मुंबई ने मेघालय को पारी और 456 रन से हराया
नमिता आनन्द
- 01 Feb 2025, 07:50 PM
- Updated: 07:50 PM
मुंबई, एक फरवरी (भाषा) शार्दुल ठाकुर और तनुष कोटियान के चार चार विकेट की बदौलत मुंबई की टीम शनिवार को यहां मेघालय को पारी और 456 रन से रौंदकर रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई।
मुंबई के इस जीत से 29 अंक अंक हो गये हैं और जम्मू कश्मीर के भी इतने ही अंक हैं लेकिन गत चैम्पियन नेट रन रेट (1.74) के आधार पर जम्मू कश्मीर (1.59) से आगे है।
जम्मू कश्मीर इस समय बड़ौदा के खिलाफ कम से कम तीन अंक हासिल करने की स्थिति में है और वह लीग मुकाबलों का अंत शीर्ष स्थान पर करेगी।
पहली पारी के आधार पर 585 रन के विशाल स्कोर से पिछड़ रही मेघालय की टीम के बल्लेबाज मुकाबले में दूसरी दफा विफल रहे और पूरी टीम 129 रन पर सिमट गई जिसमें ठाकुर ने 48 रन देकर चार और कोटियान ने 15 रन देकर चार विकेट झटके।
मेघालय ने पहली पारी में 86 रन बनाये थे जिसके जवाब में मुंबई की टीम ने पहली पारी सात विकेट पर 671 रन बनाकर घोषित कर बोनस अंक की जीत की नींव रखी।
यह जीत रणजी ट्रॉफी के इतिहास में एक पारी के लिहाज से मुंबई की सबसे बड़ी जीत थी लेकिन इसने क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की उनकी संभावनाओं को भी मजबूत किया जो आठ फरवरी से शुरू होगा।
तीसरे दिन मेघालय ने दो विकेट पर 29 रन के स्कोर से खेलना शुरू किया। किशन लिंडोह (39) और अनिरुद्ध बी (24) के टिके रहने के बावजूद मुंबई को आठ विकेट लेने में केवल एक सत्र लगा।
वहीं वड़ोदरा में मेहमान जम्मू कश्मीर ने तीसरे दिन बड़ौदा को जीत के लिए 365 रन का लक्ष्य दिया और स्टंप तक उसके 58 रन तक दो विकेट झटक लिए थे।
बड़ौदा को जीत के लिए चौथे दिन 307 रन की दरकार होगी जबकि उसके आठ विकेट बचे हैं। शिवालिक शर्मा सात और महेश पिथिया आठ रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
पहली पारी में 80 रन की बढ़त लेने के बाद जम्मू कश्मीर की टीम दूसरी पारी में 284 रन पर सिमट गई जिसमें शुभम खजूरिया शतक बनाने से चूक गये, उन्होंने 178 गेंद में 11 चौके से 94 रन बनाए।
कन्हैया वाधवन ने 84 रन की पारी खेली जिसमें 11 चौके जड़े थे। कृणाल पंड्या, निनाद रथवा और पिथिया ने मेजबान टीम के लिए तीन तीन विकेट झटके।
ग्रुप ए के एक अन्य मैच में कटक में मेजबान ओडिशा ने दूसरी पारी में बड़ा स्कोर बनाकर बढ़त हासिल की। 376 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेना ने स्टंप तक बिना विकेट गंवाये 46 रन बनाकर शुरुआत की।
ओडिशा ने दूसरी पारी में 394 रन बनाए। अनिल परिदा 99 रन बनाकर नाबाद रहे। आशीर्वाद स्वेन (77) और राजेश धूपर (66) ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। मेहमान टीम के लिए अमित शुक्ला ने 60 रन देकर तीन विकेट चटकाए।
स्टंप तक सेना के शुभम रोहिल्ला 28 रन और सूरज वशिष्ठ 16 रन बनाकर डटे हैं।
सोलापुर में मेजबान महाराष्ट्र और त्रिपुरा के बीच मुकाबला ड्रॉ की ओर बढ़ता दिख रहा है। मेहमान टीम ने दूसरी पारी में स्टंप तक दो विकेट पर 135 रन बना लिए थे और वह 13 रन से पिछड़ रही थी।
महाराष्ट्र ने त्रिपुरा के 270 रन के जवाब में पहली पारी में 418 रन का विशाल स्कोर बनाया। उसने पहली पारी के आधार पर 148 रन की बढ़त हासिल की।
महाराष्ट्र के लिए सिद्धेश वीर ने 15 चौके की मदद से 131 रन बनाए जबकि यश क्षीरसागर ने 71 और सौरभ नवले ने आठ चौके और एक छक्के की मदद से 68 रन बनाए।
भाषा नमिता आनन्द