प्रधानमंत्री मोदी कच्चातिवु मामले में ‘अफवाह’ फैला रहे : स्टालिन
धीरज शफीक
- 03 Apr 2024, 11:03 PM
- Updated: 11:03 PM
तिरुवन्नामलाई, तीन अप्रैल (भाषा) केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) को घेरने के लिए उठाए जा रहे कच्चातिवु मुद्दे का परोक्ष संदर्भ देते हुए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर सूचना के अधिकार अधिनियम (आरटीआई) का उपयोग करके ‘‘अफवाहें’’ फैलाने का आरोप लगाया।
द्रमुक प्रमुख स्टालिन ने आरटीआई को लोगों को भ्रमित करने में भाजपा का नया ‘सहयोगी’ करार दिया।
स्टालिन ने मंदिरों के शहर तिरुवन्नामलाई में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण की आलोचना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने एक ऋणदाता की भाषा में बात की है और राज्य सरकार से ‘‘5,000 करोड़ रुपये’’ का हिसाब मांगा है, जिसके बारे में उनका दावा है कि यह केंद्र द्वारा जारी किया गया था।
स्टालिन ने कहा कि सीतारमण राज्य को दिए गए भुगतान को केंद्र सरकार की ओर से दिया गया भुगतान नहीं कह सकतीं क्योंकि यह तमिलनाडु सरकार द्वारा लिया गया ऋण था जो केवल केंद्र के माध्यम से लिया गया था।
उन्होंने कहा, ‘‘भारत में बहुलवाद और सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने के लिए भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकना चाहिए।’’
स्टालिन ने दावा किया कि प्रत्येक नागरिक ऐसा करने के लिए तैयार है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इसका अहसास है, इसलिए वह हर दिन ‘‘अफवाहें और झूठ’’ फैलाकर वोट हासिल करने का प्रयास कर रहे हैं।
स्टालिन ने कहा कि भय के कारण, मोदी के ‘‘सहयोगी, आयकर विभाग’’ ने कांग्रेस पार्टी के खिलाफ कर मांग पर कोई भी दंडात्मक कार्रवाई शुरू नहीं करने का वचन दिया है और इसी तरह, ईडी ने आम आदमी पार्टी के संजय सिंह की जमानत का विरोध नहीं किया है।
मोदी पर हमला करते हुए द्रमुक अध्यक्ष ने आरोप लगाया, ‘‘जैसे कि प्रवर्तन निदेशालय, आयकर विभाग और सीबीआई पर्याप्त नहीं हैं, उन्होंने अब लोगों को भ्रमित करने के लिए सूचना के अधिकार अधिनियम (आरटीआई) को ‘गठबंधन’ में शामिल कर लिया है।’’
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि मोदी आरटीआई के नाम पर ‘‘अफवाह फैलाने की बाजीगरी’’ में लगे हैं क्योंकि वह समझ गए हैं कि लोग उनकी बातों पर विश्वास नहीं करेंगे।
मुख्यमंत्री ने उस घटनाक्रम को रेखांकित किया जिसमें तमिलनाडु इकाई के भाजपा अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने विदेश मंत्रालय से आरटीआई के जरिये कच्चातिवु को लेकर खुलासा किया है। भाजपा इस जानकारी का उपयोग कर श्रीलंका को द्वीप देने के लिए सीधे तौर पर कांग्रेस और द्रमुक को जिम्मेदार ठहरा रही है।
भाषा धीरज