भाजपा उम्मीदवारों ने गिनाईं अपनी 100 दिनों की प्राथमिकताएं
योगेश नरेश
- 18 Mar 2024, 05:32 PM
- Updated: 05:32 PM
नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) दिल्ली की सात लोकसभा सीटों के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवारों ने सोमवार को अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से सांसद चुने जाने के बाद स्वास्थ्य और शैक्षणिक सुविधाओं में सुधार सहित अपनी 100 दिनों की प्राथमिकताओं का खाका पेश किया।
एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दिल्ली की भाजपा इकाई के प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा ने दावा किया कि भाजपा के सभी सात उम्मीदवार इस बार बड़े अंतर से जीतेंगे।
नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रही बांसुरी स्वराज ने अपनी प्राथमिकताएं गिनाईं, जिनमें एक 'स्टार्ट अप हब' का निर्माण और महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों को मजबूत करना शामिल है।
स्वराज ने कहा कि महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रौद्योगिकी का लाभ उठाना और पुलिस द्वारा निगरानी के लिए 'ड्रोन' का उपयोग करना उनकी अन्य प्राथमिकताओं में शामिल होगा।
उत्तर पूर्वी दिल्ली के उम्मीदवार मनोज तिवारी ने कहा कि सिग्नेचर ब्रिज, सांसद के रूप में उनके पिछले कार्यकाल में पूरा हुआ था और वह क्षेत्र में मेट्रो ट्रेन भी लाए थे। तिवारी ने कहा कि एक खूबसूरत 'रिवरफ्रंट 100 दिनों में पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में भीड़भाड़ को दूर करने के लिए भी काम किया जा रहा है।
तिवारी ने कहा कि मेट्रो के चौथे चरण का काम अगले कुछ महीनों में शुरू हो जाएगा और उन्होंने कहा कि हाल ही में उन्होंने एक केंद्रीय विद्यालय का उद्घाटन किया है और दो और केंद्रीय विद्यालय बनाए जा रहे हैं।
दक्षिणी दिल्ली के उम्मीदवार रामवीर बिधूड़ी ने कहा कि बदरपुर विधानसभा क्षेत्र में छह लेन का राजमार्ग पूरा होने वाला है और इसमें 70 प्रतिशत काम हो चुका है।
उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं का हवाला देते हुए कहा कि दक्षिणी दिल्ली में 69 अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने के अलावा यातायात की स्थिति में सुधार के लिए 'मास्टर प्लान' के अनुसार सड़कों का निर्माण किया जाएगा।
पूर्वी दिल्ली से भाजपा उम्मीदवार हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि उनकी प्राथमिकताओं में झुग्गीवासियों को घर उपलब्ध कराना और यमुना की सफाई और उसका कायाकल्प करना शामिल होगा। मल्होत्रा ने कहा कि स्वास्थ्य और शैक्षणिक सुविधाओं में सुधार अन्य प्राथमिकताएं हैं जिन पर वह पूर्वी दिल्ली से जीतने के बाद काम करेंगे।
पश्चिमी दिल्ली से उम्मीदवार कमलजीत सहरावत ने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने निर्वाचन क्षेत्र में बहुत काम किया है। उन्होंने कहा एक्सप्रेसवे जिसका हाल ही में उद्घाटन हुआ है वह पश्चिमी दिल्ली की जीवन रेखा बन गया है।
सहरावत ने कहा कि उनकी प्राथमिकताओं में यातायात समस्याओं का समाधान, ढांसा बॉर्डर तक और नजफगढ़ से नांगलोई तक मेट्रो का विस्तार शामिल है।
आरक्षित उत्तर पश्चिम सीट से चुनाव लड़ रहे भाजपा उम्मीदवार योगेंद्र चंदोलिया ने कहा कि उन्होंने एक 'होम्योपैथिक' अस्पताल का उद्घाटन किया और कहा कि वह नरेला और बवाना में मेट्रो विस्तार के लिए काम करेंगे।
चंदोलिया ने अपनी प्राथमिकताएं गिनाईं और कहा कि खेल विश्वविद्यालय के काम में तेजी लाने, किराड़ी में जल जमाव की समस्या का समाधान करने, यातायात की भीड़ को दूर करने के लिए अंडरपास और ओवरब्रिज सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे।
चांदनी चौक से उम्मीदवार प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा के सभी उम्मीदवार दिल्ली को एक बेहतर शहर बनाने के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि वह सांसद बनने के 100 दिनों के भीतर दिल्ली के मुख्य बाजारों में सौंदर्यीकरण और बुनियादी ढांचे के विकास पर ध्यान केंद्रित करेंगे और बिजली के लटकते तारों की समस्या से निपटने का प्रयास करेंगे।
भाषा
योगेश