तुर्किये: पुलिस ने भ्रष्टाचार के आरोप में इस्तांबुल के महापौर को गिरफ्तार किया
एपी अमित रंजन
- 19 Mar 2025, 07:54 PM
- Updated: 07:54 PM
इस्तांबुल, 19 मार्च (एपी) तुर्किये पुलिस ने इस्तांबुल के महापौर एवं कई अन्य प्रमुख हस्तियों को कथित भ्रष्टाचार और आतंकवाद से संबंधित मामलों की जांच के तहत बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।
महापौर एक्रेम इमामोगलू एक लोकप्रिय विपक्षी नेता हैं और राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन के प्रमुख प्रतिद्वंद्वी हैं।
यह तुर्किये में विपक्ष और असहमति की आवाजों के खिलाफ सरकार की कार्रवाई का एक हिस्सा है।
सरकारी समाचार एजेंसी ‘अनादोलु’ ने बताया कि अभियोजकों ने मेयर एक्रेम इमामोगलू और करीब 100 अन्य लोगों के लिए हिरासत वारंट जारी किया। हिरासत में लिए गए लोगों में इमामोगलू के करीबी सहयोगी मूरत ओंगन भी शामिल हैं।
इन गिरफ़्तारी के बाद हुए विरोध प्रदर्शनों को परोक्ष तौर पर रोकने के लिए प्राधिकारियों ने इस्तांबुल के आस-पास की कई सड़कें भी बंद कर दीं और चार दिनों के लिए शहर में प्रदर्शनों पर प्रतिबंध लगा दिया।
एनटीवी टेलीविजन (निजी) की खबर के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों में इस्तांबुल के दो जिला महापौर भी शामिल हैं।
आलोचकों का कहना है कि यह कार्रवाई पिछले साल स्थानीय चुनावों में एर्दोआन की सत्तारूढ़ पार्टी की बड़ी हार के बाद की गई है, जबकि समय से पहले राष्ट्रीय चुनावों की मांग बढ़ रही है।
सरकारी अधिकारी इस बात पर जोर देते हैं कि अदालतें स्वतंत्र रूप से काम करती हैं और इस दावे को खारिज करते हैं कि विपक्षी नेताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई राजनीति से प्रेरित है।
इमामोगलू ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट में कहा, ‘‘हम बहुत अत्याचार का सामना कर रहे हैं, लेकिन मैं आपको बताना चाहता हूं कि मैं निराश नहीं होऊंगा।’’ जर्मनी ने गिरफ्तारियों की आलोचना की, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सेबेस्टियन फिशर ने इसे "लोकतंत्र के लिए एक गंभीर झटका" बताया।
यह गिरफ्तारी इमामोगलू के घर की तलाशी के बीच हुई, लेकिन यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो सका कि पुलिस ने घटनास्थल से कुछ जब्त किया है या नहीं।
इमामोगलू की पत्नी, दिलेक इमामोगलू ने ‘नाउ’ टेलीविजन को बताया कि पुलिस भोर से पहले ही उनके घर पर पहुंच गई थी और मेयर को सुबह 7:30 बजे के आसपास ले जाया गया।
इमामोगलू की गिरफ्तारी की खबर से इस्तांबुल स्टॉक एक्सचेंज के मुख्य सूचकांक में 7 प्रतिशत की गिरावट आयी, जिससे घबराहट में बिक्री को रोकने और बाजार को स्थिर करने के लिए ट्रेडिंग पर एक अस्थायी रोक लग गई। बाद में ट्रेडिंग पुनः शुरू हुआ लेकिन दोपहर में पुनः रोक दिया गया।
समाचार एजेंसी ‘अनादोलु’ ने कहा कि एक्रेम इमामोगलू और कई अन्य लोगों पर जबरन वसूली, धनशोधन और निविदाओं और खरीद से संबंधित अनियमितताओं के अलावा अन्य अपराधों का संदेह है।
इसमें कहा गया है कि इमामोगलू पर इस्तांबुल नगरपालिका चुनावों के लिए कथित तौर पर कुर्दिश संगठनों एक निकाय के साथ गठबंधन करके प्रतिबंधित कुर्दिस्तान वर्कर्स पार्टी या पीकेके की सहायता करने का भी संदेह है।
पीकेके ने तुर्किये के भीतर दशकों से विद्रोह छेड़ रखा है और अंकारा, वाशिंगटन और अन्य सहयोगियों द्वारा इसे आतंकवादी संगठन घोषित किया गया है।
इमामोगलू ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘लोगों की इच्छा को डरा-धमकाकर या गैरकानूनी कामों से दबाया नहीं जा सकता। मैं दृढ़ संकल्प के साथ खड़ा हूं और खुद को न केवल इस्तांबुल के 1.6 करोड़ निवासियों बल्कि तुर्किये के 8.6 करोड़ नागरिकों के प्रति समर्पित करता हूं।’’
एपी अमित