कांग्रेस ने राहुल को ‘धमकी’ के मामले में शिकायत दर्ज कराई, कार्रवाई की मांग की
हक हक पारुल
- 18 Sep 2024, 09:19 PM
- Updated: 09:19 PM
नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) कांग्रेस ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ विवादित बयान और ‘जान से मारने की धमकी देने’’ के लिए बुधवार को यहां केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू समेत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिवसेना के चार नेताओं के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई तथा देश में कई जगहों पर विरोध-प्रदर्शन किया।
मुख्य विपक्षी दल ने आरोप लगाया कि राहुल के जीवन को खतरे में डालने के मकसद से नफरत और हिंसा फैलाई जा रही है तथा इस सुनियोजित अभियान को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की शह मिल रही है।
पार्टी के कोषाध्यक्ष अजय माकन ने यहां तुगलक रोड थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
कांग्रेस ने बिट्टू, भाजपा नेता तरविंदर मारवाह, उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रघुराज सिंह और शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351, 352, 353, 61 के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
शिकायत दर्ज कराने के बाद माकन ने संवाददाताओं से कहा कि राहुल को जान से मारने की धमकी दी जा रही है, क्योंकि वह दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और गरीबों के हित में और संविधान को बचाने की बात करते हैं।
माकन ने यह भी कहा कि राहुल और कांग्रेस इस तरह की धमकियों से डरने वाले नहीं हैं।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि राहुल के खिलाफ हिंसा की साजिश रची गई है।
उन्होंने कहा कि यदि भाजपा अपने लोगों को नियंत्रित नहीं करती है तो कांग्रेस के लोग भी उसके मंत्रियों और सांसदों के घरों तक पहुंचकर विरोध दर्ज कराएंगे।
उल्लेखनीय है कि अमेरिका में राहुल की टिप्पणियों को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी के आवास ‘10 जनपथ’ के पास प्रदर्शन किया था।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने राहुल के खिलाफ दिए गए विवादित बयानों को लेकर आरोप लगाया कि यह एक सुनियोजित अभियान है, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की शह मिल रही है और कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘भाजपा नेताओं की राहुल पर की गई टिप्पणी, राहुल के जीवन को खतरे में डालने की एक सोची-समझी साजिश है। यह हिंसा और जंगलराज वाली राजनीति है, जिसकी परिभाषा में सिर्फ भय और घृणा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘सच्चाई यह है कि भाजपा में ऐसे हिंसक बयान ही आगे बढ़ने का जरिया हैं। लेकिन, हम हर कानूनी विकल्प का इस्तेमाल करेंगे और ऐसे लोगों को सजा दिलवाएंगे।’’
दिल्ली में कांग्रेस नेताओं ने राहुल के खिलाफ विवादित बयानों को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया।
भारतीय युवा कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू का पुतला जलाया।
बिट्टू ने हाल की अमेरिका यात्रा के दौरान राहुल द्वारा सिखों के संबंध में की गई टिप्पणी को लेकर रविवार को उनकी आलोचना की थी और उन्हें ‘‘देश का सबसे बड़ा दुश्मन और आतंकवादी’’ बताया था।
वहीं, मारवाह ने कहा था कि राहुल का वही हश्र होगा, जो उनकी दादी (भूतपूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी) का हुआ था।
भाजपा नेता रघुराज सिंह और शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ ने भी राहुल के बारे में विवादास्पद बयान दिए थे।
भाषा
हक हक