मणिपुर में शांति प्रयासों को पटरी से उतारने की कोशिश कर रहे हैं निहित स्वार्थ वाले तत्व: खेमचंद सिंह
माधव
- 18 Jul 2026, 08:41 PM
- Updated: 08:41 PM
इंफाल, 18 जुलाई (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने शनिवार को आरोप लगाया कि कुछ निहित स्वार्थ वाले तत्व जातीय हिंसा प्रभावित राज्य में शांति बहाल करने के सरकार के प्रयासों को पटरी से उतारने की कोशिश कर रहे हैं।
थौबल जिले के लिलोंग विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मंडल स्तरीय राजनीतिक कार्यकर्ताओं के एक दिवसीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद उनकी पहली प्राथमिकता लगभग तीन वर्षों से जातीय संघर्ष झेल रहे मणिपुर के लोगों को फिर से एकजुट करना रही है।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने असम की सीमा से लगे जिरीबाम जिले का दो बार दौरा किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस दौरान उन्होंने विभिन्न राहत शिविरों में रह रहे आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों (आईडीपी) से मुलाकात की और मेइती तथा हमार समुदाय के हिंसा पीड़ित परिवारों से बातचीत की।
उन्होंने कहा कि सड़क मार्ग से किए गए अपने दूसरे दौरे के दौरान उनकी मुलाकात कुकी, हमार, पाइते, मइती, मेइती मुस्लिम और रोंगमेई नगा समुदायों के लोगों से हुई। उन्होंने कहा कि जिले में अब ये सभी समुदाय शांतिपूर्वक साथ रह रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हालांकि, बिष्णुपुर जिले के त्रोंगलाओबी में हाल में हुए बम विस्फोट के बाद शांति प्रक्रिया को झटका लगा, जिसमें दो बच्चों की मौत हो गई थी।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कुछ निहित स्वार्थी तत्व राज्य में शांति नहीं चाहते और सरकार की पहलों में बाधा डालने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ''ऐसे दुर्भावनापूर्ण लोग आम नागरिकों का जीवन अनिश्चितकाल तक बाधित नहीं कर सकते। अंततः ईमानदारी और सच्ची नीयत की जीत होगी। भगवान उन्हें माफ नहीं करेंगे।''
संवेदनशील और हिंसा प्रभावित क्षेत्रों के उनके दौरों को लेकर समर्थकों द्वारा जताई गई चिंताओं का उल्लेख करते हुए सिंह ने कहा कि जोखिमों के बावजूद वह राज्य में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने पूरे राज्य में लोगों तक पहुंच बनाने के अपने प्रयास जारी रखने का संकल्प दोहराते हुए कहा, ''हर व्यक्ति जन्म लेता है और एक दिन उसे मरना ही है।''
सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री मोहम्मद अलीमुद्दीन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके साहस, दृढ़ संकल्प और जनता के प्रति समर्पण की सराहना की, जिन्होंने लिलोंग विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था।
बाद में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में सिंह ने कहा कि भाजपा की ताकत उसके समर्पित जमीनी कार्यकर्ताओं में निहित है और उन्हें विश्वास है कि यह सम्मेलन संगठन को और मजबूत करेगा।
भाषा अमित माधव
माधव
1807 2041 इंफाल