आईटी शेयरों में लिवाली से बाजार लगातार दूसरे दिन चढ़ा, सेंसेक्स 631 अंक मजबूत
प्रेम रमण
- 29 Jan 2025, 06:02 PM
- Updated: 06:02 PM
मुंबई, 29 जनवरी (भाषा) वैश्विक बाजारों में मजबूत रुख के बीच बुधवार को सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), पूंजीगत उत्पाद और औद्योगिक शेयरों में लिवाली आने से घरेलू शेयर बाजारों में लगातार दूसरे दिन तेजी रही। सेंसेक्स 631 अंक और निफ्टी करीब 206 अंक चढ़कर बंद हुआ।
कारोबारियों ने कहा कि एक फरवरी को पेश होने वाले केंद्रीय बजट से पहले विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी रहने से निवेशकों का रुख सतर्क बना रहा।
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक सेंसेक्स 631.55 अंक यानी 0.83 प्रतिशत उछलकर 76,532.96 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 698.32 अंक चढ़कर 76,599.73 पर पहुंच गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी 205.85 अंक यानी 0.90 प्रतिशत बढ़कर 23,163.10 पर पहुंच गया।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "भारतीय बाजार ने खपत और रोजगार बढ़ाने के लिए कुछ नीतिगत उपायों की उम्मीद में बजट के पहले जुझारू रवैया दिखाया है। निवेशकों की नजरें अब फेडरल रिजर्व समिति की आगामी बैठक पर टिकी हैं।"
सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से जोमैटो ने लगभग सात प्रतिशत की छलांग लगाई। इसके अलावा टाटा मोटर्स, इन्फोसिस, अल्ट्राटेक सीमेंट, टेक महिंद्रा, महिंद्रा एंड महिंद्रा और बजाज फाइनेंस के शेयरों में भी तेजी रही।
इसके उलट, आईटीसी होटल, भारती एयरटेल, मारुति, एशियन पेंट्स और आईटीसी के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।
छोटी कंपनियों के बीएसई स्मालकैप सूचकांक में 3.28 प्रतिशत और मझोली कंपनियों के मिडकैप सूचकांक में 2.54 प्रतिशत की जोरदार तेजी दर्ज की गई।
इस तरह बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों में से कुल 2,978 के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए जबकि 1,011 कंपनियों में गिरावट रही और 93 अन्य अपरिवर्तित रहीं।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड में वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजीत मिश्रा ने कहा, "अधिकांश प्रमुख क्षेत्रों ने बाजार की रौनक लौटाने में योगदान दिया। छोटी और मझोली कंपनियों के सूचकांकों में आई तगड़ी बढ़त इस कारोबारी सत्र की खासियत रही।"
क्षेत्रवार सूचकांकों में रोजमर्रा के उत्पाद बनाने वाली एफएमसीजी कंपनियों के खंड को छोड़कर बाकी सभी खंडों में तेजी रही। रियल्टी खंड में सर्वाधिक 3.10 प्रतिशत और औद्योगिक खंड में 2.94 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की बढ़त पर रहे। शंघाई और हांगकांग के बाजार छुट्टियों के कारण बंद रहे।
यूरोप के अधिकांश बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। मंगलवार को अमेरिकी बाजारों में तेजी का माहौल रहा था।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 4,920.69 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।
इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.93 प्रतिशत गिरकर 76.77 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
मंगलवार को बीएसई सेंसेक्स 535.24 अंक चढ़कर 75,901.41 और एनएसई निफ्टी 128.10 अंक बढ़कर 22,957.25 पर बंद हुए थे।
भाषा प्रेम
प्रेम