रात सवा नौ बजे तक के मुख्य समाचार
नोमान माधव
- 29 Jan 2025, 09:23 PM
- Updated: 09:23 PM
नयी दिल्ली, 29 जनवरी (भाषा) ‘भाषा’ की विभिन्न फाइल से बुधवार को रात सवा नौ बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं:---
प्रादे124 उप्र महाकुंभ छठी लीड भगदड़
उत्तर प्रदेश: मौनी अमावस्या पर महाकुंभ में मची भगदड़ में 30 लोगों की मौत, 60 श्रद्धालु घायल
महाकुंभ नगर: मौनी अमावस्या के अवसर पर प्रयागराज महाकुंभ के संगम क्षेत्र में मंगलवार देर रात पवित्र स्नान करने के लिए बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों के पहुंचने से मची भगदड़ में 30 लोगों की मौत हो गई और 60 अन्य घायल हो गए।
प्रादे128 उप्र महाकुंभ न्यायिक जांच
उप्र: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगदड़ के कारणों की जांच के लिए न्यायिक जांच के आदेश दिए
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में महाकुंभ मेले में स्नान के लिए मंगलवार देर रात मची भगदड़ के कारणों की जांच के लिए न्यायिक जांच का आदेश दिया।
प्रादे131
उप्र महाकुंभ अंतिम लीड अमृत स्नान
उत्तर प्रदेश: महाकुंभ में मौनी अमावस्या पर सभी 13 अखाड़ों ने अमृत स्नान किया
महाकुंभ नगर: महाकुंभ मेले में विभिन्न अखाड़ों का मौनी अमावस्या पर्व पर अमृत स्नान बुधवार शाम तक संपन्न हो गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
दि7 कुंभ भगदड़ लीड कांग्रेस
कुंभ में आधी-अधूरी व्यवस्था, कुप्रबंधन, ‘वीआईपी मूवमेंट’ के कारण हुई भगदड़: कांग्रेस
नयी दिल्ली, कांग्रेस ने महाकुंभ में भगदड़ को लेकर बुधवार को राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधा और कहा कि इस घटना के लिए कुप्रबंधन, वीआईपी मूवमेंट और आधी अधूरी व्यवस्था जिम्मेदार है। मुख्य विपक्षी दल ने यह भी कहा कि इस आयोजन की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जगह किसी ‘बेहतर प्रशासक’ को सौंपी जानी चाहिए।
प्रादे30 उप्र कुंभ भगदड़ लीड प्रतिक्रिया
महाकुंभ भगदड़ : सपा ने की महाकुंभ के प्रबंधन की बागडोर सेना के हाथ में देने की मांग
लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रयागराज महाकुंभ में मची भगदड़ की घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बुधवार को कहा कि महाकुंभ के प्रबंधन की जिम्मेदारी तत्काल सेना को सौंप देनी चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि महाकुंभ में 'विश्व स्तरीय व्यवस्था' का दावा करने वाले लोगों को भगदड़ की घटना की नैतिक ज़िम्मेदारी लेते हुए अपना पद त्याग देना चाहिए।
दि64 वक्फ चौथीलीड समिति
संसदीय समिति ने संशोधित वक्फ विधेयक को स्वीकारा, विपक्ष ने असंवैधानिक बताया
नयी दिल्ली: वक्फ (संशोधन) विधेयक पर विचार कर रही संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) ने बुधवार को अपनी रिपोर्ट को बहुमत से स्वीकार कर लिया, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यों द्वारा दिए गए सुझाव समाहित हैं।
दि70 न्यायालय लीड तलाक
न्यायालय ने ‘तीन तलाक’ का सहारा लेने वाले पुरुषों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकियों का विवरण मांगा
नयी दिल्ली: उच्चतम न्यायालय ने बुधवार को केंद्र सरकार को उन पुरुषों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकियों और आरोपपत्रों की संख्या बताने का निर्देश दिया, जिन्होंने 2019 के मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम का उल्लंघन करते हुए पत्नी को ‘तीन बार तलाक’ कहकर संबंध विच्छेद किया।
दि51 दिल्ली चुनाव लीड मोदी
यमुना में ‘जहर’ पर मोदी ने साधा केजरीवाल पर निशाना, कहा: ‘पाप’ करने वालों को दिल्ली माफ नही करती
नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यमुना में ‘जहर’ मिलाए जाने संबंधी टिप्पणी के लिए बुधवार को आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि दिल्ली चुनावों में अपनी हार के डर से ‘आप-दा वाले’ हताश हो गए हैं।
दि47 गणतंत्र दिवस परेड
विजेता गणतंत्र दिवस परेड: उप्र की झांकी को पहला पुरस्कार, जम्मू कश्मीर राइफल्स सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग दल
नयी दिल्ली: महाकुंभ का आयोजन प्रदर्शित करती उत्तर प्रदेश की झांकी को इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड में पहला पुरस्कार मिला वहीं जम्मू कश्मीर राइफल्स के दल को सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग टुकड़ी घोषित किया गया। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में यह जानकारी दी।
वि16 बांग्लादेश भारत संधि
भारत के साथ हुई ‘अनुचित संधियों’ पर होगी चर्चा : बांग्लादेश के गृह मामलों के सलाहकार
ढाका: बांग्लादेश की अंतरिम सरकार में गृह मामलों के सलाहकार लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) मोहम्मद जहांगीर आलम चौधरी ने बुधवार को कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग सरकार के कार्यकाल में भारत के साथ हुई सभी "असमान संधियों" पर चर्चा की जाएगी।
अर्थ40 लीड मंत्रिमंडल खनिज मिशन
सरकार ने राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन को मंजूरी दी
नयी दिल्ली: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल करने के लिए बुधवार को 16,300 करोड़ रुपये के 'राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन' (एनसीएमएम) को स्वीकृति दी।
खेल15 खेल आईसीसी रैंकिंग
तिलक वर्मा आईसीसी टी20 रैंकिंग में दूसरे स्थान पर, वरुण चक्रवर्ती शीर्ष पांच में शामिल
दुबई: भारत के प्रतिभाशाली बल्लेबाज तिलक वर्मा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की बुधवार को जारी की गई पुरुष टी20 रैंकिंग में बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं जबकि स्पिनर वरुण चक्रवर्ती 25 स्थान की लंबी छलांग लगाकर गेंदबाजों की सूची में शीर्ष पांच में शामिल हो गए हैं।
भाषा नोमान