दिल्ली सरकार के मंत्रिमंडल में मुकेश अहलावत नया चेहरा, चार मंत्रियों को फिर मिलेगा पद: आप
प्रीति संतोष
- 19 Sep 2024, 05:09 PM
- Updated: 05:09 PM
नयी दिल्ली, 19 सितंबर (भाषा) दिल्ली की नामित मुख्यमंत्री आतिशी के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक मुकेश अहलावत नया चेहरा होंगे जबकि चार मंत्री बरकरार रहेंगे। ‘आप’ ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
दिल्ली की मुख्यमंत्री नामित की गईं आतिशी और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी 21 सितंबर को पद की शपथ लेंगे।
आप ने कहा कि निवर्तमान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के मंत्रीमंडल का हिस्सा रहे गोपाल राय, सौरभ भारद्वाज, कैलाश गहलोत और इमरान हुसैन को पुन: मंत्रिमंडल में जगह दी जाएगी।
आप के राष्ट्रीय संयोजक के विश्वासपात्र सहयोगियों मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन द्वारा पिछले साल फरवरी में इस्तीफा देने के बाद आतिशी और भारद्वाज को केजरीवाल के मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था।
अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया, जिसके बाद आतिशी ने राष्ट्रीय राजधानी में नयी सरकार बनाने का दावा पेश किया।
केजरीवाल की अध्यक्षता वाले मंत्रीमंडल में आतिशी के पास वित्त, राजस्व, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और शिक्षा जैसे 13 प्रमुख विभाग हैं। इतने सारे विभागों को संभालने में उनके अनुभव के कारण ही आतिशी को केजरीवाल का उत्तराधिकारी चुना गया।
गोपाल राय पर्यावरण, विकास और सामान्य प्रशासन विभाग संभालते हैं जबकि भारद्वाज स्वास्थ्य, पर्यटन और शहरी विकास विभाग के मंत्री हैं।
कैलाश गहलोत के पास परिवहन, गृह तथा महिला एवं बाल विकास विभाग हैं, जबकि हुसैन खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री हैं।
दिल्ली के सुल्तानपुर माजरा से विधायक अहलावत को समाज कल्याण मंत्री राज कुमार आनंद द्वारा इस्तीफा देने के बाद खाली हुए स्थान पर शामिल किया जाएगा।
आनंद ने अप्रैल में केजरीवाल सरकार से इस्तीफा दे दिया था और 'आप' से भी नाता तोड़ लिया था।
केजरीवाल के पास कोई विभाग नहीं है।
अहलावत सुल्तानपुर माजरा से पहली बार विधायक बने हैं। उन्होंने 2020 में 48,000 से अधिक मतों के अंतर से इस सीट पर जीत हासिल की थी।
नये मंत्रिमंडल को लंबित नीतियों और कल्याणकारी योजनाओं जैसे कि मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना, इलेक्ट्रिक वाहन नीति 2.0 और घर तक सेवाओं की आपूर्ति जैसी योजनाओं पर तेजी से काम करना होगा और उन्हें मंजूरी देनी होगी।
केजरीवाल सरकार का दिल्ली के उपराज्यपाल के साथ शासन और विभिन्न योजनाओं के कार्यान्वयन के मुद्दों पर कई बार टकराव हुआ है।
दिल्ली सरकार के मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत सात सदस्य हैं। नयी मुख्यमंत्री और नये सदस्यों का कार्यकाल संक्षिप्त होगा क्योंकि अगले साल फरवरी में दिल्ली विधानसभा चुनाव होंगे।
दिल्ली सरकार के मंत्रिमंडल के सातवें सदस्य के नाम की घोषणा होनी अभी बाकी है।
नये मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह राज निवास में आयोजित किया जा सकता है। हालांकि, केजरीवाल ने जिन परिस्थितियों में इस्तीफा दिया है उसके मद्देनजर यह ‘सादा समारोह’ हो सकता है।
आतिशी ने खुद कहा है कि अरविंद केजरीवाल का इस्तीफा बेहद दुखद क्षण था।
भाषा प्रीति