कांग्रेस नेता शकील अहमद के पुत्र की मौत
अनवर पारुल
- 03 Feb 2025, 09:23 PM
- Updated: 09:23 PM
पटना, तीन फरवरी (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शकील अहमद खान का पुत्र सोमवार को पटना में उनके आधिकारिक आवास पर मृत पाया गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अयान जाहिद खान (19) का शव पटना शहर के सचिवालय इलाके में उनके पिता और बिहार कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान के आधिकारिक आवास पर छत के पंखे से लटका हुआ पाया गया।
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अवकाश कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “वरिष्ठ अधिकारी फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंच गए हैं और वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र कर रहे हैं। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।”
उन्होंने कहा कि मौत का सही कारण अभी पता नहीं चल पाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ), सचिवालय-1 अनु कुमारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “पुलिस को सुबह करीब नौ बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद अधिकारियों की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मृतक की उम्र करीब 19 साल थी... प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। हालांकि, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।”
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अयान का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है और उसके कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि जांचकर्ता अयान के कुछ दोस्तों से भी पूछताछ कर रहे हैं।
बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार ने घटनास्थल का दौरा किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए।
सूत्रों ने बताया कि यह घटना उस समय हुई, जब शकील अहमद खान बिहार से बाहर थे। हालांकि, वह सोमवार को दोपहर करीब एक बजे पटना लौट आए। बार-बार प्रयास किए जाने के बावजूद घटना पर उनकी टिप्पणी नहीं ली जा सकी है।
पुलिस को संदेह है कि यह आत्महत्या का मामला हो सकता है, लेकिन अयान के दोस्त उमैर खान ने इस पहलु पर सवाल उठाए हैं।
उमैर ने संवाददाताओं से कहा, “अयान बहुत खुशमिजाज लड़का था। यह बात पचा पाना मुश्किल है कि उसने आत्महत्या की। वह बहुत ही मिलनसार था और पढ़ाई में अच्छा था। उसने प्री-बोर्ड परीक्षा में 95 प्रतिशत अंक हासिल किए थे।”
उमैर ने कहा, “जीवन और मौत अल्लाह के हाथ में है... लेकिन, मुझे नहीं लगता कि अयान ने आत्महत्या की है। मैंने उसे कभी परेशान नहीं देखा।”
शकील अहमद खान कटिहार जिले की कदवा विधानसभा सीट से विधायक हैं।
घटना की सूचना मिलते ही भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन कांग्रेस नेता के आवास पर पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी। बिहार के कई अन्य नेता भी कांग्रेस विधायक के प्रति संवेदना प्रकट करने उनके घर पहुंचे।
कांग्रेस की बिहार इकाई के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने इस घटना पर टिप्पणी करते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘शकील अहमद खान के पुत्र अयान की आकस्मिक मृत्यु की खबर से स्तब्ध हूं। मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों के साथ हैं। ईश्वर दुख की इस घड़ी में उनके परिवार को शक्ति दे और दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे। ओम शांति।’’
भाषा
अनवर