फिल्म अभिनेता के सोशल मीडिया पोस्ट से एलडीएफ और भाजपा उम्मीदवारों के बीच विवाद
खारी रमाधव
- 18 Mar 2024, 10:02 PM
- Updated: 10:02 PM
त्रिशूर (केरल), 18 मार्च (भाषा) प्रसिद्ध कथकली कलाकार के. गोपी के बेटे और फिल्म अभिनेता टोविनो थॉमस की ओर से सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट ने त्रिशूर लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के प्रत्याशियों के लिए सोमवार को विवाद खड़ा कर दिया।
के.गोपी के बेटे रघु गुरुकृपा की सोशल मीडिया मंच ‘फेसबुक’ पर एक कथित पोस्ट में आरोप लगाया गया कि भाजपा उम्मीदवार सुरेश गोपी ने लोकसभा चुनाव में अपने लिए समर्थन जुटाने के लिए उनके पिता पर दबाव डालने की कोशिश की, हालांकि भाजपा नेता ने इस आरोप से इनकार किया है।
दूसरे विवाद में, वामपंथी उम्मीदवार सुनील कुमार ने टोविनो थॉमस के साथ मुलाकात को लेकर फेसबुक पर एक पोस्ट की, लेकिन जब अभिनेता ने कहा कि वह निर्वाचन आयोग के ‘सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा और निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम’ (एसवीईईपी) के लिए केरल के एंबेस्डर हैं तो वाम उम्मीदवार को उनकी पोस्ट हटानी पड़ी।
उन्होंने कहा कि उनकी फोटो का इस्तेमाल न किया जाए।
सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गुरुकृपा ने अपने पोस्ट को हटा दिया। उन्होंने अपनी पोस्ट में आरोप लगाया था कि एक प्रसिद्ध चिकित्सक ने उनके पिता को फोन किया और कहा कि सुरेश गोपी उनका आशीर्वाद लेने के लिए उनके घर आएंगे।
गुरुकृपा ने आरोप लगाया, ‘‘ जब चिकित्सक को कहा गया कि वह ऐसा नहीं कर सकते तो चिकित्सक ने कहा (कलामंडलम गोपी से) कि क्या वह पद्मभूषण चाहते हैं?’’
इस पोस्ट का ‘‘स्क्रीनशॉट’’ भी सोशल मीडिया पर खूब प्रसारित हो रहा है।
आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए सुरेश गोपी ने कहा कि के. गोपी उनके गुरु की तरह हैं और उन्होंने किसी और को कथकली आचार्य से संपर्क करने के लिए नहीं कहा।
गोपी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ अगर पार्टी के. गोपी से मिलने के लिए कहेगी तो मैं उनसे मिलूंगा। मेरी कोई रणनीति नहीं है। मैं सीधे लोगों के पास आता हूं।’’
एलडीएफ उम्मीदवार सुनील कुमार को भी थॉमस के सोशल मीडिया पोस्ट पर शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा।
थॉमस ने पोस्ट में कहा, ‘‘ सभी लोकसभा उम्मीदवारों को मेरी शुभकामनाएं। मैं यह बताना चाहता हूं कि मैं निर्वाचन आयोग के सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा और निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम के लिए केरल का एंबेस्डर हूं और इसलिए मेरी तस्वीर का उपयोग करना कानून के खिलाफ है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ यदि कोई इसका उपयोग कर रहा है, तो मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि इसकी न मुझे जानकारी है और न ही मेरी कोई मंजूरी ली गई है। सभी को निष्पक्ष चुनाव अनुभव की शुभकामनाएं।’’
त्रिशूर लोकसभा सीट के लिए भाजपा की तरफ से अभिनेता से नेता बने सुरेश गोपी, यूडीएफ की तरफ से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं वटकारा से मौजूदा सांसद के मुरलीधरन और एलडीएफ की तरफ से पूर्व मंत्री एवं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकापा) के नेता वीएस सुनील कुमार प्रत्याशी हैं।
भाषा खारी र