गौरव गोगोई के जीतने पर क्या मुख्यमंत्री हिमंत इस्तीफा देंगे: असम कांग्रेस प्रमुख भूपेन बोरा
संतोष सुभाष
- 21 Apr 2024, 08:34 PM
- Updated: 08:34 PM
गुवाहाटी, 21 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस की असम इकाई के प्रमुख भूपेन बोरा ने रविवार को मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा से पूछा कि क्या वह जोरहाट लोकसभा सीट से गौरव गोगोई के जीतने पर इस्तीफा देंगे।
शर्मा ने दावा किया है कि लोकसभा चुनाव के पहले चरण में राज्य की सभी पांच सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जीत दर्ज करेगी।
बोरा ने यहां संवाददाता सम्मेलन में, चुनावी सभाओं में शर्मा के नृत्य करने की आलोचना की और कहा कि अगर वह लोगों का मनोरंजन करना चाहते हैं तो उन्हें फिल्मों में काम करना चाहिए।
लगभग अपनी सभी चुनावी सभाओं में, शर्मा अपने भाषण को भाजपा के ‘थीम’ गीत पर नृत्य कर समाप्त करते हैं। पिछले संसदीय चुनाव के समय से ही भाजपा इस गीत का इस्तेमाल कर रही है। यह गीत है- ‘अकोउ इबार मोदी सरकार’ (मोदी सरकार, फिर एक बार)।
कांग्रेस नेता ने पूछा, ‘‘मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि भाजपा ऊपरी असम की सभी पांच सीट जीतेगी। मैं उन्हें चुनौती दे रहा हूं कि अगर गौरव गोगोई जोरहाट सीट से जीतते हैं तो क्या वह इस्तीफा दे देंगे?’’
पहले चरण के चुनाव में, 19 अप्रैल को डिब्रूगढ़, लखीमपुर, काजीरंगा, सोनितपुर और जोरहाट सीट पर मतदान हुआ था। जोरहाट सीट पर गोगोई मौजूदा भाजपा सांसद तपन कुमार गोगोई के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।
बोरा ने दावा किया, ‘‘शर्मा असम के लोगों से झूठ बोल रहे हैं। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल नागरिकता (संशोधन) अधिनियम (सीएए) के कारण ही डिब्रूगढ़ से बुरी तरह हारेंगे। लोगों ने सीएए के प्रति उनके मौन समर्थन के लिए उनके खिलाफ मतदान किया है।’’
सोनोवाल का मुकाबला असम जातीय परिषद के लुरिनज्योति गोगोई से है जो 16 पार्टियों के गठबंधन यूनाइटेड अपोजिशन फोरम असम (यूओएफए) के उम्मीदवार हैं।
आम आदमी पार्टी (आप) के मनोज धनोवर भी डिब्रूगढ़ में चुनावी समीकरण बिगाड़ सकते हैं। बोरा ने दावा किया कि कांग्रेस उक्त पांच लोकसभा सीट के 48 विधानसभा क्षेत्रों में से 40 पर बढ़त बनाएगी।
शर्मा के प्रचार अभियान पर कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री हर चुनावी सभा में नृत्य क्यों करते हैं? वह माइक फेंक देते हैं और केवल नृत्य करते हैं। वह महंगाई, बेरोजगारी, सीएए, असम समझौते और श्रमिकों की मजदूरी जैसे मुद्दों पर नहीं बोलते हैं।’’
बोरा ने दावा किया कि शर्मा केवल लोगों को वास्तविक मुद्दों से भटकाने के लिए नृत्य करते हैं। बोरा ने आश्चर्य जताया कि क्या देश में कहीं भी कोई और भाजपा मुख्यमंत्री जनता को प्रभावित करने वाले मुद्दों पर बात करने के बजाय चुनाव प्रचार के दौरान नृत्य करता है। उन्होंने दावा किया, ‘‘उन्होंने (शर्मा) अपना मानसिक संतुलन खो दिया है।’’
इंटरनेट पर वायरल हुए अपने नृत्य के बारे में, मुख्यमंत्री शर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ एक साक्षात्कार में कहा था कि असम सांस्कृतिक रूप से बहुत समृद्ध है और संगीत की हर किसी के जीवन में एक महत्वपूर्ण भूमिका है।
शर्मा ने कहा था, ‘‘असम में लोगों के साथ संचार का एक माध्यम संगीत है। लोगों को लगता है कि उत्सव होने पर ही कोई गीत बजता है। हम चुनाव को एक उत्सव में बदलना चाहते हैं।’’
भाषा संतोष