अहमदाबाद विमान दुर्घटना : प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पीके मिश्रा ने दुर्घटनास्थल का दौरा किया
धीरज नरेश
- 15 Jun 2025, 10:09 PM
- Updated: 10:09 PM
अहमदाबाद, 15 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रधान सचिव पी के मिश्रा ने रविवार को अहमदाबाद में एअर इंडिया विमान दुर्घटना स्थल और सिविल अस्पताल का भी दौरा किया, जहां घायलों का इलाज चल रहा है।
यहां जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक मिश्रा ने यहां सर्किट हाउस में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की और केंद्र एवं राज्य सरकारों, विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जारी राहत, बचाव और जांच को लेकर चर्चा की।
लंदन जा रहे एअर इंडिया के विमान बोइंग 787-8 (एआई 171) में यात्रियों और चालक दल के सदस्यों सहित 242 लोग सवार थे, जिनमें से 241 की मौत हो गई। विमान में सवार लोगों में से केवल एक व्यक्ति ही दुर्घटना में बच पाया। घटना में मेडिकल कॉलेज के पांच छात्रों समेत 29 अन्य की भी मौत हो गई।
बृहस्पतिवार को अपराह्न 1:39 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान मेघाणी नगर में एक मेडिकल कॉलेज के परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
बयान के मुताबिक मिश्रा ने मेघाणी नगर स्थित बीजे मेडिकल कॉलेज के निकट दुर्घटना स्थल का जायजा लिया, जहां राज्य सरकार, विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें घटनाक्रम और तत्काल प्रतिक्रिया उपायों के बारे में जानकारी दी।
बयान में कहा गया है कि अहमदाबाद के सिविल अस्पताल के दौरे के दौरान मिश्रा ने शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात की, डीएनए नमूने के मिलान की प्रक्रिया का अवलोकन किया और अधिकारियों को निर्बाध और सहानुभूतिपूर्ण प्रक्रिया सुनिश्चित करने एवं पूर्ण सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया।
उन्होंने घायल पीड़ितों से भी बातचीत की तथा अस्पताल अधिकारियों को उनके चिकित्सा उपचार और स्वास्थ्य लाभ को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
मिश्रा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं इस त्रासदी की गंभीरता से बहुत दुखी हूं। हर कोई दुखी है। पीड़ितों के दुख को साझा करना और अपनी भावनाएं व्यक्त करना हमारा कर्तव्य है।’’
बयान के मुताबिक गांधीनगर स्थित फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) में उन्होंने डीएनए नमूना एकत्र कर उनकी जांच करने प्रयासों की समीक्षा की और वैज्ञानिक सटीकता बनाए रखते हुए शीघ्रता से पहचान पूरी करने की आवश्यकता को रेखांकित किया।
इसमें कहा गया है कि एएआईबी ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है, तथा चूंकि विमान अमेरिका में बना है, इसलिए अमेरिकी राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (एनटीएसबी) अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल के तहत समानांतर जांच कर रहा है।
बयान के मुताबिक अधिकारियों ने डॉ. मिश्रा को बताया कि फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (एफडीआर) और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (सीवीआर) का पता लगा लिया गया है और उन्हें सुरक्षित कर लिया गया है।
डॉ. मिश्रा ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने तथा सभी संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता दोहराई।
विज्ञप्ति के मुताबिक प्रधान सचिव के साथ प्रधानमंत्री कार्यालय के अधिकारी प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर और प्रधानमंत्री कार्यालय के उप सचिव मंगेश घिल्डियाल भी थे।
भाषा
धीरज