कांग्रेस नेता सतीशन ने विजयन पर भाजपा के लिए ‘संभावनाएं’ बनाने का आरोप लगाया
खारी नरेश
- 18 Mar 2024, 05:46 PM
- Updated: 05:46 PM
तिरुवनंतपुरम, 18 मार्च (भाषा) लोकसभा चुनाव के वास्ते प्रचार अभियान के गति पकड़ने के साथ ही केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी.डी. सतीशन ने सोमवार को मुख्यमंत्री पिनराई विजयन पर राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए ‘संभावनाएं’ पैदा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
तिरुवनंतपुरम के समीप अटिंगल में संवाददाताओं से बातचीत में सतीशन ने दृढ़तापूर्वक कहा कि भाजपा इन सारी तिकड़मों के बावजूद लोकसभा चुनाव के दौरान राज्य में अपने पैर नहीं जमा पायेगी।
उन्होंने वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के संयोजक ई.पी. जयराजन के पिछले बयान का भी हवाला दिया कि केरल में कई निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा दूसरे नंबर पर आयेगी और उसके कई प्रत्याशी अच्छे हैं।
उन्होंने कहा कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता जयराजन ने जो कुछ कहा है, वैसा कोई विचार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के सुरेंद्रन या उनकी पार्टी ने व्यक्त नहीं किया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विजयन केंद्र में सत्तारूढ़ ‘भाजपा को खुश करने’ के चक्कर में ‘बेचारे’ जयराजन को ऐसा बयान देने के लिए बाध्य कर रहे हैं।
सतीशन ने आरोप लगाया कि विजयन विभिन्न मामलों में जांच को लेकर आशंकित हैं, इसलिए वह ‘‘भाजपा के लिए संभावनाएं पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।’
त्रिशूर लोकसभा सीट पर त्रिकोणीय मुकाबले का उल्लेख करते हुए सतीशन ने दावा किया कि मध्य केरल की इस सीट पर संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के उम्मीदवार और दिवंगत कांग्रेस नेता के करुणाकरण के बेटे के. मुरलीधरन विजयी होंगे।
भाजपा की तरफ से अभिनेता से नेता बने सुरेश गोपी, यूडीएफ की तरफ से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं वटकारा से मौजूदा सांसद के मुरलीधरन और एलडीएफ की तरफ से पूर्व मंत्री एवं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकापा) के नेता वीएस सुनील कुमार, त्रिशूर लोकसभा सीट से उम्मीदवार हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘ भाजपा केरल में कहीं पैर नहीं जमा पायेगी। यदि भाजपा और माकपा आपस में हाथ मिला लेती हैं तो भी यूडीएफ उम्मीदवार त्रिशूर में विजयी होगा। वे दूसरे नंबर पर भी नहीं आयेंगे।
सतीशन ने तिरुवनंतपुरम से भाजपा प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर के साथ जयराजन के कारोबारी रिश्ते के बारे में अपना आरोप दोहराया। दोनों ही नेताओं ने इस आरोप का खंडन किया है।
इसी बीच, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की राज्य इकाई के सचिव एम.वी. गोविंदन ने कहा कि केरल में राजनीतिक मुकाबला माकपा के नेतृत्व वाले एलडीएफ और कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ के बीच है और उन्होंने स्वयं एवं मुख्यमंत्री विजयन ने इस मामले पर पार्टी का रुख स्पष्ट किया था।
गोविंदन ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ केरल में किसी भी निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा निर्णायक प्रभाव या जीतने की स्थिति नहीं है। उसे सभी 20 निर्वाचन क्षेत्रों में हार का सामना करना पड़ेगा।’’
विपक्ष के नेता के आरोपों पर गोविंदन ने कहा, ‘‘ अगर आपके पास जयराजन के खिलाफ सबूत हैं तो पेश करें। जयराजन खुद जवाब दे सकते हैं।’’
माकपा नेता ने कहा, ‘‘ डरने की कोई बात नहीं है।’’
भाषा खारी