देव मीना ने पोल वॉल्ट में राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक जीता
सुधीर
- 10 Feb 2025, 10:26 PM
- Updated: 10:26 PM
देहरादून, 10 फरवरी (भाषा) मध्य प्रदेश के देव कुमार मीना ने सोमवार को यहां पुरुष पोल वॉल्ट में 5.32 मीटर के राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक जीता।
एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के तीसरे दिन आठ स्वर्ण पदक दांव पर लगे थे जिसमें से पंजाब ने तीन जीते जबकि मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, सेना, तमिलनाडु और मेजबान उत्तराखंड के खाते में एक-एक स्वर्ण पदक आया।
उन्नीस साल के देव ने 2023 के अपने खिताब का बचाव करते हुए स्वर्ण पदक जीता और एस शिवा के 5.31 मीटर के राष्ट्रीय रिकॉर्ड में भी सुधार किया जो उन्होंने गुजरात में 2022 राष्ट्रीय खेलों के दौरान बनाया था।
इससे पहले देव का निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5.20 मीटर था जो उन्होंने पिछले साल पटना में इंडिया ओपन अंडर-23 प्रतियोगिता जीतने के दौरान बनाया था।
देव ने स्पर्धा के बाद कहा, ‘‘राष्ट्रीय रिकॉर्ड तक पहुंचने का सफर काफी लंबा रहा है। मेरा सबसे बड़ा सहारा मेरा परिवार और कोच रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं एक किसान परिवार से आता हूं और इस मुकाम तक पहुंचना मेरे लिए संघर्षों से भरा रहा है। आज मैं कुछ असाधारण करना चाहता था और मैंने इतिहास रच दिया।’’
तमिलनाडु के जी रीगन (पांच मीटर) ने रजत जबकि उत्तर प्रदेश के कुलदीप कुमार (पांच मीटर) ने कांस्य पकद जीता।
सोमवार को सेना ने तीन स्वर्ण सहित सात पदक जीते और 45 स्वर्ण, 18 रजत, 17 कांस्य सहित कुल 80 पदक के साथ शीर्ष पर बना हुआ है। राष्ट्रीय खेलों में अब केवल तीन दिन की प्रतियोगिताएं बची हैं।
पिछले सत्र में शीर्ष पर रहा महाराष्ट्र कर्नाटक को पछाड़कर 129 पदक (33 स्वर्ण, 48 रजत, 48 कांस्य) के साथ दूसरा स्थान पर पहुंच गया है। कर्नाटक 66 पदक (32 स्वर्ण, 15 रजत, 19 कांस्य) के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गया। हरियाणा (24 स्वर्ण, 33 रजत, 36 कांस्य) और मध्य प्रदेश (24 स्वर्ण, 16 रजत, 18 कांस्य) शीर्ष पांच में शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश की अनुष्का यादव ने महिला तार गोला फेंक में खेलों के रिकॉर्ड 62.89 मीटर के प्रयास के साथ स्वर्ण पदक जीता।
इससे पहले राष्ट्रीय खेलों का रिकॉर्ड उत्तर प्रदेश की तान्या चौधरी के नाम था जिन्होंने 62.47 मीटर के प्रयास से 2023 राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक जीता था।
सोमवार को तान्या 59.74 मीटर के प्रयास से दूसरे स्थान पर रहीं जबकि उत्तर प्रदेश की ही नंदिनी ने 58.89 मीटर के प्रयास से कांस्य पदक जीता।
पुरुष गोला फेंक में राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक पंजाब के तेजिंदर पाल सिंह तूर ने 19.74 मीटर के प्रयास से स्वर्ण पदक जीता। गत चैंपियन मध्य प्रदेश के समरदीप सिंह गिल (19.38 मीटर) और पंजाब के प्रभकृपाल सिंह (19.04 सेकेंड) ने क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीते।
रविवार को महिला 100 मीटर बाधा दौड़ का स्वर्ण पदक जीतने वाली आंध्र प्रदेश की ज्योति याराजी ने अपनी हीट 23.85 सेकेंड में जीतकर 200 मीटर फाइनल में जगह बनाई।
सेना के सुमित कुमार ने आठ मिनट 46.26 सेकेंड के समय के साथ पुरुष 3000 मीटर स्टीपलचेज का स्वर्ण जीता जबकि गिटसन धर्मारे, आकाश बाबू, वासन और अश्विन कृष्णा की तमिलनाडु की चार गुणा 400 मीटर रिले टीम ने भी खिताब अपने नाम किया।
महिला 3000 मीटर स्टीपलचेज में उत्तराखंड की अंकिता नौ मिनट 53.63 सेकेंड के साथ शीर्ष पर रहीं जबकि पंजाब की निहारिका वशिष्ठ ने 13.37 मीटर के प्रयास से महिला त्रिकूद का स्वर्ण पदक जीता।
महिला चार गुणा 400 मीटर रिले का स्वर्ण पदक रमनदीप कौर, ट्विंकल चौधरी, किरणपाल कौर और रशदीप कौर की पंजाब की टीम के नाम रहा।
टेनिस में वैदेही चौधरी और जील देसाई की गुजरात की जोड़ी ने महिला युगल का स्वर्ण पदक जीता जबकि प्रज्जवल देव और निकी के पूनाचा की कर्नाटक की जोड़ी ने पुरुष युगल का खिताब जीता।
वैदेही और जील ने फाइनल में महाराष्ट्र की पूजा इंगले और आकांक्षा निटूरे की जोड़ी को 6-3, 6-2 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।
उत्तराखंड की जया कपूर और दीया चौधरी तथा हरियाणा की अंजलि राठी और अदिति त्यागी की जोड़ी ने कांस्य पदक जीते।
पुरुष युगल के फाइनल में प्रज्जवल और पूनाचा ने इशाक इकबाल और फैजल कमर की सेना की जोड़ी को 6-3, 6-1 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
दिल्ली के सार्थक सुदेन और शिवांक भटनागर तथा तमिलनाडु के अभिनव संजीव और मनीष सुरेशकुमार की जोड़ी ने कांस्य पदक जीते।
वैदेही अपना दूसरा स्वर्ण जीतने की दहलीज पर हैं क्योंकि वह महिला एकल के फाइनल में भी पहुंच गई हैं। फाइनल में उनका सामना महाराष्ट्र की वैष्णवी अडकर से होगा।
वैदेही ने सोमवार को पहले सेमीफाइनल में महाराष्ट्र की आकांक्षा को 6-2, 6-0 से हराया।
दूसरे सेमीफाइनल में वैष्णवी पहला सेट 6-0 से जीतकर दूसरे में 1-0 से आगे चल रही थीं जब कर्नाटक की अमोदिनी नाइक ने मैच से हटने का फैसला किया।
पुरुष एकल फाइनल में गुजरात के देव जाविया का सामना सेना के इशाक इकबाल से होगा।
जाविया ने तमिलनाडु के मनीष सुरेशकुमार को 6-2, 3-6, 6-4 से हराया जबकि इकबाल ने प्रज्जवल को सेमीफाइनल में 6-7(4), 6-4, 6-2 से शिकस्त दी।
पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र ने अपने-अपने सेमीफाइनल में शानदार जीत दर्ज करके महिला टेबल टेनिस टीम स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश किया।
महाराष्ट्र ने सेमीफाइनल में हरियाणा को जबकि पश्चिम बंगाल ने दिल्ली को 3-0 के समान अंतर से हराया।
दीया पराग चितले ने पहले एकल मैच में हरियाणा की स्नेहा भौमिक पर 3-1 (11-3 12-14 1-8 12-10) की जीत के साथ महाराष्ट्र का खाता खोला।
इसके बाद स्वास्तिका घोष ने पृथोकी चक्रवर्ती को 3-0 (11-6 11-2 11-9) से और तनीषा संजय कोटेचा ने श्रीदात्री रॉय को 3-1 (11-6 7-11 11-7 11-3) से हराकर अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाया।
दूसरे सेमीफाइनल में अयहिका मुखर्जी ने लक्षिता नारंग को 3-1 (11-6 11-5 6-11 11-6) से, सुतीर्था मुखर्जी ने वंशिका भार्गव को 3-0 (11-8 13-11 11-6) से और पोयमंती बैस्या ने वंशिका मुद्गल को 3-0 (12-10 11-5 11-6) से पराजित किया।
जूडो में उत्तर प्रदेश की अस्मिता डे ने महिलाओं के 48 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीता जबकि उत्तराखंड के सिद्धार्थ रावत पुरुषों के 60 किग्रा वर्ग में शीर्ष पर रहे।
पुरुषों के 66 किग्रा वर्ग में गुजरात के रोहित ने स्वर्ण पदक जीता जबकि महिलाओं के 52 किग्रा वर्ग में महाराष्ट्र की श्रद्धा चोपाडे ने शीर्ष स्थान हासिल किया।
पुरुषों के 73 किग्रा वर्ग में सेना के अरुण कुमार ने स्वर्ण पदक जीता जबकि महिलाओं के 57 किग्रा वर्ग में हरियाणा की अंकिता ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
हॉकी में मध्य प्रदेश और हरियाणा ने पूल ए में विजेता और उपविजेता के रूप में महिला वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाई। झारखंड और महाराष्ट्र ने पूल बी से सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
पुरुषों के वर्ग में कर्नाटक और पंजाब ने पूल ए से सेमीफाइनल में जगह बनाई जबकि उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र पूल बी से अंतिम चार में पहुंचे।
भाषा