सात कंपनियां इस सप्ताह आईपीओ से 6,400 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में
अजय
- 16 Aug 2026, 03:04 PM
- Updated: 03:04 PM
नयी दिल्ली, 16 अगस्त (भाषा) आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) बाजार में एक बार फिर हलचल बढ़ने वाली है। इस सप्ताह सात कंपनियां आईपीओ के जरिये सामूहिक रूप से करीब 6,400 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में हैं। इनमें ब्लैकस्टोन समर्थित होराइजन इंडस्ट्रियल पार्क्स और ललिता ज्वेलरी मार्ट भी शामिल हैं।
होराइजन इंडस्ट्रियल पार्क्स और ललिता ज्वेलरी मार्ट के आईपीओ 17 अगस्त को खुलेंगे। होराइजन इंडस्ट्रियल पार्क्स 2,600 करोड़ रुपये का आईपीओ ला रही है, जिसका मूल्य दायरा 57 रुपये से 60 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। कंपनी आईपीओ से जुटाई गई पूरी राशि का इस्तेमाल कर्ज चुकाने में करेगी।
वहीं, ललिता ज्वेलरी मार्ट ने अपने 1,700 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए 190 रुपये से 201 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। इसमें 1,200 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे। साथ ही इसमें 500 करोड़ रुपये तक की बिक्री पेशकश (ओएफएस) भी शामिल है।
इसके बाद 18 अगस्त को शंकेश ज्वेलर्स और सनशाइन पिक्चर्स के आईपीओ खुलेंगे। शंकेश ज्वेलर्स का निर्गम 367 करोड़ रुपये का है और इसका मूल्य दायरा 88 रुपये से 93 रुपये प्रति शेयर है। सनशाइन पिक्चर्स 282 करोड़ रुपये जुटाएगी और इसके शेयर का मूल्य दायरा 342 रुपये से 360 रुपये तय किया गया है।
बाद में 19 अगस्त को गाजा अल्टरनेटिव एसेट मैनेजमेंट का 550 करोड़ रुपये का आईपीओ खुलेगा। कंपनी गाजा कैपिटल ब्रांड के तहत काम करती है। आईपीओ में 450 करोड़ रुपये तक के नए शेयर और 100 करोड़ रुपये तक की बिक्री पेशकश शामिल है। शेयर का मूल्य दायरा 152 रुपये से 160 रुपये प्रति शेयर रखा गया है। इसके बाद 20 अगस्त को टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स (इंडिया) का आईपीओ खुलेगा। कंपनी 95 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी करेगी, जबकि 1.85 करोड़ शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) भी इसमें शामिल होगी। ऑगमॉन्ट एंटरप्राइजेज का 825 करोड़ रुपये का आईपीओ 21 अगस्त को खुलेगा। कुल मिलाकर ये सातों कंपनियां आईपीओ के जरिये 6,400 करोड़ रुपये जुटाने की उम्मीद कर रही हैं।
उद्योग के आंकड़ों के अनुसार, इन आईपीओ के साथ 2026 में अब तक सार्वजनिक निर्गम लाने वाली कंपनियों की संख्या बढ़कर 55 होने की उम्मीद है। कंपनियां आईपीओ से प्राप्त धन का इस्तेमाल मुख्य रूप से कारोबार विस्तार, पूंजीगत व्यय, कर्ज भुगतान और अन्य कंपनी कामकाज के लिए करती हैं।
भाषा अजय पाण्डेय
अजय
1608 1504 दिल्ली