औरंगाबाद के भाजपा सांसद ने नामांकन पत्र दाखिल किया
धीरज
- 25 Mar 2024, 10:53 PM
- Updated: 10:53 PM
पटना, 25 मार्च (भाषा) बिहार की औरंगाबाद लोकसभा सीट से लगातार चौथी बार चुनाव लड़ रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद सुशील कुमार सिंह ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
भाजपा द्वारा बिहार की 40 में से सभी 17 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा के एक दिन बाद सिंह ने आज अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
सिंह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के टिकट पर 2009 में औरंगाबाद से पहली बार सांसद चुने गए थे। भाजपा उम्मीदवार के तौर हैट्रिक बनाने के लक्ष्य के साथ सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के संस्थापक जीतन राम मांझी और उनके पुत्र व मंत्री संतोष सुमन जैसे कई नेताओं एवं सहयोगियों की उपस्थिति में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
मांझी इमामगंज से विधायक हैं, जो औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
‘हम’ संस्थापक स्वयं निकटवर्ती गया निर्वाचन क्षेत्र (आरक्षित) से चुनाव लड़ेंगे। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में सीट बंटवारे के तहत मांझी की पार्टी को बिहार में एकमात्र गया सीट दी गई है।
सिंह के नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद राजग नेताओं ने विश्वास जताया कि उनका गठबंधन ‘‘बिहार में सभी 40 सीटें जीतेगा और संसद में 400 का आंकड़ा पार करेगा’’।
बिहार में लोकसभा चुनाव सभी सात चरणों में होना है और पहले चरण में 19 अप्रैल को चार सीटों, औरंगाबाद, गया, नवादा और जमुई के लिए मतदान होगा।
पहले चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया बृहस्पतिवार को समाप्त होगी। हालांकि, अब तक औरंगाबाद के सांसद एकमात्र राजग उम्मीदवार हैं जिन्होंने बिहार में नामांकन पत्र दाखिल किया है।
राजद ने औरंगाबाद सीट से जदयू छोड़कर आए अभय कुशवाह को अपना उम्मीदवार बनाया है। राजद के इस फैसले पर कांग्रेस ने आपत्ति जताई थी क्योंकि वह इस सीट से दिल्ली के पूर्व पुलिस आयुक्त निखिल कुमार को लड़ाना चाहती थी जिन्होंने 2009 में यहां से जीत दर्ज की थी।
राज्यसभा सांसद विवेक ठाकुर जिन्हें भाजपा ने नवादा से अपना उम्मीदवार बनाया है तथा मांझी अगले कुछ दिनों में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं।
ठाकुर के खिलाफ बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राजद ने श्रवण कुमार कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया है जिन्होंने अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है।
राजद ने जमुई सीट से अर्चना रविदास को उम्मीदवार बनाया है जहां से निवर्तमान लोकसभा में चिराग पासवान सांसद हैं।
चिराग इसबार हाजीपुर से चुनाव लड़ेंगे और उनके बहनोई अरुण भारती को जमुई सीट से चुनावी मैदान में उतारे जाने की संभावना है। हालांकि राजग में घटक उनकी पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने इस संबंध में आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
मांझी ने दो बार गया सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा था लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। बोधगया के राजद विधायक कुमार सर्वजीत मांझी को गया सीट पर चुनौती देंगे।
भाषा अनवर