दोपहर सवा दो बजे तक के मुख्य समाचार
राजकुमार रंजन
- 18 Jan 2025, 02:19 PM
- Updated: 02:19 PM
नयी दिल्ली, 18 जनवरी (भाषा) ‘भाषा’ की विभिन्न फाइल से शनिवार को अपराह्न दो बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं:
दि13 मोदी स्वामित्व कार्ड
प्रधानमंत्री मोदी ने 65 लाख स्वामित्व संपत्ति कार्ड बांटे
नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को लगभग 65 लाख स्वामित्व संपत्ति कार्ड वितरित किए और कहा कि इससे आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा गरीबी उन्मूलन में मदद मिलेगी।
दि4राहुल एम्स
एम्स के बाहर “नरक” जैसे हालात, केंद्र और दिल्ली सरकार जिम्मेदार: राहुल
नयी दिल्ली, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को आरोप लगाया कि यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के बाहर मरीज और उनके परिजन “नरक” जैसी स्थिति का सामना कर रहे हैं और इस स्थिति के लिए केंद्र तथा दिल्ली सरकार दोनों जिम्मेदार हैं।
दि8दिल्ली चुनाव केजरीवाल
अगर ‘आप’ सत्ता में लौटी तो किराएदारों को भी मुफ्त बिजली, पानी की योजना का लाभ मिलेगा: केजरीवाल
नयी दिल्ली, आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को घोषणा की कि अगर उनकी पार्टी फिर से सत्ता में आई तो किराएदारों को भी मुफ्त बिजली और पानी की योजना का लाभ देने के लिए निर्णायक कदम उठाएगी।
दि12न्यायालय इंजीनियर बच्चा
पोते के संरक्षण से जुड़ी अतुल सुभाष की मां की याचिका पर 20 जनवरी को सुनवाई करेगा न्यायालय
नयी दिल्ली, पत्नी के खिलाफ उत्पीड़न का आरोप लगाकर आत्महत्या करने वाले बेंगलुरु के इंजीनियर अतुल सुभाष की मां की याचिका पर उच्चतम न्यायालय सोमवार को सुनवाई करेगा। अतुल सुभाष की मां ने अपने पोते की अभिरक्षा की मांग करते हुए याचिका दायर की है।
प्रादे18बिहार राहुल
बिहार: राहुल गांधी एक दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचे
पटना, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचे। कांग्रेस सूत्रों ने इसकी जानकारी दी।
प्रादे17उप्र कुंभ न्यायमूर्ति यादव
इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश शेखर यादव राम मंदिर आंदोलन पर एक संगोष्ठी में शामिल नहीं होंगे
महाकुंभ नगर, इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश शेखर यादव कुंभ मेला क्षेत्र में आयोजित संगोष्ठी में शामिल नहीं होंगे। एक आयोजक ने यह जानकारी दी।
प्रादे9महाराष्ट्र सैफ स्वास्थ्य
सैफ की हालत में सुधार हो रहा है, दो से तीन दिन में छुट्टी मिलने की उम्मीद : चिकित्सक
मुंबई, 18 जनवरी (भाषा) बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान की हालत में सुधार हो रहा है और दो से तीन दिन में उन्हें छुट्टी मिलने की उम्मीद है। चिकित्सकों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
वि4इजराइल मंत्रिमंडल संघर्षविराम समझौता
इजराइली मंत्रिमंडल ने गाजा में संघर्ष विराम, बंधकों की रिहाई संबंधी समझौते को मंजूरी दी
यरुशलम, इजराइल के मंत्रिमंडल ने शनिवार को गाजा में संघर्ष विराम के लिए एक समझौते को मंजूरी दे दी, जिससे वहां बंधक बनाए गए दर्जनों लोगों को रिहा किया जा सकेगा और हमास के साथ 15 महीने से जारी लड़ाई रुक जाएगी।
वि5अमेरिका ट्रंप लिंकन बाइबल
मां द्वारा दी गयी बाइबल का इस्तेमाल करते हुए राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे ट्रंप
वाशिंगटन, 18 जनवरी (भाषा) डोनाल्ड ट्रंप 20 जनवरी को राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के दौरान अपनी मां द्वारा दी गई बाइबल और लिंकन बाइबल का इस्तेमाल करेंगे। शपथ ग्रहण समारोह से जुड़ी समिति ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अर्थ1आयकर कानून
सरकार बजट सत्र में नया आयकर विधेयक कर सकती है पेश
नयी दिल्ली, सरकार संसद के आगामी बजट सत्र में एक नया आयकर विधेयक पेश कर सकती है, जिसका उद्देश्य वर्तमान आयकर कानून को सरल बनाना, उसे समझने योग्य बनाना तथा पृष्ठों की संख्या में लगभग 60 प्रतिशत की कमी करना है।
खेल3खेल टेनिस ओपन भारत
बालाजी-वरेला की जोड़ी ऑस्ट्रेलियाई ओपन से बाहर
मेलबर्न, भारत के एन श्रीराम बालाजी और मैक्सिको के उनके जोड़ीदार मिगुएल एंजेल रेयेस-वरेला शनिवार को यहां नूनो बोर्गेस और फ्रांसिस्को कैब्राल की पुर्तगाली जोड़ी से दूसरे दौर में हार के बाद ऑस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष युगल से बाहर हो गए।
खेल5खेल रणजी राहुल
पंजाब के खिलाफ रणजी मैच से बाहर हो सकते हैं केएल राहुल
बेंगलुरु, सलामी बल्लेबाज केएल राहुल कोहनी की चोट से उबर रहे हैं जिसके कारण वह गुरुवार से यहां पंजाब के खिलाफ शुरू होने वाले कर्नाटक के रणजी ट्रॉफी मैच से बाहर हो सकते हैं।
भाषा राजकुमार