अभिनेता सैफ अली खान पर चाकू से हमला, सर्जरी के बाद हालत खतरे से बाहर
सुभाष देवेंद्र
- 16 Jan 2025, 10:38 PM
- Updated: 10:38 PM
मुंबई, 16 जनवरी (भाषा) मुंबई के बांद्रा इलाके में बुधवार देर रात अभिनेता सैफ अली खान के घर में घुसकर एक हमलावर ने उन पर चाकू से कई बार वार किया, जिसमें वह घायल हो गए। इस घटना के बाद शहर में फिल्मी हस्तियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाये जा रहे हैं।
लीलावती अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि सैफ (54) आपातकालीन सर्जरी के बाद ‘‘खतरे से बाहर’’ हैं। यह हमला कल रात करीब 2.30 बजे सतगुरु शरण इमारत की 12वीं मंजिल पर स्थित उनके अपार्टमेंट में अभिनेता के छोटे बेटे जेह के कमरे के बाहर हुआ।
पूरा परिवार -- सैफ, उनकी पत्नी एवं अभिनेत्री करीना कपूर, दंपती के चार वर्षीय बेटे जेह और आठ वर्षीय तैमूर -- अपने पांच घरेलू सहायकों के साथ 12वीं मंजिल के अपार्टमेंट में थे।
पुलिस को दिये बयान में, जेह की आया एलियामा फिलिप, जिसका सबसे पहले हथियारबंद हमलावर से सामना हुआ था, ने कहा कि उसने (हमलावर) एक करोड़ रुपये मांगे थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हमलावर ने जबरदस्ती घुसने या अभिनेता के फ्लैट में सेंध लगाने की कोशिश नहीं की, बल्कि संभवत: रात में किसी समय चोरी करने के इरादे से अंदर घुसा था। हमलावर सीढ़ियों के जरिये भाग निकला और फरार है।
रात की भयावह घटनाओं को याद करते हुए फिलिप ने बताया कि वह जेह के कमरे में फर्श पर सो रही थी और रात करीब 2 बजे उसकी नींद खुली, जब उसने एक आवाज सुनी और देखा कि एक व्यक्ति सो रहे बच्चे की ओर बढ़ रहा है। घबराकर वह उसे उठाने के लिए दौड़ी, लेकिन उस व्यक्ति ने उसे धक्का देकर दूर कर दिया, जिसके पास एक डंडा और एक लंबा ‘हेक्सा ब्लेड’ था। उसी कमरे में एक और आया भी सो रही थी।
‘हेक्सा ब्लेड’ का उपयोग धातु, लकड़ी या प्लास्टिक को काटने के लिए किया जाता है
फिलिप ने घटना पर पुलिस द्वारा प्राथमिकी का आधार बनाये जाने वाले बयान में कहा, ‘‘मैं यह देखने के लिए उठी कि बाथरूम में कौन है... मैंने एक दुबले-पतले और छोटे कद के व्यक्ति को बाहर आते और जेह के बिस्तर की ओर जाते देखा।’’ उसने कहा कि उस व्यक्ति ने उसे चेतावनी दी, ‘‘कोई आवाज नहीं।’’
चार साल से दंपती के घर काम कर रही फिलिप ने अपने बयान में कहा, ‘‘झड़प में उसने मुझ पर ब्लेड से हमला किया। मेरी कलाई पर चोट लग गई। मैंने उससे पूछा कि उसे क्या चाहिए। उसने कहा कि उसे पैसे चाहिए और उसे एक करोड़ रुपए चाहिए।’’
उसकी (फिलीप) की चीख सुनकर खान और करीना अपने कमरे से बाहर भागे। फिलिप ने बताया कि घुसपैठिया 35-40 साल का था, फिर उसने खान पर चाकू से हमला कर दिया। हंगामे के दौरान एक और घरेलू सहायिका भी शोर मचाने के लिए बाहर आई। इसके बाद हमलावर भाग गया।
सीसीटीवी फुटेज में, कथित हमलावर को लाल स्कार्फ पहने और बैग लेकर सतगुरु शरण इमारत की छठी मंजिल से सीढ़ियों के जरिये नीचे भागते देखा जा सकता है।
हमले की घटना को सुलझाने के लिए कम से कम 10 पुलिस टीमों का गठन किया गया है।
लीलावती अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि अभिनेता की रीढ़ की हड्डी से चाकू का 2.5 इंच का एक टुकड़ा निकाला गया। वह ‘‘ठीक होने की ओर शत-प्रतिशत अग्रसर हैं।’’
पुलिस ने ‘‘हत्या या गंभीर चोट पहुंचाने के प्रयास के साथ सशस्त्र डकैती’’ का मामला दर्ज किया है।
घटना के बाद, सैफ के घरेलू कर्मचारी उन्हें एक ऑटो रिक्शा से लीलावती अस्पताल ले गए। न्यूरोसर्जन डॉ. नितिन डांगे, कॉस्मेटिक सर्जन डॉ. लीना जैन और एनेस्थिसियोलॉजिस्ट डॉ. निशा गांधी के नेतृत्व में चिकित्सकों की एक टीम ने उनकी सर्जरी की।
अस्पताल के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) डॉ नीरज उत्तमानी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘उन्हें छह जगह चोटें आईं, जिनमें दो मामूली, दो मध्यम और दो गहरी चोटें हैं, इनमें से एक चोट पीठ पर है जो रीढ़ की हड्डी के करीब लगी है।’’
डॉ. डांगे ने कहा, ‘‘सैफ को चाकू से किए गए वार के कारण रीढ़ की हड्डी के बीच के हिस्से में गंभीर चोट आई है...चाकू निकालने और स्पाइनल फ्लूइड के रिसाव को रोकने के लिए सर्जरी की गई।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उनके बाएं हाथ और गर्दन के दाहिने हिस्से में दो और गहरे घाव थे, जिनका प्लास्टिक सर्जरी टीम ने उपचार किया।’’
डॉ डांगे ने कहा कि सैफ की हालत अब पूरी तरह से स्थिर है। वह ठीक हो रहे हैं और वह खतरे से पूरी तरह से बाहर हैं।
डॉ. उत्तमानी के अनुसार, ‘‘हमारी शुरूआती समझ के अनुसार अभिनेता ठीक होने की ओर शत-प्रतिशत अग्रसर हैं। उन्हें आईसीयू में स्थानांतरित कर दिया गया है। एक या दो दिन में उन्हें वार्ड में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।’’
महाराष्ट्र में विपक्षी नेताओं ने कहा कि देश की वित्तीय राजधानी में फिल्मी हस्तियां भी सुरक्षित नहीं हैं और मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, जिनके पास गृह विभाग भी है, कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहे हैं।
हालांकि, फडणवीस ने कहा कि यह हमला एक गंभीर घटना है, लेकिन इसके कारण मुंबई को असुरक्षित कहना गलत होगा और पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है।
भारतीय न्याय संहिता की धारा 311 (जान लेने या गंभीर चोट पहुंचाने के प्रयास के साथ डकैती), 331 (4) (रात में घर में जबरन घुसना या अनाधिकार प्रवेश) और अन्य संबद्ध प्रावधानों के तहत बांद्रा थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अभिनेत्री शर्मिला टैगोर और दिवंगत क्रिकेटर मंसूर अली खान पटौदी के बेटे सैफ को ‘‘ओमकारा’’, ‘‘दिल चाहता है’’, ‘‘कल हो ना हो’’ और ‘‘तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर’’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय के लिए जाना जाता है। उन्हें पद्मश्री से भी सम्मानित किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि मुंबई एक सुरक्षित शहर है। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि मुंबई देश के बड़े शहरों में सबसे सुरक्षित है। यह सच है कि कभी-कभी कुछ घटनाएं होती हैं और उन्हें गंभीरता से लिया जाना चाहिए। लेकिन यह कहना सही नहीं है कि ऐसी घटनाओं के कारण मुंबई असुरक्षित है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘...लेकिन शहर को सुरक्षित बनाने के लिए सरकार निश्चित रूप से लगातार प्रयास करती रहेगी।’’
राकांपा (एसपी) प्रमुख शरद पवार ने कहा कि यह घटना दर्शाती है कि महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ रही है।
पवार ने बारामती में संवाददाताओं से कहा, ‘‘हाल ही में इसी इलाके में एक व्यक्ति की हत्या हुई थी और अब यह घटना हुई है। ये सभी बातें चिंताजनक हैं।’’
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘राज्य सरकार, खासकर मुख्यमंत्री जिनके पास गृह विभाग का प्रभार भी है, उन्हें इन बातों पर अधिक गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।’’
पिछले साल अक्टूबर में राज्य के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की बांद्रा इलाके में तीन लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
इससे पहले पिछले साल अप्रैल में, अभिनेता सलमान खान के अपार्टमेंट के बाहर गोलीबारी हुई थी। अब उनके घर की बालकनी में बुलेटप्रूफ ग्लास लगा दिया गया है।
शिवसेना (उबाठा) सांसद संजय राउत ने कहा, ‘‘कोई भी सुरक्षित नहीं है। आम लोगों की तो बात ही छोड़िए, यहां तक कि जिन हस्तियों के पास अपनी सुरक्षा व्यवस्था है, वे भी सुरक्षित नहीं हैं।’’
कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंधे ने कहा कि फडणवीस कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल रहे हैं।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल और चिरंजीवी समेत प्रमुख राजनीतिक नेताओं ने सैफ अली खान पर हुए हमले को लेकर चिंता जताई।
बनर्जी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘अभिनेता सैफ अली खान पर हमले के बारे में सुनकर बहुत चिंतित हूं। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं, मुझे विश्वास है कि कानून अपना काम करेगा और हमले के जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाएगा। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शर्मिला दी, करीना कपूर और पूरे परिवार के साथ हैं।’’
केजरीवाल ने कहा, ‘‘सैफ अली खान पर हमले के बारे में सुनकर स्तब्ध हूं। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’
महाराष्ट्र के मंत्री आशीष शेलार ने कहा कि अभिनेता सैफ की पांच घंटे की सर्जरी हुई है और उन्हें आराम की जरूरत है।
अस्पताल का दौरा करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए, बांद्रा पश्चिम से भाजपा विधायक शेलार ने कहा, ‘‘सैफ को चाकू के छह घाव लगे और उसकी पांच घंटे की सर्जरी हुई। उसे आराम की जरूरत है। हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि परिवार सदमे से उबर जाए। (घटना पर) राजनीति करना अनुचित है।’’
भाषा सुभाष