उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमस्खलन की चेतावनी
शोभना
- 27 Jan 2026, 11:42 PM
- Updated: 11:42 PM
देहरादून, 27 जनवरी (भाषा) उत्तराखंड में बदरीनाथ और केदारनाथ सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी होने के बाद मंगलवार को हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गयी है । एक सप्ताह से भी कम समय में प्रदेश में दूसरी बार हिमपात हुआ है ।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और हिमस्खलन की आशंका को देखते हुए उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिलों को सतर्क कर दिया है ।
चंडीगढ़ रक्षा भू-सूचना अनुसंधान संस्थान (डीजीआरई)द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 27 जनवरी 2026 की शाम पांच बजे से 28 जनवरी 2026 पांच बजे तक राज्य के विभिन्न ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और हिमस्खलन की संभावना जतायी गयी है।
चमोली जिले में बदरीनाथ तथा रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ और आसपास की चोटियों पर सोमवार रात से रुक-रुक कर हिमपात हो रहा है जबकि उत्तरकाशी जिले की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई है ।
चकराता में भी शाम को बर्फबारी हुई जिसके बाद वहां के नजारे देखने के लिए पर्यटक उमड़ पड़े । स्की रिजॉर्ट औली में भी हिमपात हुआ ।
कुमांउ क्षेत्र में पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई ।
इसके अलावा, निचले इलाकों में भी हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गयी। देहरादून में मंगलवार को दिन की शुरुआत धूप से हुई लेकिन दोपहर में मौसम ने करवट ली और फिर रुक-रुक कर कई बार बारिश हुई । मौसम विभाग ने आरेंज अलर्ट जारी किया था जिसके कारण देहरादून में स्कूलों की छुट्टी की गयी थी।
एक सप्ताह के अंदर उत्तराखंड में दूसरी बार हिमपात हुआ है । इससे पहले लंबे इंतजार के बाद 23 जनवरी को प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई जिससे इन इलाकों में बर्फ की एक मोटी चादर बिछ गयी थी ।
डीजीआरई द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली एवं रुद्रप्रयाग को 'ऑरेंज' श्रेणी में रखा गया है। इस श्रेणी में आने वाले स्थानों में अधिकांश हिमस्खलन मार्गों पर गहरी एवं अस्थिर बर्फ जमी रहती है, जिसके कारण प्राकृतिक हिमस्खलन की संभावना रहती है तथा ऐसे हिमस्खलन मध्यम आकार में घाटी तल तक पहुंच सकते हैं। इस स्थिति में केवल चयनित एवं अपेक्षाकृत सुरक्षित मार्गों से ही अत्यंत सावधानी के साथ सीमित आवागमन उपयुक्त माना जाता है तथा बर्फ से लदी ढलानों पर किसी भी प्रकार की गतिविधि जोखिमपूर्ण हो सकती है ।
पिथौरागढ़ जिले को 'येलो' श्रेणी में रखा गया है । इस श्रेणी में आने वाले स्थान में कुछ हिमस्खलन मार्गों पर अस्थिर बर्फ पाई जाती है तथा सीमित क्षेत्रों में छोटे आकार के प्राकृतिक हिमस्खलन की संभावना बनी रहती है। ऐसी स्थिति में घाटी क्षेत्रों में सावधानी के साथ आवागमन संभव है, किंतु बर्फ से ढकी ढलानों पर जाने से बचाव किया जाना चाहिए ।
मौसम खराब रहने की आशंका के मद्देनजर टिहरी, उत्तरकाशी, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ तथा उधमसिंह नगर जिले में कक्षा 12 तक के स्कूलों की छुट्टी कर दी गयी है।
भाषा दीप्ति शोभना
शोभना
शोभना
2701 2342 देहरादून