणीय कार्रवाई की जाए....संबंधित प्रावधानों के तहत सुप्रिया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया जाए।"
भाषा ब्रजेन्द्र
माधव