आंध्र विनिर्माण केंद्र बनने के लिए तैयार: प्रधानमंत्री मोदी ने भोगपुरम हवाईअड्डे के उद्घाटन पर कहा
नेत्रपाल
- 01 Aug 2026, 05:20 PM
- Updated: 05:20 PM
विशाखापत्तनम, एक अगस्त (भाषा) आंध्र प्रदेश में विकास की संभावनाओं पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि वैश्विक कंपनियां राज्य में मौके तलाश रही हैं, जो विनिर्माण गतिविधियों का केंद्र बन सकता है।
भोगपुरम में नए हवाई अड्डे का उद्घाटन करने और 18,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि यह हवाई अड्डा आंध्र प्रदेश, खासकर उत्तरी क्षेत्र के विकास के लिए "रनवे" का काम करेगा।
अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण 5,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किया गया है। इसकी शुरुआती वार्षिक यात्री प्रबंधन क्षमता 60 लाख यात्रियों की है, जिसे भविष्य में बढ़ाकर चार करोड़ यात्रियों तक किया जा सकता है।
उन्होंने कहा, "गूगल ने (विशाखापत्तनम में) 15 अरब डॉलर के एआई और क्लाउड अवसंरचना परिसर की भी घोषणा की है। कई अन्य वैश्विक कंपनियां भी नयी संभावनाओं पर विचार कर रही हैं। इससे आंध्र प्रदेश और देश के युवाओं को बहुत फायदा होगा।"
मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार नाका पल्ली में एक बड़े फार्मा पार्क के लिए भी सहायता कर रही है, जिसे आंध्र प्रदेश में एक बड़े फार्मा केंद्र के तौर पर विकसित किया जाना है।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि देश के विमानन सेक्टर ने पिछले 12 साल में असाधारण प्रगति की है और हवाई अड्डों की संख्या 74 से बढ़कर 166 से ज्यादा हो गई है।
मोदी के अनुसार, वैश्विक कंपनियां आंध्र प्रदेश में मौके तलाश रही हैं और इससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
हाल ही में आंध्र प्रदेश के लिए दो लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं की घोषणा की गई है और राज्य में एक लाख करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर काम जारी है।
उन्होंने कहा कि देश की 'नीली अर्थव्यवस्था' पहल तेजी पकड़ रही है, जिससे उत्तरी आंध्र प्रदेश के एक "तटीय आर्थिक गलियारे" के तौर पर उभरने की राह बन रही है।
प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि आंध्र प्रदेश में विनिर्माण और दवा उद्योग का केंद्र बनने की क्षमता है।
इस बीच, मोदी ने कांग्रेस और गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए कहा, "पहले हवाई अड्डों का नाम सिर्फ एक ही परिवार के नाम पर रखा जाता था।"
क्षेत्रीय हवाई संपर्क योजना 'उड़ान' का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि छोटे शहरों के लोगों के लिए हवाई यात्रा का मौका है।
मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण के नेतृत्व में, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की पूरी टीम आंध्र प्रदेश के लिए दोगुनी रफ्तार से काम कर रही है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, चंद्रबाबू नायडू और केंद्रीय मंत्री के. राम मोहन नायडू के साथ एक खुली गाड़ी में कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जहां लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
भाषा प्रशांत नेत्रपाल
नेत्रपाल
0108 1720 विशाखापत्तनम