भाजपा नेता की सोशल मीडिया पोस्ट देश के युवाओं के संदर्भ में नहीं थी: मुख्यमंत्री सावंत
पवनेश
- 22 Jul 2026, 10:41 PM
- Updated: 10:41 PM
पणजी, 22 जुलाई (भाषा) गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने भाजपा की प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष नरेन्द्र सवाईकर की विवादित पोस्ट ''दीमकों के साथ कॉकरोच'' का बचाव करते हुए बुधवार को कहा कि यह देश के युवाओं के संदर्भ में नहीं थी।
सवाईकर ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर भारत के मानचित्र की एक तस्वीर साझा की, जिसमें उसे दीमकों और कॉकरोच से भरा हुआ दिखाया गया है। तस्वीर के साथ लिखे संदेश में कहा गया, "दीमकों के साथ कॉकरोच! राष्ट्र को बचाइए!''
सावंत ने यहां पत्रकारों से कहा कि राजनीतिक कारणों से इस पोस्ट का गलत अर्थ निकाला जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ''पोस्ट में इस्तेमाल किए गए 'कॉकरोच' या 'दीमक' जैसे शब्दों का युवाओं से कोई संबंध नहीं है। कुछ लोग बयानों की व्याख्या अपनी राजनीतिक सोच के अनुसार करते हैं और उन्हें हर मुद्दे का राजनीतिकरण करने की आदत है।''
विपक्षी दलों ने मंगलवार को आरोप लगाया था कि सवाईकर की पोस्ट युवाओं को निशाना बनाकर की गई थी।
कांग्रेस ने मंगलवार को मांग की थी कि सवाईकर 24 घंटे के भीतर माफी मांगें।
इस बीच सवाईकर की सोशल मीडिया पोस्ट के विरोध में बुधवार को सैकड़ों युवाओं ने पणजी में जोरदार प्रदर्शन किया।
गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जीपीसीसी) के अध्यक्ष गिरीश चोडणकार, पार्टी के राज्य कार्यकारी अध्यक्ष सुनील कावठणकर, गोवा प्रदेश यूथ कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अर्चित नाइक और गोवा कांग्रेस के प्रवक्ता अमित पालेकर सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में युवा आजाद मैदान में एकत्र हुए।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए पणजी के एक पार्षद जैक सुखिया ने कहा, "किसी भी सरकार के लिए अपनी साख साबित करने के लिए 15 साल का समय बहुत होता है। केंद्र और राज्य दोनों ही सरकारें पूरी तरह विफल साबित हुई हैं और अब समय आ गया है कि उन्हें सत्ता से बाहर किया जाए।"
गोवा प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की पूर्व अध्यक्ष प्रतिमा कौटिन्हो ने आरोप लगाया कि सरकार दिल्ली में चल रहे आंदोलन को अलग रंग देने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा, "लेकिन प्रदर्शनकारियों की मांग बिल्कुल स्पष्ट और सीधी है, केंद्र सरकार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत बर्खास्त करना चाहिए।"
भाषा
सुमित पवनेश
पवनेश
2207 2241 पणजी