हाईटेंशन तार की चपेट में आई बस, पांच यात्रियों की मौत
आनन्द नोमान
- 11 Mar 2024, 09:52 PM
- Updated: 09:52 PM
गाजीपुर (उप्र) 11 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में सोमवार को एक बस हाईटेंशन तार की चपेट में आ गई जिससे पांच यात्रियों की मौत हो गयी तथा करीब 11 लोग झुलस गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख प्रकट करते हुए मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने घटना की जानकारी होते ही विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता (एक्शियन) समेत तीन अधिकारियों को निलंबित करने और एक कार्मिक की सेवा समाप्त करने के आदेश दिये हैं।
वहीं, ऊर्जा मंत्री ने बस हादसे पर दुःख व्यक्त करते हुए मृतकों की आत्मा को शांति प्रदान करने एवं परिजनों को संबल देने की ईश्वर से प्रार्थना की।
पुलिस ने बताया कि घटना मरदह थाना क्षेत्र में उस समय हुई जब मांगलिक कार्य के लिए मऊ जिले से वधू पक्ष के लोग एक बस से महाहर धाम आ रहे थे तभी उनका वाहन हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। बस में कुल 38 बराती सवार थे।
मरदह थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) धर्मेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि घटना में पांच लोगों की मौत हो गयी और 11 लोग झुलस गये।
सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये।
जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी मौके पर हैं।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि राहत और बचाव का कार्य जारी है।
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘‘ जनपद गाजीपुर में एक दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दु:खद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।’’
योगी ने कहा, ‘‘ मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता तथा उनके निःशुल्क उपचार के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान व घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।’’
सोमवार की शाम एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने घटना की जानकारी मिलते ही सख्त कार्रवाई करते हुए सम्बन्धित अधिशासी अभियंता मनीष, एसडीओ संतोष चौधरी और अवर अभियंता प्रदीप कुमार राय को निलंबित करने और लाइनमैन नरेंद्र (संविदा कर्मी) की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक (एमडी), मंडलायुक्त, जिलाधिकारी एवं अधीक्षण अभियंता से इस सिलसिले में वार्ता भी की।
शर्मा ने सभी अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाते हुए, घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सहित प्रभावित लोगों की हर संभव मदद करने का निर्देश दिया।
साथ ही मंत्री शर्मा पीड़ित परिवारों से स्वयं मिलने के लिए गाजीपुर और मऊ भी पहुंचे।
भाषा आनन्द