रणवीर इलाहाबादिया ने फिर से माफी मांगी, कहा- धमकियां मिल रही हैं
आशीष माधव
- 15 Feb 2025, 10:13 PM
- Updated: 10:13 PM
नयी दिल्ली, 15 फरवरी (भाषा) यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया ने माता-पिता और सेक्स पर अपनी टिप्पणी के लिए शनिवार को फिर से माफी मांगी, लेकिन कहा कि वह डरा हुआ है क्योंकि उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
इलाहाबादिया समय रैना के कॉमेडी शो ‘‘इंडियाज गॉट लेटेंट’’ में माता-पिता और सेक्स पर अपनी टिप्पणी को लेकर सोमवार को विवादों में घिर गया। विभिन्न सोशल मीडिया मंच पर इलाहाबादिया के 1.6 करोड़ फॉलोअर हैं।
विवाद बढ़ने के साथ इलाहाबादिया और शो से जुड़े लोगों के खिलाफ़ पुलिस में शिकायत दर्ज की गई। इलाहाबादिया ने अपनी टिप्पणियों के लिए माफी मांगी थी।
शनिवार को इलाहाबादिया ने ‘एक्स’ पर एक और माफीनामा जारी किया और कहा कि वह और उसकी टीम पुलिस और अन्य सभी अधिकारियों के साथ सहयोग कर रही है।
इलाहाबादिया ने कहा, ‘‘मैं उचित प्रक्रिया का पालन करूंगा और सभी एजेंसियों के लिए उपलब्ध रहूंगा। माता-पिता के बारे में मेरी टिप्पणी असंवेदनशील और अपमानजनक थी। बेहतर करना मेरी नैतिक जिम्मेदारी है और मैं वास्तव में इसके लिए खेद व्यक्त करता हूं।’’
इलाहाबादिया ने लिखा, ‘‘लोग मुझे जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं और कह रहे हैं कि वे मुझे मारना चाहते हैं और मेरे परिवार को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं। लोग मरीज बनकर मेरी मां के क्लिनिक में घुस आए। मैं डरा हुआ महसूस कर रहा हूं और मुझे नहीं पता कि क्या करना है। लेकिन मैं भाग नहीं रहा हूं। मुझे पुलिस और भारत की न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है।’’
रैना ने यूट्यूब से शो के सभी 18 एपिसोड हटा दिए हैं। रैना ने कहा है कि वह अधिकारियों के साथ सहयोग करेगा।
अपनी टिप्पणी के कारण इलाहाबादिया और शो के अन्य लोगों के खिलाफ मुंबई और गुवाहाटी में पुलिस में शिकायतें दर्ज कराई गई हैं।
इस मुद्दे पर संसद में भी चर्चा हुई तथा संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी संबंधी स्थायी समिति की बैठक में विभिन्न दलों के सदस्यों ने इलाहाबादिया की टिप्पणी पर चिंता व्यक्त की तथा उन्हें दंडित करने के लिए कड़े कदम उठाने तथा यह सुनिश्चित करने की मांग की कि ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।
राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने इलाहाबादिया, रैना और शो में शामिल मुखीजा, जसप्रीत सिंह और आशीष चंचलानी के साथ-साथ शो के निर्माता तुषार पुजारी और सौरभ बोथरा को 17 फरवरी को नयी दिल्ली में अपने समक्ष पेश होने को कहा है।
भाषा आशीष