रोहित और कोहली के संन्यास पर कोई चर्चा नहीं: गिल
नमिता पंत
- 08 Mar 2025, 08:18 PM
- Updated: 08:18 PM
दुबई, आठ मार्च (भाषा) चैंपियंस ट्रॉफी के बाद कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली के वनडे भविष्य को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं लेकिन उप कप्तान शुभमन गिल ने शनिवार को कहा कि भारतीय ड्रेसिंग रूम में आधुनिक युग के इन दोनों महान खिलाड़ियों के संन्यास पर चर्चा नहीं हो रही है।
कोहली और रोहित अभी भी इस प्रारूप में दमदार बल्लेबाजी कर रहे हैं लेकिन क्रिकेट जगत में चर्चा है कि अगर भारत चैंपियंस ट्रॉफी जीतता है तो दोनों बल्लेबाज या फिर कम से कम एक अपने करियर को अलविदा कह सकता है।
गिल ने रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल से पहले मैच की पूर्व संध्या पर प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘ड्रेसिंग रूम में अभी संन्यास के बारे में कोई चर्चा नहीं हो रही है। ’’
गिल ट्रॉफी जीतने के भारी दबाव से अवगत हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी फाइनल के लिए उत्साहित हैं। पिछली बार हम 50 ओवर का विश्व कप नहीं जीत पाए थे, लेकिन हम इस बार जीतने के लिए दृढ़ हैं। ’’
उन्होंने कहा कि टीम बड़े दिन में होने वाले दबाव को संभाल लेगी और ट्रॉफी जीतेगी। गिल ने कहा, ‘‘बड़े मैचों में दबाव होगा। लेकिन जो भी टीम दबाव से निपटेगी, वह फाइनल जीतेगी। हमें इसे किसी भी अन्य मैच की तरह ही लेना होगा और अच्छी टीमें ऐसा ही करेंगी। हमने यहां चार मैच खेले हैं और अच्छा प्रदर्शन किया है इसलिए हम पर कोई अतिरिक्त दबाव नहीं है। ’’
गिल ने अपने तर्क को पुष्ट करने के लिए क्रिकेट के इतिहास की कुछ बेहतरीन टीमों का उदाहरण दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘यही कारण है कि हम बीते वर्षों की बड़ी टीमों के बारे में बात करते हैं जिसमें वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं। ’’
गिल ने कहा, ‘‘इन टीमों ने नॉकआउट में अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेला और बड़े मैच के समीकरण से दबाव को दूर किया। कहना आसान है, लेकिन करना मुश्किल है। पर अच्छी टीमें दबाव में अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलती हैं।
गिल ‘सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी क्रम’ का हिस्सा होने पर खुद को गौरवान्वित महसूस करते हैं। लेकिन उन्होंने कहा कि बल्लेबाजी क्रम में गहराई शीर्ष तीन खिलाड़ियों को खुद को स्वतंत्र रूप से अभिव्यक्त करने देती है।
गिल ने कहा, ‘‘यह सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी क्रम है जिसका मैं हिस्सा हूं। रोहित (दुनिया के) सर्वश्रेष्ठ सलामी बल्लेबाजों में से एक हैं और विराट के बारे में बताने की जरूरत नहीं है। लेकिन हमारी टीम की बल्लेबाजी में गहराई है और इससे शीर्ष क्रम को थोड़ी अधिक स्वतंत्रता के साथ बल्लेबाजी करने की अनुमति मिलती है। ’’
उन्होंने स्वीकार किया कि टीम ने डीआईसीएस पर अपने पिछले सभी चार मैच जीत लिए थे जिससे टीम प्रेरित होगी।
गिल ने कहा, ‘‘हमने यहां चार मैच खेले हैं और हमने वास्तव में अच्छा प्रदर्शन किया है। लेकिन मुझे लगता है कि पिछली बार जब हम न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले थे तो शुरुआत में तीन विकेट खोने के बावजूद हम अच्छा खेले और आराम से जीत हासिल की। इसलिए मुझे नहीं लगता कि कोई अतिरिक्त चर्चा की जरूरत है। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘निश्चित रूप से हम शीर्ष तीन से पांच में से किसी ऐसे खिलाड़ी के बारे में बात कर सकते हैं जो हमें बड़ा स्कोर बनाने या बड़ा स्कोर बनाने का बेहतर मौका दे। ’’
गिल ने कहा कि दुबई की पिच की प्रकृति पर बाद में चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘निश्चित रूप हम जिस तरह के विकेट पर खेलेंगे, उस पर चर्चा होगी। हमने यहां 300 से अधिक का स्कोर नहीं देखा है। हम जिन विकेटों पर खेल रहे हैं, वे पाकिस्तान में इस्तेमाल किए जा रहे विकेटों से काफी अलग हैं। ’’
भारत ने पिछले साल टी20 विश्व कप जीतकर आईसीसी टूर्नामेंटों में लंबे समय से चली आ रहे खिताब के सूखे को खत्म किया और गिल ने कहा कि इस जीत ने टीम को थोड़ा स्वतंत्र कर दिया है।
गिल ने कहा, ‘‘एक बार जब आप एक खिताब जीत लेते हैं तो यह आपको लय देता है। आप खिताब जीतने के लिए बहुत बेताब नहीं होते। जब हताशा हावी हो जाती है तो यह अच्छा नहीं होता। ’’
हालांकि गिल ने कहा कि टीम की और खिताब जीतने की भूख अभी भी कम नहीं हुई है।
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन 2024 में खिताब जीतने का मतलब यह नहीं है कि हमारी भूख कम है लेकिन मुझे लगता है कि हमने एक आईसीसी खिताब जीत लिया है तो इससे हमें अधिक संतुलन मिलता है और हम इसे जीतने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे। ’’
भाषा
नमिता