इजराइल ने गाजा पट्टी में राहत सामग्री की अपूर्ति और सहायता पर रोक लगाई
एपी नोमान प्रशांत
- 02 Mar 2025, 04:33 PM
- Updated: 04:33 PM
तेल अवीव, दो मार्च (एपी) इजराइल ने रविवार को गाजा पट्टी में सभी तरह की राहत सामग्री की आपूर्ति और मानवीय सहायता पर रोक लगाने के साथ चेतावनी दी कि यदि हमास ने संघर्ष विराम के विस्तार के लिए अमेरिकी प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया तो उसे "अतिरिक्त परिणाम" भुगतने होंगे।
हमास ने इजराइल पर नाजुक संघर्ष विराम समझौते को पटरी से उतारने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सहायता बंद करने का उसका फैसला "जबरन वसूली का घटिया हथकंडा, युद्ध अपराध और (संघर्ष विराम) समझौते पर हमला है।" यह समझौता जनवरी में हुआ था।
इजराइल-हमास के बीच संर्घष विराम का पहला चरण शनिवार को समाप्त हो गया। इसमें मानवीय सहायता में वृद्धि शामिल थी। दोनों पक्षों के बीच अभी दूसरे चरण पर बातचीत होनी बाकी है, जिसमें इजराइल के अपनी सेना वापस बुलाने और स्थायी युद्ध विराम के बदले में हमास दर्जनों शेष बंधकों को रिहा करेगा।
एक इजराइली अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि सहायता निलंबित करने का निर्णय ट्रंप प्रशासन के समन्वय से लिया गया है।
इजराइल सरकार ने रविवार को कहा कि वह गाजा में संघर्ष विराम के प्रथम चरण को रमजान और यहूदी पर्व ‘पासओवर’ तक बढ़ाने के प्रस्ताव का समर्थन करती है।
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का कार्यालय ने रविवार सुबह कहा कि इजराइल ‘पासओवर’ या 20 अप्रैल तक संघर्ष विराम को आगे बढ़ाने के पक्ष में है। इसने कहा कि यह प्रस्ताव अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के पश्चिम एशिया के दूत स्टीव विटकॉफ की ओर से आया है।
नेतन्याहू के कार्यालय के मुताबिक, प्रस्ताव के तहत आधे बंधकों को, चाहे वे जीवित हों या मृत, पहले दिन छोड़ा जाएगा और अगर स्थायी युद्ध विराम पर सहमति बन जाती है तो बाकी को रिहा कर दिया जाएगा।
इजराइल द्वारा घोषित प्रस्ताव या सहायता बंद करने के उसके निर्णय पर अमेरिका की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की गई है।
हमास ने कहा कि इजराइल द्वारा सहायता पर रोक लगाना समझौते का एक और उल्लंघन है, क्योंकि दोनों पक्षों के बीच समझौते के दूसरे चरण पर बातचीत जारी है तथा राहत सामग्री की आपूर्ति और सहायता जारी रहनी चाहिए।
इस बीच विदेश मंत्री गिदोन सार ने कहा कि इजराइल संघर्ष विराम के अगले चरण पर बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन वह वार्ता के दौरान अधिक बंधकों को रिहा करने पर जोर दे रहा है।
उन्होंने एक प्रेस वार्ता में कहा, "हमने (चरण एक के तहत) अपनी सभी प्रतिबद्धताओं को अंतिम दिन तक पूरा किया, जो कल तक थी। हमारा रुख यह है कि बातचीत के दौरान बंधकों को रिहा किया जाना चाहिए।”
हमास ने चेतावनी दी कि संघर्ष विराम समझौते में देरी या उसे रद्द करने के किसी भी प्रयास से बंधकों के लिए “मानवीय परिणाम” होंगे। उसने दोहराया कि उन्हें रिहा कराने का एकमात्र तरीका मौजूदा समझौते को लागू करना है, जिसमें शेष बंधकों को मुक्त करने के लिए समयसीमा निर्दिष्ट नहीं की गई है।
हमास ने कहा है कि वह दूसरे चरण में शेष सभी बंधकों को एक साथ रिहा करने को तैयार है, लेकिन इसके बदले में वह अधिक फलस्तीनी कैदियों की रिहाई, स्थायी संघर्षविराम तथा इजराइली सेना की वापसी चाहता है।
मिस्र के एक अधिकारी ने कहा कि हमास और मिस्र युद्ध को समाप्त किए बिना शेष बंधकों को रिहा के उद्देश्य से एक नए प्रस्ताव को स्वीकार नहीं करेंगे। अधिकारी ने कहा कि समझौते में दोनों पक्षों से फरवरी की शुरुआत में दूसरे चरण पर बातचीत शुरू करने के लिए कहा गया था।
एपी नोमान