सिक्किम : एसडीएफ ने उम्मीदवारों की सूची जारी की
तेनजिंग नोरबू (लामथा) शियारी (बीएल-सु) सीट से एसडीएफ के उम्मीदवार होंगे
- 25 Mar 2024, 10:33 PM
- Updated: 10:33 PM
गंगटोक, 25 मार्च (भाषा) सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री और एसडीएफ सुप्रीमो पवन कुमार चामलिंग आगामी विधानसभा चुनाव में नामची जिले की पोकलोक-कामरांग सीट से चुनाव लड़ेंगे, जबकि भारत के पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी बाईचुंग भूटिया बारफुंग निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) ने सोमवार को उम्मीदवारों की सूची जारी की।
विपक्षी एसडीएफ ने राज्य विधानसभा चुनाव और राज्य की एकमात्र लोकसभा सीट के लिए 30 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है।
पांच बार के पूर्व मुख्यमंत्री चामलिंग ने मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग की पत्नी कृष्णा कुमारी राय के साथ मुकाबले से बचने के लिए अपनी मौजूदा नामची-सिंघीथांग सीट को छोड़कर पोकलोक-कामरांग सीट से चुनाव लड़ने का फैसला किया है।
भारत के पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी बाईचुंग भूटिया बारफुंग (बीएल-सु) सीट से चुनाव लड़ेंगे, जबकि एम जी भूटिया को युकसोम-ताशीडिंग (बीएल-सु) सीट से टिकट दिया गया है। सिक्किम की 32 सदस्यीय विधानसभा और एकमात्र लोकसभा सीट के लिए चुनाव एक साथ 19 अप्रैल को होंगे।
पूर्व सांसद पी डी राय राज्य की एकमात्र लोकसभा सीट के लिए एसडीएफ के उम्मीदवार होंगे।
केशम लिंबू को यांगथांग निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में उतारा गया है, जबकि एस पी भूटिया रिनचेनपोंग (बीएल-सु) से अपनी किस्मत आजमाएंगे। एसडीएफ ने दारामदीन (बीएल-सु) से पी एन शेरपा को टिकट दिया है, जबकि सोरेंग चाकुंग सीट से ए डी सुब्बा चुनाव लड़ेंगे। जे बी दर्नाल जूम सलघारी (एससी) से एसडीएफ उम्मीदवार होंगे, जबकि बिमल राय नामची सिंघीथांग से चुनाव लड़ेंगे।
निर्मल कुमार प्रधान मेल्ली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे, जबकि सुमन तिवारी को टेमी नामफिंग से टिकट दिया गया है।
एम के सुब्बा रंगांग यांगांग सीट से चुनाव लड़ेंगे, जबकि नोरजांग लेप्चा को तुमिन लिंगी सीट से चुनाव मैदान में उतारा गया है।
सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) से एसडीएफ में शामिल होने वाले पूर्व मंत्री एम के शर्मा को खामदोंग सिंगतम सीट से टिकट दिया गया है, जबकि संगीता भंडारी रेनॉक सीट से एसडीएफ की उम्मीदवार होंगी।
एम के गुरुंग चुजाचेन से चुनाव लड़ेंगे, जबकि टीडब्ल्यू लेप्चा गनाथांग माचोंग (बीएल-सु) से चुनाव लड़ेंगे। मेचुंग भूटिया मार्टम रुमटेक (बीएल-सु) से चुनाव लड़ेंगे, जबकि सी बी छेत्री अपर ताडोंग से एसडीएफ के उम्मीदवार होंगे।
एसजी लेप्चा को जोंगू (बीएल-सु) से उम्मीदवार बनाया गया है जबकि पूर्व राज्यसभा सदस्य हिसी लाचुंगा को लाचेन-मंगन (बीएल-सु) सीट से टिकट दिया गया है।
आशीष राय अरिथांग से चुनाव लड़ेंगे, जबकि पीसी लेप्चा को गंगटोक (बीएल-सु) से टिकट दिया गया है। वहीं, डीबी थापा मंगर अपर बर्टुक सीट से एसडीएफ के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे, जबकि जीसी लेप्चा को काबी लुंगचोक (बीएल-सु) से चुनाव मैदान में उतारा गया है। नोरजांग लेप्चा और आचार्य टार्गेटिंग लामा क्रमशः तुमिन लिंगी (बीएल-सु) और संघा सीट से चुनाव लड़ेंगे।
तेनजिंग नोरबू (लामथा) शियारी (बीएल-सु) सीट से एसडीएफ के उम्मीदवार होंगे