भोगपुरम हवाई अड्डा उत्तरी आंध्र का 'गहना': मुख्यमंत्री
दिलीप
- 01 Aug 2026, 08:44 PM
- Updated: 08:44 PM
भोगपुरम (आंध्र प्रदेश), एक अगस्त (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को विजयनगरम के भोगपुरम में नवउद्घाटित अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को उत्तरी आंध्र का 'गहना' बताया और कहा कि यह इस क्षेत्र की आर्थिक तस्वीर बदल देगा।
लगभग 5,000 करोड़ रुपये की लागत से बने इस हवाई अड्डे का उद्घाटन आज दिन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया।
नायडू ने हवाई अड्डे के उद्घाटन के बाद यहां एक जनसभा में अपने संबोधन में कहा, ''भोगपुरम हवाई अड्डा उत्तरी आंध्र का गहना है... भोगपुरम हवाई अड्डा उत्तरी आंध्र की तस्वीर और भविष्य को बदल देगा। ठीक उसी तरह जैसे शम्साबाद हवाई अड्डे ने तेलंगाना का कायाकल्प कर दिया था।''
प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री नायडू और अन्य नेता एक खुली गाड़ी में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, जहां 13,500 आदिवासी महिलाओं ने पारंपरिक ढिमसा नृत्य करके उनका स्वागत किया।
नायडू ने कहा कि आज राज्य के आदिवासी बच्चों ने 'गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड' और 'वर्ल्ड बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स' में रिकॉर्ड बनाने के लिए ढिमसा नृत्य किया।
इस परियोजना के लिए अपनी जमीन देने वाले भोगपुरम के किसानों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नायडू ने कहा कि उन्होंने न केवल ज़मीन दी, बल्कि एक समृद्ध भविष्य भी सुनिश्चित किया।
नायडू ने भोगपुरम हवाईअड्डे को 'सचमुच खास' बताते हुए कहा कि यह हर कदम पर तेलुगु संस्कृति की झलक दिखाता है और इसकी अवस्थिति भी अनोखी है - एक तरफ पहाड़ और दूसरी तरफ समुद्र।
मुख्यमंत्री के अनुसार, उत्तर आंध्र क्षेत्र में 6.13 लाख करोड़ रुपये के निवेश का वादा मिला है, जिससे पांच लाख से ज़्यादा नौकरियां पैदा होने की उम्मीद है।
वाईएसआरसीपी प्रमुख वाई एस जगन मोहन रेड्डी पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए नायडू ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों का कहना था कि यहां बस भी नहीं चलेगी, लेकिन अब एयरबस उतरेगी।
उन्होंने विशाखापत्तनम इस्पात संयंत्र (वीएसपी) को बचाकर, रेलवे जोन (दक्षिण तटीय रेलवे जोन) को मंजूरी देकर, पोलावरम सिंचाई परियोजना को पुनर्जीवित करके और अमरावती की नई राजधानी के निर्माण कार्य को फिर से शुरू करके 'जीवनरक्षक प्रणाली पर' पड़े आंध्र प्रदेश की मदद करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया।
प्रधानमंत्री के पांच दशक लंबे राजनीतिक करियर की तारीफ़ करते हुए नायडू ने कहा कि मोदी ही एकमात्र ऐसे नेता हैं, जिनमें दुर्लभ 'स्पष्टता' है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भारत के लिए 'सही समय पर, सही जगह पर, सही व्यक्ति' हैं। उन्होंने उन्हें एक वरदान बताया।
मोदी की आलोचना करने वालों पर निशाना साधते हुए नायडू ने उनसे सवाल किया कि उन्होंने देश के लिए क्या योगदान दिया है।
उन्होंने कहा, ''मोदी में भारत को दुनिया में नंबर वन बनाने की क्षमता है और तेलुगु समाज में इतिहास रचने की ताकत है। आइए, अल्लूरी सीताराम राजू से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ें। केंद्र और राज्य दोनों मिलकर आगे बढ़ेंगे।''
एक अन्य बयान में जीएमआर समूह ने बताया कि भोगपुरम हवाई अड्डे से 17 अगस्त से वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन शुरू होगा। शुरुआती दौर में इसकी वार्षिक यात्री क्षमता 60 लाख होगी और इसे बढ़ाकर चार करोड़ किया जाएगा।
भाषा राजकुमार दिलीप
दिलीप
0108 2044 भोगपुरम