युवक की हत्या के बाद शाहजहांपुर में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात
राजकुमार
- 04 Aug 2026, 09:52 PM
- Updated: 09:52 PM
शाहजहापुर (उप्र), चार अगस्त (भाषा) शाहजहांपुर के कांट कस्बे में एक हिंदू युवक की हत्या के मामले में मंगलवार को तनाव बरकरार रहने के बीच संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बलों की तैनाती की गई है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने इस मामले में जांच का दायरा बढ़ाकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेन्द्र कुमार ने कहा कि इस घटना के बाद कांट कस्बे में पीएसी की दो कंपनियां और करीब 120 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि इस तैनाती की निगरानी वरिष्ठ अधिकारियों और क्षेत्राधिकारी (सदर) द्वारा की जा रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
एक हिंदू युवक की कथित रूप से चाकुओं से गोदकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस जांच में युवक की पूर्व प्रेमिका और कई अन्य लड़के भी शामिल लिप्त गए हैं। पुलिस इस मामले में मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को जेल भेज चुकी है।
कांट कस्बे में शुक्रवार की रात गौतम मौर्य की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई थी और आरोपी समीर अली ने हत्या का जुर्मा स्वीकार किया था जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था।
इस घटना से क्षेत्र में काफी तनाव पैदा हो गया था और घटना के दूसरे दिन परिजनों और ग्रामीणों ने पलिया जलालाबाद हाईवे आठ घंटे तक जाम कर दिया था। इस दौरान उपद्रवियों ने एक समुदाय विशेष की दुकानों को भी निशाना बनाने का प्रयास किया जिसे पुलिस ने विफल कर दिया था।
मुस्लिम समुदाय के एक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि इस घटना के दूसरे दिन उनके समुदाय के लोगों की दुकानों पर पथराव किया गया। हालांकि, 'पीटीआई-भाषा' इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सकी है।
पुलिस सूत्रों ने बताया की इसी मामले में अब एक युवती का नाम प्रकाश में आया है। गिरफ्तार किए गए समीर के मोबाइल की जब पुलिस ने जांच की तो पाया कि उस युवती से आरोपी काफी लंबी बातचीत करता था और हत्या वाले दिन भी अंतिम बार उसने युवती से बात की थी। मोबाइल में मिली रिकॉर्डिंग के मुताबिक इस हत्याकांड में युवती भी राजदार थी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पूर्व में मौर्य और आरोपी दोनों दोस्त थे और मृतक का प्रेम संबंध इसी युवती से था लेकिन कुछ दिनों पहले दोनों में अलगाव हो गया था जिसके बाद युवती का संबंध आरोपी समीर से हो गया।
समीर और युवती के बीच संबंध से मौर्य काफी नाराज था। इसी बात को लेकर आरोपी ने अपनी इंस्टाग्राम पर एक स्टेटस भी लगाया था जिसमें उसने कहा था कि "5 अगस्त 2026 को वह मार देगा।" इसके बाद जब शुक्रवार को समीर ने गौतम मौर्य की कथित तौर पर हत्या कर दी । उसके बाद भी इंस्टाग्राम पर स्टेटस लगा दिया "मार दिया"।
पुलिस के मुताबिक आरोपी समीर काफी दिनों से मौर्य को मारने की फिराक में था और उसे शराब भी पिलाता था लेकिन वह अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका। इस मामले में एक अन्य लड़का मौर्य और आरोपी के बीच विवाद खत्म करने का प्रयास कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक इस घटना में युवती के अलावा कई अन्य हिंदू युवकों के नाम भी सामने आये हैं।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने मंगलवार को 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि हत्याकांड में समीर को पुलिस ने गिरफ्तार करके विधिक कार्यवाही के तहत जेल भेज दिया है, इसके अलावा लियाकत अली, तदीम तथा राजा को भी गिरफ्तार करके विधिक कार्यवाही के तहत जेल भेजा जा चुका है।
उन्होंने कहा कि पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है जिसके लिए उन्होंने तीन टीम का गठन किया है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कस्बे में शांति व्यवस्था कायम है लेकिन ऐतिहातन पुलिस और पीएसी बल तैनात किया गया है और संवेदनशील इलाकों में पुलिस कड़ी निगरानी कर रही है।
भाषा सं राजेंद्र
राजकुमार
राजकुमार
0408 2152 शाहजहांपुर