'आप' टाउन हॉल: कम ईंधन दक्षता के कारण बढ़ते खर्चों को लेकर नागरिकों ने जाहिर की चिंता
शफीक
- 01 Aug 2026, 08:49 PM
- Updated: 08:49 PM
नयी दिल्ली, एक अगस्त (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) की ई20 ईंधन के खिलाफ शनिवार को आयोजित टाउन हॉल बैठक में शामिल लोगों ने कम ईंधन दक्षता के कारण बढ़ते खर्च और वाहनों की अनुकूलता को लेकर अनिश्चितता जैसी चिंता जताईं।
कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों के एक नुक्कड़ नाटक से हुई, जिसमें एथनॉल मिश्रित पेट्रोल से जुड़ी चिंताओं को उजागर करने के लिए 'कौन बनेगा करोड़पति' और अन्य किरदारों से प्रेरित व्यंग्यात्मक प्रस्तुतियां दी गईं। इस कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल भी मौजूद थे।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने टाउन हॉल को संबोधित करते हुए पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं को सामान्य पेट्रोल और ई20 के बीच चुनाव करने का विकल्प दिया जाने की मांग की।
बिहार के रहने वाले चंदन ने कहा कि उन्होंने 2021 में पेट्रोल कार खरीदी थी और ई20 ईंधन के आम होने के बाद "मैंने पहले की तुलना में कहीं ज्यादा बार पेट्रोल भरवाया"।
उन्होंने कहा कि पुराने वाहनों के मालिकों को अब भी यह स्पष्ट नहीं है कि उनके वाहन ई20 के अनुकूल हैं या नहीं।
चंदन ने कहा कि वह चाहते हैं कि पेट्रोल पंपों पर साफ तौर पर बताया जाए कि कौन-सा पेट्रोल दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ईंधन दक्षता में थोड़ी सी कमी भी हर महीने के खर्च को बढ़ा देती है।
उत्तर प्रदेश के मूल निवासी और घर-घर खाना पहुंचाने वाली कंपनी 'जोमैटो' में दिल्ली में काम करने वाले रवि ने कहा कि पिछले दो महीनों में उनकी मोटरसाइकिल में खराबी आने लगी है, जिससे उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा, "मैं नियमित रूप से काम नहीं कर पा रहा हूं, अपनी मां को पैसे नहीं भेज पा रहा हूं और दिल्ली में अपने परिवार की ठीक से मदद भी नहीं कर पा रहा हूं। मेरी मोटरसाइकिल ही मेरी आय का एकमात्र साधन है।"
अलग-अलग राज्यों से आए प्रतिभागियों ने कहा कि वाहन मालिकों को सही निर्णय लेने में मदद करने के लिए अधिक पारदर्शिता, ईंधन की स्पष्ट जानकारी और लोगों में जागरूकता बढ़ाना जरूरी है।
दिल्ली के एक अन्य निवासी ने कहा, "अगर नए वाहनों को अधिक मात्रा में एथनॉल मिश्रित ईंधन के लिए तैयार किया गया है, तो पुराने वाहनों के मालिकों को भी सामान्य पेट्रोल का विकल्प दिया जाना चाहिए।"
कार्यक्रम में कई प्रतिभागियों ने कहा कि अधिक एथनॉल मिश्रित ईंधन अपनाने से पहले उपभोक्ताओं को बेहतर जानकारी दी जानी चाहिए और उन्हें अपने वाहन के अनुसार ईंधन चुनने की अनुमति मिलनी चाहिए।
भाषा जितेंद्र शफीक
शफीक
0108 2049 दिल्ली