नजारा टेक पहली तिमाही में 82.47 करोड़ रुपये के घाटे में, नीतीश मित्तरसैन ने सीईओ पद छोड़ा
अजय
- 04 Aug 2026, 04:25 PM
- Updated: 04:25 PM
नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) गेमिंग एवं खेल मीडिया मंच नजारा टेक्नोलॉजीज ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 82.47 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध घाटा दर्ज किया है।
वित्त वर्ष 2025-26 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में कंपनी को 51.34 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की परिचालन आय 14 प्रतिशत घटकर 428.77 करोड़ रुपये रह गई जो एक वर्ष पहले की समान अवधि में 498.77 करोड़ रुपये थी।
तिमाही आधार पर कंपनी का राजस्व 7.8 प्रतिशत बढ़ा। वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी (जनवरी-मार्च) तिमाही में कंपनी ने 55.7 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था।
कंपनी ने कहा कि उसके राजस्व में दर्ज गिरावट का मुख्य कारण अगस्त, 2025 से नॉडविन (एनओडीडब्ल्यूआईएन) गेमिंग के वित्तीय परिणामों का एकीकृत वित्तीय विवरणों में शामिल नहीं होना है।
बयान में कहा गया कि यदि नॉडविन गेमिंग को अलग रखा जाए तो तुलनीय आधार पर उसका एकीकृत राजस्व सालाना आधार पर लगभग नौ प्रतिशत बढ़ा है।
कंपनी ने साथ ही घोषणा की कि नीतीश मित्तरसैन ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) के पद से इस्तीफा दे दिया है। वह एक सितंबर, 2026 से सीईओ पद से हट जाएंगे। हालांकि, वह कंपनी के प्रबंध निदेशक (एमडी) के रूप में कार्यरत रहेंगे।
कंपनी के निदेशक मंडल ने रेमंड अल्बालादेजो स्टॉफर को नीतीश मित्तरसैन के उत्तराधिकारी के रूप में नया सीईओ नियुक्त करने को मंजूरी दे दी है।
मित्तरसैन ने कहा, '' कंपनी के विकास के दो अलग-अलग चरणों में नेतृत्व करने और इसे एक उद्यमशील गेमिंग कंपनी से विकसित होकर कहीं बड़ी तथा तेजी से वैश्विक बनती गेमिंग मंच के रूप में स्थापित होते देखने के बाद मेरा मानना है कि अब नेतृत्व संरचना को और मजबूत करने का सही समय है। इसके लिए ऐसे समर्पित मुख्य कार्यपालक अधिकारी की आवश्यकता है, जिसके पास अंतरराष्ट्रीय स्तर पर परिचालन का अच्छा अनुभव हो और जो पूरे समूह के दैनिक परिचालन का प्रभावी नेतृत्व कर सके।''
स्टॉफर गूगल के पूर्व कार्यकारी रह चुके हैं और ब्लूटाइल गेम्स तथा बेस्टप्ले सिस्टम्स के संस्थापक हैं।
मार्च, 2026 में नजारा ने घोषणा की थी कि उसकी ब्रिटेन स्थित अनुषंगी कंपनी स्पेन की सोशल गेमिंग कंपनियों ब्लूटाइल गेम्स और बेस्टप्ले सिस्टम्स में 50 प्रतिशत नियंत्रक हिस्सेदारी 10.03 करोड़ अमेरिकी डॉलर (लगभग 918 करोड़ रुपये) में खरीदेगी।
अब कंपनी के निदेशक मंडल ने इस अधिग्रहण की शर्तों में संशोधन किया है।
इसके तहत कंपनी अब दोनों कंपनियों की 100 प्रतिशत शेयर पूंजी 30.30 करोड़ अमेरिकी डॉलर (लगभग 2,909 करोड़ रुपये) में नकद खरीदेगी।
इसके अलावा, निदेशक मंडल ने अनुषंगी कंपनी फंकी मंकीज प्ले सेंटर में 9.9 करोड़ रुपये तक का अतिरिक्त निवेश करने को मंजूरी दी है जिससे उसमें उसकी हिस्सेदारी बढ़कर 68.1 प्रतिशत हो जाएगी।
निदेशक मंडल ने पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी स्मैश एंटरटेनमेंट को 24 करोड़ रुपये तक का बिना गारंटी का कर्ज देने को भी मंजूरी दी।
भाषा निहारिका अजय
अजय
0408 1625 दिल्ली