हुंदै का 27,870 करोड़ रुपये का आईपीओ 15 अक्टूबर को खुलेगा, मूल्य दायरा 1,865-1960 रुपये प्रति शेयर
अनुराग प्रेम
- 09 Oct 2024, 06:54 PM
- Updated: 06:54 PM
(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली/ मुंबई, नौ अक्टूबर (भाषा) प्रमुख वाहन विनिर्माता हुंदै मोटर इंडिया लिमिटेड (एचएमआईएल) का 27,870 करोड़ रुपये (लगभग 3.3 अरब डॉलर) का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 15 अक्टूबर को खुलेगा। आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 1,865-1,960 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।
दक्षिण कोरियाई कंपनी हुंदै की भारतीय इकाई एचएमआईएल ने बुधवार को अपने प्रस्तावित आईपीओ की रूपरेखा पेश की। यह आईपीओ 17 अक्टूबर को बंद होगा जबकि एंकर यानी प्रमुख निवेशक 14 अक्टूबर को शेयरों के लिए बोली लगा सकेंगे।
यह भारतीय बाजार का सबसे बड़ा आईपीओ होगा। इससे पहले सार्वजनिक क्षेत्र की बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के आईपीओ का आकार 21,000 करोड़ रुपये था।
इनके अलावा, भारत में पेटीएम की मूल कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस नवंबर, 2021 में 18,300 करोड़ रुपये का आईपीओ लेकर आई थी। इसके अलावा कोल इंडिया लिमिटेड ने अक्टूबर, 2010 में 15,199 करोड़ रुपये का आईपीओ पेश किया था।
रिलायंस पावर ने जनवरी, 2008 में 11,563 करोड़ रुपये का आईपीओ पेश किया और जनरल इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया अक्टूबर, 2017 में 11,176 करोड़ रुपये का आईपीओ लेकर आई थी।
हुंदै मोटर इंडिया ने अपने आईपीओ के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए एक ‘रोडशो’ कार्यक्रम भी आयोजित किया।
इस दौरान एचएमआईएल के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) तरुण गर्ग ने पीटीआई-भाषा से बातचीत में कहा कि कंपनी को चालू त्योहारी सत्र में कारों की मांग में बहुत अच्छी वृद्धि की उम्मीद है और वह वाहन उद्योग के समक्ष वैश्विक चुनौतियों को लेकर चिंतित नहीं है।
उन्होंने कहा कि भारत वृद्धि के लिए एक बहुत मजबूत बाजार है, जो लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, “किसी तरह की नरमी और उतार-चढ़ाव हमेशा होता रहेगा। वैसे भी, हमने हमेशा जून, जुलाई, अगस्त, सितंबर के महीनों को गर्मी और अन्य कारणों से देखा है। लेकिन अब हम त्यौहारों के मौसम में प्रवेश कर चुके हैं।”
एचएमआईएल के प्रबंध निदेशक (एमडी) और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) उन्सू किम ने रोडशो में कहा, “भारत दुनिया का सबसे रोमांचक बाजार है। हमें अपनी मूल कंपनी हुंडई मोटर कंपनी की व्यापक वैश्विक पारिस्थितिकी का फायदा मिलता है, जो इसे प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले रणनीतिक और प्रतिस्पर्धी बढ़त देता है।”
उन्होंने कहा, “हुंदै के परिचालन को अधिक भारतीय बनाने का यह सही समय है। आईपीओ यह सुनिश्चित करेगा कि कंपनी शेयरधारकों और निवेशकों को वृद्धि प्रदान करते हुए घरेलू बाजार में सफलता के लिए और भी अधिक समर्पित हो।”
कंपनी ने कहा कि प्रस्तावित आईपीओ पूरी तरह प्रवर्तक कंपनी हुंदै मोटर की तरफ से 14,21,94,700 इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित है।
एचएमआईएल ने 1996 में भारत में परिचालन शुरू किया था और यह विभिन्न खंडों में 13 मॉडल बेच रही है।
यह आईपीओ भारतीय उद्योग के लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि दो दशक के बाद कोई वाहन विनिर्माता कंपनी अपना आईपीओ ला रही है। इससे पहले जापान की वाहन विनिर्माता कंपनी मारुति सुजुकी 2003 में आईपीओ लाई थी।
मूल कंपनी हुंदै ओएफएस मार्ग के जरिये अपनी कुछ हिस्सेदारी बेच रही है। चूंकि यह सार्वजनिक निर्गम पूरी तरह से ओएफएस पर आधारित है, लिहाजा इस आईपीओ से एचएमआईएल को कोई राशि नहीं मिलेगी।
एचएमआईएल ने उम्मीद जताई है कि इक्विटी शेयरों की सूचीबद्धता से ‘कंपनी की दृश्यता और ब्रांड छवि बढ़ेगी तथा शेयरों के लिए तरलता और सार्वजनिक बाजार उपलब्ध होगा।’
इस विशाल आईपीओ के साथ, हुंदै मोटर इंडिया देश में अपने वाहनों की मजबूत मांग का लाभ उठाना चाहती है। कंपनी को इस पेशकश से “निवेशकों की महत्वपूर्ण रुचि आकर्षित होने की उम्मीद” है।
ऊपरी मूल्य दायरे पर आईपीओ का आकार 27,870 करोड़ रुपये और कंपनी का बाजार मूल्यांकन निर्गम के बाद लगभग 1.6 लाख करोड़ रुपये (लगभग 19 अरब डॉलर) रहने का अनुमान जताया गया है।
भाषा अनुराग