निर्वाचन आयोग को रोहिणी आचार्य के खिलाफ शिकायत पर संज्ञान लेना चाहिए: सम्राट
सिम्मी रंजन
- 06 Apr 2024, 05:02 PM
- Updated: 05:02 PM
पटना, छह अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बिहार इकाई के अध्यक्ष और राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को कहा कि पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सुरक्षाकर्मियों के उनकी बेटी रोहिणी आचार्य के चुनाव प्रचार अभियान में कथित दुरुपयोग के खिलाफ निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराई है।
आचार्य सारण सीट से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की प्रत्याशी हैं।
चौधरी ने भाजपा का स्थापना दिवस मनाने के लिए यहां पार्टी कार्यालय में आयोजित एक समारोह से इतर संवाददाताओं से कहा कि पार्टी (भाजपा) उम्मीद करती है कि निर्वाचन आयोग रोहिणी आचार्य से संबंधित शिकायत का संज्ञान लेगा और उसके बाद उचित कार्रवाई करेगा।
चौधरी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘इस संबंध में हमारी पार्टी के नेता निर्वाचन आयोग (ईसी) के पास पहले ही शिकायत दर्ज करा चुके हैं। निर्वाचन आयोग को इस शिकायत का संज्ञान लेना चाहिए और ...ईसी को उचित कार्रवाई भी करनी चाहिए। आप राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के परिवार से और क्या उम्मीद करते हैं । वे (लालू का परिवार) कानून तोड़ने, ‘गुंडाराज’ को बढ़ावा देने, भ्रष्ट आचरण करने आदि में विश्वास करते हैं...।’’
वरिष्ठ भाजपा नेता और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने भी इसी तरह के विचार व्यक्त करते हुए संवाददाताओं से कहा, ‘‘लालू प्रसाद और उनका परिवार इस तरह के कृत्यों के लिए जाना जाता है। निर्वाचन आयोग को इस मामले की जांच करनी चाहिए।’’
भाजपा की बिहार इकाई के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने रोहिणी आचार्य पर सारण में चुनाव प्रचार के दौरान अपनी मां (राबड़ी देवी) के सुरक्षा कर्मचारियों को कथित रूप से शामिल करने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी।
भाजपा की बिहार इकाई के प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह आदर्श आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन है और हम निर्वाचन आयोग से मामले की जांच करने और उनके (आचार्य) खिलाफ उचित कार्रवाई शुरू करने का अनुरोध करते हैं।’’
बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के राज्य में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नीत महागठबंधन में शामिल होने के बारे में पूछे जाने पर सिन्हा ने कहा, ‘‘वे (मुकेश) राजनीतिक अवसरवादी हैं और... वे कुछ निहित स्वार्थों के कारण राजनीति में हैं। ऐसे नेता राज्य में जाति आधारित राजनीति को बढ़ावा दे रहे हैं। मतदाता ऐसे लोगों के बारे में जानते हैं...लोकसभा चुनाव में लोग उन्हें करारा जवाब देंगे।’’
सहनी शुक्रवार को महागठबंधन में शामिल हो गए। लगभग तीन साल पहले वह महागठबंधन छोड़कर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल हुए थे।
भाषा सिम्मी