दिल्ली जल बोर्ड से जुड़े 'फर्जी' मामले में ईडी ने केजरीवाल को बुलाया: आतिशी
रवि कांत धीरज
- 17 Mar 2024, 04:58 PM
- Updated: 04:58 PM
(तस्वीर के साथ)
नयी दिल्ली, 17 मार्च (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) की वरिष्ठ नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने रविवार को आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) से जुड़े एक 'फर्जी' मामले में अपनी जांच में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नया समन भेजा है।
आतिशी ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में दावा किया, ‘‘कोई नहीं जानता कि डीजेबी का यह मामला किस चीज को लेकर है। यह किसी भी तरह केजरीवाल को गिरफ्तार करने और उन्हें लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार करने से रोकने की एक वैकल्पिक योजना लगती है।”
आतिशी के इस दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) स्वतंत्र रूप से काम कर रहा है। उन्होंने केजरीवाल पर बार-बार कानून का उल्लंघन करने का भी आरोप लगाया।
आतिशी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा के कुछ घंटों बाद शनिवार को दो समन मिले जिनमें केजरीवाल को अगले सप्ताह संघीय एजेंसी के सामने पेश होने के लिए कहा गया है।
उन्होंने कहा कि इनमें से एक आबकारी नीति मामले से जुड़ा है और दूसरा डीजेबी से संबंधित है।
‘आप’ नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक विरोधियों को खत्म करने के लिए ईडी और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को अपने ‘गुंडों’ के रूप में इस्तेमाल कर रही है।
इस पर ईडी और सीबीआई की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
ईडी ने दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) में कथित अनियमितताओं से जुड़े धनशोधन मामले की जांच के सिलसिले में केजरीवाल को 18 मार्च को पूछताछ के लिए बुलाया है।
धनशोधन रोधी कानून के तहत दर्ज यह दूसरा मामला है जिसमें ‘आप’ के 55 वर्षीय राष्ट्रीय संयोजक को बुलाया गया है।
उन्हें दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में भी पूछताछ के लिए समन जारी किया गया है। केजरीवाल इस मामले में अब तक आठ समन को अवैध बताते हुए एजेंसी के सामने पेश नहीं हुए हैं। आबकारी नीति मामले में एक ताजा और इस तरह का नौवें समन में केजरीवाल को 21 मार्च को ईडी जांच अधिकारी के सामने पेश होने के लिए कहा गया है।
दिल्ली की एक अदालत ने आबकारी नीति मामले में समन की अवहेलना करने के लिए एजेंसी की ओर से दायर दो शिकायतों पर केजरीवाल को शनिवार को जमानत दे दी।
‘आप’ के विधायक दिलीप पांडे ने कहा, ‘‘यह बेहद हास्यास्पद है कि ईडी खुद केजरीवाल के खिलाफ अदालत पहुंची लेकिन अदालत के आदेश का इंतजार नहीं कर रही है। केजरीवाल ने कहा था कि वह बजट सत्र के बाद अदालत में पेश होंगे और कल वह अदालत में पेश हुए। ईडी का बार-बार समन भेजना भाजपा की हताशा को दर्शाता है।’’
आप नेताओं द्वारा लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, ‘‘ शराब घोटाला मामले में अरविंद केजरीवाल के पूर्व उपमुख्यमंत्री एक साल से अधिक समय से जेल में हैं, जबकि एक अन्य सांसद भी लंबे समय से जेल में हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी की ओर से बार-बार कहा जा रहा है कि आबकारी नीति में कोई घोटाला नहीं हुआ है। यह अपने आप में हास्यास्पद है।’’
भाषा रवि कांत