केरल: जयराजन परिवार और चंद्रशेखर के बीच संबंधों के आरोप लगने के बाद सियासी पारा चढ़ा
जोहेब रंजन
- 20 Mar 2024, 08:41 PM
- Updated: 08:41 PM
तिरुवनंतपुरम, 20 मार्च (भाषा) केरल में सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के संयोजक ई.पी जयराजन के परिवार और भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर की कंपनी के बीच कारोबारी रिश्ते होने के आरोपों को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है।
इस बीच, जयराजन की पत्नी की शिकायत के आधार पर कांग्रेस के एक स्थानीय नेता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनकी तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ की गई है।
वहीं, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी.डी. सतीशन के एलडीएफ संयोजक पर नए आरोप लगाने से मामले ने तूल पकड़ लिया है।
सतीशन ने कहा कि जयराजन ने केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर के साथ अपने परिवार के व्यापारिक संबंध होने की बात मानते हुए स्वीकार किया है कि भाजपा नेता की कंपनी से जुड़े एक रिसॉर्ट में उनकी पत्नी की हिस्सेदारी है।
सतीशन ने कहा, "मैंने दावा किया था कि उनके (जयराजन के) परिवार के चंद्रशेखर से व्यापारिक संबंध हैं, जिससे उन्होंने शुरू में इनकार किया था। अब, उन्होंने स्वीकार किया है कि चंद्रशेखर की कंपनी से जुड़े एक रिसॉर्ट में उनकी पत्नी की हिस्सेदारी है। इसलिए, मैंने अपनी विश्वसनीयता साबित कर दी है।"
उन्होंने कहा कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) को यह बताना होगा कि पार्टी के एक वरिष्ठ सदस्य के भाजपा नेता के साथ व्यापारिक संबंध कैसे हैं।
दूसरी ओर, चंद्रशेखर ने सवाल किया कि उनकी पत्नी और जयराजन के बीच व्यावसायिक संबंध को माकपा-भाजपा गठजोड़ के रूप में कैसे देखा जा सकता है। सतीशन ने यह भी कहा कि उनके पास चंद्रशेखर की कंपनी द्वारा जारी की गई तस्वीरें हैं, जिसमें जयराजन के परिवार के सदस्यों को कंपनी के प्रबंधन सदस्यों के तौर पर देखा जा सकता है।
इससे पहले दिन में, एलडीएफ संयोजक जयराजन ने सतीशन पर "गंदी राजनीति" करने का आरोप लगाया।
जयराजन ने आरोप लगाया कि 26 अप्रैल को राज्य में होने वाले लोकसभा चुनाव में तिरुवनंतपुरम निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार चंद्रशेखर के साथ उनकी पत्नी इंदिरा की मुलाकात की तस्वीरों से छेड़छाड़ की गई, जिसमें सतीशन का हाथ है।
जयराजन की पत्नी ने तस्वीरों से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए तिरुवनंतपुरम जिला कांग्रेस समिति (डीसीसी) के सदस्य के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
राज्य के कन्नूर जिले के बलियापट्टम थाने में मंगलवार को डीडीसी सदस्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 153 (दंगा भड़काने के इरादे से जानबूझकर उकसावे देना) और 465 (जालसाजी) समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सतीशन ने उक्त तस्वीर के बारे में कोई भी जानकारी होने से इनकार किया। सतीशन पिछले कुछ समय से आरोप लगाते रहे हैं कि जयराजन के चंद्रशेखर के साथ व्यापारिक संबंध हैं। जयराजन और चंद्रशेखर इन आरोपों को खारिज करते रहे हैं।
भाषा जोहेब